फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हैदराबाद हाउस: भारत और वियतनाम ने 13 समझौतों पर किए हस्ताक्षर, साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस में क्या बोले पीएम मोदी?

Wed, 06 May 2026 12:47 PM IST
निर्मल कांत पीटीआई, नई दिल्ली।

सार

वियतनाम के राष्ट्रपति तो लाम और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज हैदराबाद हाउस में बैठक की और फिर एक साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। दोनों देशों के बीच 13 समझौतों पर हस्ताक्षर हुए हैं। पीएम मोदी ने संबोधन में क्या कहा, पढ़िए रिपोर्ट- 
विज्ञापन
हैदराबाद हाउस में साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पीएम मोदी और वियतनामी राष्ट्रपति तो लाम - फोटो : पीटीआई
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारत दौरे पर आए वियतनाम के राष्ट्रपति तो लाम ने बुधवार को हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, पिछले साल जब भारत से पवित्र बौद्ध अवशेष वियतनाम भेजे गए, तो डेढ़ करोड़ से ज्यादा लोगों ने उनके दर्शन किए थे। हम चंपा संभ्यता की पांडुलिपियों को डिजिटल रूप से सुरक्षित रखेंगे और इस अमूल्य विरासत को आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित रखेंगे। 
विज्ञापन

'एक दशक में दोगुना हुआ द्विपक्षीय व्यापार'
उन्होंने कहा, एक दशक पहले वियतनाम की मेरी यात्रा के दौरान वियतनाम आसियान में भारत का पहला 'व्यापक रणनीतिक साझेदार' बना था। तब से हमारे संबंधों और हर क्षेत्र में तेजी से प्रगति हुई है। सभ्यताओं के साथ-साथ हमारे व्यापार, प्रौद्योगिकी और पर्यटन के संबंध भी मजबूत हुए हैं। इसी मजबूत नींव पर आगे बढ़ते हुए आज हम अपने संबंधों को 'आधुनिक व्यापक रणनीतिक साझेदारी' के स्तर तक ले जा रहे हैं। पिछले एक दशक में भारत और वियतनाम के बीच द्विपक्षीय व्यापार दोगुना होकर 16 अरब डॉलर तक पहुंच गया है।

'साझेदारी में विरासत और विकास अहम'
इसके अलावा, उन्होंने अपने भारत दौरे की शुरुआत बोधगया से की। यह हमारे दोनों देशों की साझा सभ्यतागत और आध्यात्मिक परंपराओं को दर्शाता है। उनके इस दौरे और हमारी सार्थक चर्चाओं के माध्यम से हम अपनी आपसी सद्भावना को ठोस नतीजों में बदल रहे हैं। भारत और वियतनाम के बीच साझेदारी में विरासत और विकास, दोनों ही अहम हैं। 

प्रधानमंत्री ने कहा, मुझे भारत में राष्ट्रपति तो लाम का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए बेहद खुशी हो रही है। एक उच्च-स्तरीय प्रतिनिधिमंडल और कई व्यापारिक दिग्गजों के साथ उनका भारत दौरा स्पष्ट रूप से यह दर्शाता है कि वह भारत-वियतनाम संबंधों को कितनी प्राथमिकता देते हैं।

हैदराबाद हाउस में साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पीएम मोदी और वियतनामी राष्ट्रपति तो लाम - फोटो : पीटीआई
दोनों देशों के बीच 13 समझौतों पर हस्ताक्षर हुए हैं। जो इस प्रकार से हैं-
  • आईआरईएल (इंडिया) लिमिटेड और वियतनाम के इंस्टीट्यूट फॉर टेक्नोलॉजी ऑफ रेडियोएक्टिव एंड रेयर एलिमेंट्स (आईटीआरआरई) के बीच आपसी सहयोग पर समझौता।
  • भारत के संस्कृति मंत्रालय और वियतनाम के संस्कृति, खेल और पर्यटन मंत्रालय के बीच 2026-30 के लिए सांस्कृतिक आदान-प्रदान कार्यक्रम।
  • भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) और वियतनाम के स्टेट बैंक (एसबीवी) के बीच भुगतान प्रणालियों और डिजिटल भुगतान में नवाचार के क्षेत्र में सहयोग पर समझौता।
  • भारत के स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के तहत केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (सीडीएससीओ) और वियतनाम के स्वास्थ्य मंत्रालय के तहत औषधि प्रशासन (डीएवी) के बीच चिकित्सा उत्पाद विनियमन के क्षेत्र में सहयोग पर समझौता।
  • मुंबई के बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) और हो ची मिन्ह सिटी पीपल्स कमेटी के बीच मित्रता और सहयोग बढ़ाने पर समझौता।
  • आईसीसीआर और यूनिवर्सिटी ऑफ साइंस एंड एजुकेशन (दा नांग विश्वविद्यालय) के बीच 'आईसीसीआर चेयर ऑफ इंडिया स्टडीज' की स्थापना पर समझौता।
  • राजगीर स्थित नालंदा विश्वविद्यालय और हनोई स्थित हो ची मिन्ह नेशनल एकेडमी ऑफ पॉलिटिक्स (एचसीएमए) के बीच समझौता।
  • एनपीसीआई इंटरनेशनल पेमेंट्स लिमिटेड (एनआईपीएल) और वियतनाम के नेशनल पेमेंट कॉरपोरेशन (एनएपीएएस) के बीच समझौता
  • भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (सीएजी) कार्यालय और वियतनाम के राज्य लेखा परीक्षा कार्यालय के बीच सार्वजनिक क्षेत्र की लेखा परीक्षा के क्षेत्र में समझौता।
  • भारत के पर्यटन मंत्रालय और वियतनाम के खेल, संस्कृति और पर्यटन मंत्रालय के बीच पर्यटन के क्षेत्र में सहयोग पर समझौता।
  • आईसीसीआर और यूनिवर्सिटी ऑफ सोशल साइंसेज एंड ह्यूमैनिटीज के बीच 'आईसीसीआर चेयर ऑफ इंडियन स्टडीज' की स्थापना पर समझौता।
  • भारत के इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय और वियतनाम के विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्रालय के बीच डिजिटल प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में सहयोग पर समझौता।
  • संस्कृति मंत्रालय के 'ज्ञान भारतम' और वियतनाम नेशनल यूनिवर्सिटी (हो ची मिन्ह सिटी) के तहत यूनिवर्सिटी ऑफ सोशल साइंसेज एंड ह्यूमैनिटीज के बीच 'चाम पांडुलिपियों' को डिजिटल रूप से सुरक्षित रखने पर समझौता।

हैदराबाद हाउस में पीएम मोदी और वियतनामी राष्ट्रपति की बैठक - फोटो : पीटीआई
हैदराबाद हाउस में हुई द्विपक्षीय बैठक
प्रधानमंत्री मोदी ने हैदराबाद हाउस में राष्ट्रपति लाम के साथ बैठक की। इससे पहले दिन में राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में उनका औपचारिक स्वागत किया गया, जिससे उनके भारत के पहले राजकीय दौरे की शुरुआत हुई।

वियतनाम के राष्ट्रपति का स्वागत राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया। यह दोनों देशों के बीच बढ़ती रणनीतिक साझेदारी को दिखाता है। स्वागत समारोह में बच्चों ने पारंपरिक पोशाक पहनकर भारत और वियतनाम के राष्ट्रीय ध्वज लहराए।

गयाजी एयरपोर्ट पर वियतनाम के राष्ट्रपति का स्वागत करते बिहार के मुख्यमंत्री - फोटो : एएनआई
सबसे पहले बोधगया गए वियतनामी राष्ट्रपति लाम
राष्ट्रपति तो लाम मंगलवार को भारत पहुंचे और सबसे पहले बोधगया गए, जहां उन्होंने महाबोधि मंदिर में पूजा की। बिहार में उनका स्वागत मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया। इसके बाद वह दिल्ली आए, जहां हवाई अड्डे पर केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने उनका स्वागत किया।

प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति तो लाम के बीच कई अहम मुद्दों पर बातचीत होने वाली है, जिसमें दोनों देशों के संबंध, क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दे शामिल हैं। राष्ट्रपति मुर्मू भी उनसे अलग से मुलाकात करेंगी। इसके अलावा, कई वरिष्ठ अधिकारी भी उनसे मिलेंगे।

एनएसए अजीत डोभाल से मुलाकात की
बैठकों से पहले राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने राष्ट्रपति तो लाम से मुलाकात की और दोनों देशों के बीच मजबूत साझेदारी पर चर्चा की।

ये भी पढ़ें: वियतनाम के राष्ट्रपति लाम भारत पहुंचे: ब्रह्मोस खरीद पर करेंगे बात, आज पीएम मोदी से करेंगे मुलाकात
विज्ञापन

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल - फोटो : एएनआई वीडियो ग्रैब
लाम के दौरे पर विदेश मंत्रालय ने क्या कहा?
विदेश मंत्रालय के अनुसार, यह दौरा खास है क्योंकि भारत और वियतनाम अपनी रणनीतिक साझेदारी के 10 साल पूरे कर रहे हैं। तो लाम 7 मई तक भारत में रहेंगे। वह वियतनाम की कम्युनिस्ट पार्टी के महासचिव भी हैं। 

अपने दौरे के दौरान वह मुंबई भी जाएंगे, जहां नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) में एक व्यापारिक कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे और आर्थिक संबंधों को मजबूत करने के लिए बातचीत करेंगे। भारत और वियतनाम के बीच लंबे समय से ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संबंध रहे हैं, जो अब मजबूत रणनीतिक साझेदारी में बदल चुके हैं।

अन्य वीडियो-
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें