संघ के शताब्दी वर्ष में प्रधानमंत्री मोदी के संघ मुख्यालय के दौरे को बेहद अहम माना जा रहा है। सांविधानिक पद पर रहते हुए पीएम मोदी का संघ मुख्यालय में यह पहला दौरा है। इससे पहले महाराष्ट्र भाजपा के अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने बताया था कि प्रधानमंत्री मोदी के नागपुर आगमन पर पूरे विदर्भ में उत्साह है। 47 स्थानों पर उनके स्वागत की तैयारी की गई है।
पीएम मोदी डॉ. हेडगेवार स्मृति मंदिर गए और आरएसएस के संस्थापकों डॉ. हेडगेवार और माधव सदाशिव गोलवलकर की समाधि पर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने दीक्षाभूमि में डॉ. बीआर आंबेडकर को भी श्रद्धांजलि दी, जहां डॉ. आंबेडकर ने 1956 में अपने हजारों अनुयायियों के साथ बौद्ध धर्म अपना लिया था।
माधव नेत्रालय के एक और केंद्र की नींव रखी
पीएम मोदी ने गुरु गोलवलकर की स्मृति में बने माधव नेत्रालय के प्रीमियम सेंटर की नींव रखी। वर्ष 2014 में स्थापित माधव नेत्रालय नागपुर में स्थित एक प्रमुख सुपर-स्पेशलिटी नेत्र चिकित्सा केंद्र है। इस परियोजना में 250 बिस्तरों वाला अस्पताल, 14 ओपीडी और 14 मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर होंगे, जिसका उद्देश्य लोगों को सस्ती और विश्व स्तरीय नेत्र उपचार सेवाएं प्रदान करना है।
मोदी-भागवत के बीच चर्चा पर टिकीं निगाहें
प्रधानमंत्री मोदी की संघ प्रमुख मोहन भागवत से मुलाकात चर्चा में है। आरएसएस के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने शनिवार को कहा था कि जब भी आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत और पीएम मोदी एक-दूसरे से मिलते हैं, तो वे आरएसएस के कार्यों को कैसे बेहतर बनाया जाए इस पर चर्चा करते हैं। दोनों देश के मुद्दों के बारे में बात करते हैं। ऐसे में भागवत और मोदी के बीच नागपुर में क्या चर्चा होगी, इस पर लोगों की निगाहें टिकीं हैं।
इसे भी पढ़ें- पीएम मोदी का छत्तीसगढ़ दौरा आज: देंगे 33,700 करोड़ की सौगात, पावर प्रोजेक्ट सीपत-3 की रखेंगे आधारशिला
इसे भी पढ़ें- New India in Studio Ghibli: सरकार ने PM की घिबली स्टाइल तस्वीरें साझा कीं, कहा- वे मुख्य पात्र नहीं पूरी कहानी
बिलासपुर में पावर प्रोजेक्ट सीपत-3 की आज आधारशिला रखेंगे पीएम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एनटीपीसी के 800 मेगावाट क्षमता वाले सुपर थर्मल पावर प्रोजेक्ट सीपत-3 का शिलान्यास करेंगे। इसकी शुरुआत के बाद सीपत सुपर थर्मल पावर स्टेशन की कुल क्षमता बढ़कर 3,780 मेगावॉट हो जाएगी। इस परियोजना पर कुल 9,791 करोड़ की लागत आएगी।
इससे छत्तीसगढ़, गुजरात, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और गोवा राज्यों में बढ़ती विद्युत मांग को पूरा किया जा सकेगा। सीपत चरण-3 में इस्तेमाल होने वाले अत्याधुनिक अल्ट्रा सुपरक्रिटिकल टेक्नोलॉजी से ईंधन की दक्षता बढ़ेगी और कार्बन उत्सर्जन में कमी आएगी। एनटीपीसी ने कहा कि तकनीकी उत्थान के साथ-साथ एनटीपीसी सीपत-3 परियोजना में जन कल्याण, सतत विकास और पर्यावरण सुरक्षा पहलों का भी ध्यान रखा जाएगा। यह संयंत्र पर्यावरण संबंधी सभी मानदंडों का पालन करेगा।
भाजपा और संघ एक हैं, दोनों में कोई मतभेद नहीं : शेषाद्रीचारी
स्वयंसेवक शेषाद्रीचारी ने कहा कि आरएसएस और भाजपा एक ही हैं। दोनों में कोई अंतर नहीं है। उन्होंने कहा कि जो लोग नहीं जानते कि संघ क्या है और भाजपा क्या है, वही लोग कहते हैं कि दोनों में मतभेद है और ये लोग अपने स्वार्थ के कारण ऐसा कहते हैं। उन्होंने कहा कि लोग भाजपा और संघ के बारे में बहुत सारी बातें करते हैं। संघ के विचारों को लेकर ही तो 1980 में भारतीय जनता पार्टी बनी।