नए नोटों की उपलब्धता बेहद कम होने के बावजूद नए साल के पहली तारीख से बैंकों से अधिकतम राशि की निकासी की सीमा खत्म हो सकती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को राष्ट्र के नाम अपने संबोधन से पहले भारतीय रिजर्व बैंक और वित्त मंत्रालय के अधिकारियों के साथ इस संभावना पर व्यापक विचार विमर्श किया है। विमर्श के दौरान एटीएम में अधिकतम निकासी सीमा जारी रखने और बैंकों में खत्म करने पर मुख्य रूप से चर्चा हुई। हालांकि इस पर अंतिम फैसला खुद प्रधानमंत्री करेंगे।
माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री शनिवार को इससे जुड़े निर्णय की घोषणा करेंगे। गौरतलब है कि कुल नोटों का 80 फीसदी 500 और 1000 के नोटों को चलन से हटाने के बाद सरकार इसकी महज 40 फीसदी नए नोट ही उपलब्ध करा पाई है। चूंकि सरकार नोटों की कमी की धारणा खत्म करना चाहती है इसलिए अधिकतम निकासी की सीमा खत्म करने पर मंथन हो रहा है।
सूत्रों के मुताबिक इस हफ्ते प्रधानमंत्री और प्रधानमंत्री कार्यालय ने अलग-अलग नए नोटों की उपलब्धता पर कई बार मंथन किया है। मंथन इस बात को ले कर है कि क्या 30 सितंबर को नोट बंदी के फैसले के 50 दिन पूरा होने के बाद अधिकतम निकासी की सीमा को खत्म किया जा सकता है।
खासतौर पर प्रधानमंत्री चाहते हैं कि कम से कम बैंकों में अधिकतम निकासी की सीमा को खत्म कर दिया जाना चाहिए। ऐसे में नए साल के पहले दिन से निकसी की अधिकतम सीमा को खत्म किए जाने के आसार बन रहे हैं। वित्त राज्य मंत्री संतोष गंगवार ने भी कहा कि नकदी की उपलब्धता की समस्या काफी कम हुई है। प्रतिदिन 25 से 30 करोड़ रुपये के नए नोट छापे जा रहे हैं। ऐसे में पहली जनवरी से नकद निकासी सीमा को खत्म किया जा सकता है।
कई अहम घोषणा करेंगे पीएम
राष्ट्र के नाम संबोधन में शनिवार को प्रधानमंत्री मोदी कई अहम घोषणा करेंगे। खुद प्रधानमंत्री ने डिजी धन योजना का ड्रॉ निकालने के लिए आयोजित कार्यक्रम में इस आशय का खुल कर संकेत दिया। माना जा रहा है कि नोट बंदी के फैसले के 50 दिन पूरे होने पर दिए जाने वाले अपने संबोधन में प्रधानमंत्री कई क्षेत्रों के लिए कई तरह की राहत की सौगात देंगे।
इस दौरान प्रधानमंत्री इस फैसले के कारण अकूत मात्रा में कालाधन के सामने आने का दावा भी करेंगे। खासतौर पर प्रधानमंत्री जनधन बैंक खातों में नोट बंदी के बाद जमा हुई राशि पर भी अहम निर्णय ले सकते हैं। प्रधानमंत्री ने पहले ही ऐसे खाताधारकों को राशि न लौटाने की सलाह दी है।