पीएम ने हेल्दी मिलेट बार्स किया भेंट
इसके अलावा प्रधानमंत्री मोदी ने FAO महानिदेशक को हेल्दी मिलेट बार्स भी भेंट किए। महाराष्ट्र में बड़े पैमाने पर उगाए जाने वाले ज्वार और बाजरा जैसे मोटे अनाज पोषण, फाइबर और प्रोटीन से भरपूर माने जाते हैं। ये जलवायु के अनुकूल फसलें हैं और आधुनिक स्वास्थ्यवर्धक खाद्य उत्पादों के रूप में भी तेजी से लोकप्रिय हो रही हैं। मिलेट बार्स को भारत की पारंपरिक कृषि और आधुनिक स्वास्थ्य संस्कृति के संगम के रूप में देखा जा रहा है।
नीदरलैंड के राजा को पीएम ने क्या किया भेंट?
नीदरलैंड के राजा विलेम-अलेक्जेंडर को प्रधानमंत्री मोदी ने राजस्थान की प्रसिद्ध ब्लू पॉटरी भेंट की। जयपुर की GI-टैग्ड ब्लू पॉटरी अपनी चमकदार कोबाल्ट ब्लू, सफेद और पीले रंगों की डिजाइन के लिए दुनियाभर में प्रसिद्ध है। इसे मिट्टी के बजाय क्वार्ट्ज पाउडर, कांच के चूरे और फुलर्स अर्थ के विशेष मिश्रण से तैयार किया जाता है, जिससे इसमें कांच जैसी चमक दिखाई देती है। इसकी खास फायरिंग तकनीक इसे अनोखा पारदर्शी रूप और गहरा नीला रंग देती है। इस कला में फूलों और पक्षियों की बारीक आकृतियां बनाई जाती हैं।
नीदरलैंड की रानी को पीएम ने दिया खास उपहार
वहीं नीदरलैंड की महारानी मैक्सिमा को पीएम मोदी ने मीनाकारी और कुंदन ईयररिंग्स उपहार में दिए। राजस्थान की शाही परंपरा से जुड़ी यह कला भारतीय आभूषण शिल्प की उत्कृष्ट मिसाल मानी जाती है। मीनाकारी में धातु पर रंगीन एनामेल का बारीक काम किया जाता है, जबकि कुंदन कला में बिना कटे रत्नों को सोने की परत में जड़ा जाता है। पारंपरिक शिल्प और आधुनिक सुंदरता का यह संगम भारतीय कारीगरी की खास पहचान माना जाता है।
नीदरलैंड के प्रधानमंत्री को पीएम ने दिया मधुबनी पेंटिंग
प्रधानमंत्री मोदी ने नीदरलैंड के प्रधानमंत्री रॉब जेटेन को मछली की आकृति वाली मधुबनी पेंटिंग भेंट की। मिथिला क्षेत्र की GI-टैग्ड मधुबनी कला अपनी ज्यामितीय आकृतियों और चमकीले रंगों के लिए प्रसिद्ध है। पारंपरिक रूप से महिलाओं द्वारा बनाई जाने वाली यह कला त्योहारों, विवाह और धार्मिक अनुष्ठानों में इस्तेमाल होती रही है। भारतीय लोककथाओं और पौराणिक कथाओं से प्रेरित इस कला में फूल, पेड़, पक्षी और मछली जैसे प्रतीकों का विशेष महत्व होता है।
नॉर्वे के पीएम को मोदी ने क्या तोहफा दिया?
नॉर्वे के प्रधानमंत्री जोनास गहर स्टोरे को प्रधानमंत्री मोदी ने प्रेस्ड ऑर्किड पेंटिंग और ऑर्किड पेपरवेट्स उपहार में दिए। सिक्किम की धुंध भरी घाटियों से लाए गए असली ऑर्किड और फर्न से तैयार ये कलाकृतियां पूर्वी हिमालय की जैव विविधता को दर्शाती हैं।
स्थानीय कारीगरों ने इन्हें बेहद सावधानी से संरक्षित किया है। भारत के पहले ऑर्गेनिक राज्य सिक्किम से जुड़ी यह कला पर्यावरण संरक्षण, पारंपरिक हस्तशिल्प और सतत विकास की भावना को भी प्रदर्शित करती है। प्रकृति और स्थिरता के प्रति नॉर्वे की गहरी रुचि के साथ यह उपहार खास सांस्कृतिक जुड़ाव बनाता है।
डेनमार्क के प्रधानमंत्री को मोदी ने दिया खास उपहार
प्रधानमंत्री मोदी ने डेनमार्क की प्रधानमंत्री मेटे फ्रेडरिकसेन को बीदरी सिल्वर वर्क वास उपहार में भेंट किया। दक्कन क्षेत्र की प्रसिद्ध बीदरी कला अपनी काले धातु पर चांदी की बारीक नक्काशी के लिए जानी जाती है।
स्वीडन के प्रधानमंत्री को मोदी का तोहफा
मोदी ने स्वीडन के प्रधानमंत्री उल्फ क्रिस्टर्सन को शांतिनिकेतन मैसेंजर बैग भेंट किया, जो गुरुदेव रवीन्द्रनाथ टैगोर की कलात्मक सोच और बंगाल की हस्तशिल्प परंपरा को दर्शाता है। इसके साथ ही पीएम मोदी ने टैगोर की रचनाओं का संग्रह, मणिपुर की लोकटक चाय और लद्दाख की शुद्ध ऊनी स्टोल भी उपहार में दी।