केंद्र सरकार की सबसे महत्वाकांक्षी वाली मुद्रा योजना का पीएम मोदी अक्सर अपनी जनसभाओं में करते नजर आते हैं। वहीं एक बार फिर पीएम मोदी ने इस योजना का जिक्र किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को कहा कि युवाओं को स्वरोजगार के अवसर प्रदान करने के लिए केंद्र सरकार की मुद्रा योजना के तहत अब तक 20 लाख करोड़ रुपये का कर्ज दिया गया है।
साथ ही पीएम मोदी ने कहा कि महाराष्ट्र इस स्कीम के बड़े लाभार्थियों में से एक है। महाराष्ट्र सरकार के 75,000 लोगों को रोजगार देने के उद्देश्य के तहत नियुक्ति पत्र वितरित गए। इस दौरान आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान प्रसारित एक वीडियो संदेश में पीएम मोदी ने कहा कि उनकी सरकार स्टार्ट-अप और सूक्ष्म उद्योगों को भी सहायता प्रदान कर रही है।
ग्रामीण विकास विभागों में ज्यादा से ज्यादा भर्तियां की जाएंगी
मोदी सरकार ने अप्रैल 2015 में युवाओं को ध्यान में रखते हुए गैर-कॉर्पोरेट, गैर-कृषि लघु/सूक्ष्म उद्यमों को 10 लाख रुपये तक का ऋण प्रदान करने के लिए प्रधानमंत्री मुद्रा योजना (पीएमएमवाई) योजना शुरू की गई थी। कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि ग्रामीण विकास विभागों में ज्यादा से ज्यादा भर्तियां की जाएंगी। भारत को विकसित देश बनाने में युवाओं की अहम भूमिका है। केंद्र ने 10 लाख रोजगार देने का कार्यक्रम शुरू किया है और इसी तर्ज पर महाराष्ट्र सरकार ने 75,000 लोगों को रोजगार देने की योजना शुरू की है। यह गर्व की बात है।
इंफ्रास्ट्रक्चर पर निवेश किया जा रहा है
उन्होंने कहा कि उनकी सरकार सूक्ष्म उद्योग क्षेत्र को मजबूत करने के लिए काम कर रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) को प्रोत्साहित किया जा रहा है। पिछले आठ वर्षों में, एसएचजी में काम करने वाली आठ करोड़ महिलाओं को 5.5 लाख करोड़ रुपये तक की धनराशि प्रदान की गई है। आगे कहा कि इंफ्रास्ट्रक्चर पर निवेश किया जा रहा है, इसलिए रोजगार के अवसर पैदा हो रहे हैं।