डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह को रेप के एक मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद भड़की हिंसा पर पीएम मोदी ने दुख जताया है। दुख जताते हुए पीएम नरेन्द्र मोदी ने ट्वीट कर कहा," यह हिंसा बहुत ही तकलीफदेह है। पीएम ने शांति की अपील की है।
उन्होंने कहा है कि मैं इस हिंसा की निंदा करता हूं।" प्रधानमंत्री मोदी ने कहा है कि कानून व्यवस्था की स्थिति पर बारीकी से नजर रखी जा रही है। मैंने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार और गृह सचिव के साथ स्थिति की समीक्षा की है।
The law & order situation is being closely monitored. I reviewed the situation with NSA & Home Secretary, tweets PM Modi #RamRahimVerdict
— ANI (@ANI) August 25, 2017
वहीं, भड़की हिंसा को देखते हुए केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने भी हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ के हालात की समीक्षा की है। कानून व्यवस्था को मध्यनजर रखते हुए राजनाथ सिंह ने अपने घर पर कल यानी शनिवार को आपात बैठक बुलाई है। बैठक में गृह सचिव के साथ-साथ बडे़ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।
पढ़ें- हरियाणा सरकार से केन्द्र नाराज, राजनाथ ने बुलाई आपात बैठक
इस हिंसा के मामले में राजनाथ ने कहा, ‘मैं सभी और विशेषकर डेरा समर्थकों से शांति बनाए रखने की अपील करता हूं। इस हिंसा में किसी भी तरह के जान और माल के नुकसान की भरपाई पैसे से नहीं की जा सकती।’
राजनाथ ने हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान के सीएम को भी अलर्ट किया है। केंद्रीय गृहमंत्री ने दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल और राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे से भी बात की। उन्होंने कहा, हरियाणा और पंजाब, दोनों के मुख्यमंत्री आश्वस्त हैं कि जल्द ही कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य हो जाएगी।