West Bengal CM Mamata Banerjee
- फोटो : PTI
राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) की अध्यक्ष रेखा शर्मा ने कहा कि यदि पश्चिम बंगाल प्रशासन प्रदेश की 267 शिकायतों पर 15 दिन के अंदर जवाब देने में नाकाम रहता है तो इन मामलों का विस्तृत ब्योरा केंद्रीय गृह मंत्रालय को सौंपा जाएगा।
एनसीडब्ल्यू प्रमुख 267 शिकायतों पर निष्क्रियता की जांच के लिए राज्य के दो दिवसीय दौरे पर हैं। इनमें दो शिकायतें वे भी हैं जिनके सिलसिले में आयोग ने स्वयं पहल की।
उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में चिंताजनक हालत यह है कि पुलिस जवाब नहीं देती और न ही इन पर कोई कार्रवाई की गई। न तो पुलिस महानिदेशक और न ही मुख्य सचिव हमारे साथ बैठक करते हैं और ऐसा पहली बार नहीं हुआ है। वे अपने अधीनस्थ को भेज देते हैं जो हर चीज के बारे में अनजान होते हैं।
उन्होंने कहा कि पिछले आठ महीने में 260 से अधिक शिकायतें आईं लेकिन हमें कोई रिपोर्ट नहीं भेजी गई। उन्होंने कहा कि वह मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को लिखेंगी और यदि आयोग को इन शिकायतों पर 15 दिन के अंदर कोई जवाब नहीं मिलता है तो इस मामले को केंद्रीय गृह मंत्रालय के पास भेजा जाएगा। आयोग ने उत्तरी बंगाल और राज्य के जनजातीय क्षेत्रों से ‘महिलाओं की तस्करी की बढ़ती समस्या’ के बारे में चिंता प्रकट की है।