प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2020 को बड़ी उठापटक वाला साल बताते हुए कहा कि कोरोना संक्रमण फैलने से हालात जितनी तेजी से बिगड़े थे अब उतनी ही तेजी से सुधार भी हो रहा है। जनवरी-फरवरी में देश अज्ञात दुश्मन से लड़ रहा था। हर व्यक्ति की बस यही चिंता थी कि सब कैसे ठीक होगा। लेकिन दिसंबर आते आते स्थिति बदली नजर आ रही है।
प्रधानमंत्री ने फिक्की की 93वीं वार्षिक आम बैठक में कहा, हमारे पास अब (इसका) जवाब भी है और (आगे के लिए) एक कार्ययोजना भी। उन्होंने कहा, ‘कोरोना वायरस महामारी के दौरान भारत ने अपने लोगों के जीवन को बचाने को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। इस दौरान भारत की नीति और निर्णयों से पूरी दुनिया चकित हुई।’ पीएम मोदी ने कहा, आर्थिक सूचकांक हौसला और उत्साह बढ़ाने वाले नजर आ रहे हैं। संकट के समय देश ने जो सीखा है उसने भविष्य के संकल्पों को और दृढ़ किया है। वैश्विक महामारी के दौरान एक सबक और इतिहास जुड़ा होता है। इसका श्रेय भारत के उद्यमी, युवाओं और किसानों को जाता है। भारतीय अर्थव्यवस्था के प्रति निवेशकों के भरोसे का जिक्र करते हुए कहा, प्रत्य्रक्ष विदेशी निवेश (एफपीआई), विदेशी पोर्टफोलियो निवेश (एफपीआई) समेत विदेशी निवेशकों का रिकार्ड निवेश भारत में हो रहा है।
आत्मनिर्भर भारत ने कुशलता और क्षमता बढ़ाई
प्रधानमंत्री ने आत्मनिर्भर भारत अभियान का जिक्र करते हुए कहा, यह हर क्षेत्र में कुशलता और क्षमता बढ़ा रहा है। इसके तहत प्रौद्योगिकी को नई ऊर्जा देने पर बल दिया गया। उन्होंने कहा, जिन क्षेत्रों में भारत अग्रणी बन सकता है उन क्षेत्रों का और बढ़ावा देने के लिए उत्पादन से जुड़ी योजना शुरू की गई है। जो जितना असुरक्षित होता है वह अपने आस पास के लोगों को अवसर देने से डरता है। लेकिन जनता के भारी समर्थन से बनी सरकार का अपना ही विश्वास होता है।
सरकार जितनी निर्णायक होती है वह दूसरों के लिय उतने अवसर उपलब्ध कराती है। निर्णायक आत्मविश्वास से भरी सरकार यह नहीं चाहती कि सारा नियंत्रण अपने पास ही रखे, पहले की सरकारों ने ऐसा ही किया। घड़ी, टेलीविजन से लेकर डबलरोटी और केक बनाने के काम भी खुद किए। इस सोच ने बड़ी दुर्गति की। लेकिन निर्णायक सरकार दूसरों को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित कर रही है।
भारत में कंपनी कर की दरें दुनिया में सबसे प्रतिस्पर्धी
पीएम मोदी ने कहा, भारत हर क्षेत्र में सुधारों को आगे बढ़ा रहा है। हमारे यहां कंपनी कर की दरें आज दुनिया में सबसे प्रतिस्पर्धी हैं। भारत देश के उद्यमियों के सामर्थ पर भरोसे के साथ आगे बढ़ रहा है। कोई भी क्षेत्र हो अवसरों की कमी नहीं है। ग्रामीण भारत की तस्वीर बदली है। ग्रामीण भारत बड़े बदलाव से गुजरा है।
फिक्की की अध्यक्ष संगीता रेड्डी ने इस मौके पर पीएम मोदी का स्वागत करते हुए कहा, देश को मौजूदा समय में प्रतिस्पर्धी बने रहने की आवश्यकता है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में विभिन्न क्षेत्रों में सुधारों को आगे बढ़ाया गया और जीएसटी जैसे बड़े सुधार किए गए। पीएम मोदी ने इस मौके पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये ‘फिक्की वार्षिक एक्सपो 2020’ का भी शुभारंभ किया।