दीये की रोशनी में मनाया जाने वाला प्रकाश पर्व- दीपावली सबके जीवन में रोशनी और सकारात्मकता का संचार करता है। प्रधानमंत्री ने देशवासियों को दीपोत्सव की शुभकामनाएं दी हैं। इससे पहले दिवाली के जश्न से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने खरीदारी को लेकर लोगों से स्वदेशी अपनाने और दूसरों को भी ऐसा करने के लिए प्रेरित करने की अपील भी की। उन्होंने इसे सोशल मीडिया पर शेयर करने का आह्वान भी किया।
दीपावली के पर्व पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने एक्स हैंडल पर साझा किए संदेश में लिखा, 'सभी देशवासियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं। प्रकाश का यह पावन पर्व हर किसी के जीवन को सुख-समृद्धि और सौहार्द से आलोकित करे, यही कामना है।'
विज्ञापन
स्वदेशी अपनाकर गर्व करने की अपील, मेहनत और नवाचार का जश्न
इससे पहले रविवार रात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से स्वदेशी उत्पादों को अपनाने का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने एक पुरानी तस्वीर को दोबारा पोस्ट करते हुए एक्स हैंडल पर लिखा, 'आइए इस त्योहारी सीजन में 140 करोड़ भारतीयों की कड़ी मेहनत, रचनात्मकता और नवाचार का जश्न मनाएं।'
'गर्व से कहो ये स्वदेशी है!'
प्रधानमंत्री ने देशवासियों से गर्व का अनुभव करते हुए सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा करने की अपील भी की। उन्होंने लिखा, 'आइए, भारतीय उत्पाद खरीदें और कहें- गर्व से कहो ये स्वदेशी है! आपने जो खरीदा है उसे सोशल मीडिया पर भी साझा करें। इस तरह आप दूसरों को भी ऐसा करने के लिए प्रेरित करेंगे।'
दीपावली से पहले जीएसटी बचत उत्सव की सौगात दे चुकी है सरकार
विज्ञापन
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने गत माह 22 सितंबर से जीएसटी दरों में कटौती का एलान किया था। नवरात्रि के मौके पर इसे सरकार ने जीएसटी बचत उत्सव का नाम दिया था। सरकार ने कहा था कि त्योहारी सीजन में जनता की मांग और आकांक्षाओं के अनुरूप महंगाई से बड़ी राहत देने के लिए टैक्स की दरों में कटौती का फैसला लिया गया है। दीपावली से दो दिन पहले खुद वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने भी प्रेस वार्ता कर जीएसटी बचत उत्सव को लेकर अहम बयान दिए थे।