प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज (27 जून) सुबह 11 बजे अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के 78वें एपिसोड में देशवासियों से रूबरू हुए। इस दौरान पीएम मोदी ने टोक्यो ओलंपिक पर चर्चा की शुरुआत की और महान धावक मिल्खा सिंह को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उन्होंने कोरोना टीकाकरण के प्रति लोगों को जागरूक किया। साथ ही, देश के तमाम लोगों को उनके सराहनीय कार्यों के लिए प्रोत्साहित किया।
मिल्खा सिंह को दी श्रद्धांजलि
गौरतलब है कि पीएम मोदी ने अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम की शुरुआत फ्लाइंग सिख मिल्खा सिंह को श्रद्धांजलि देकर की। उन्होंने मिल्खा सिंह का देश के प्रति योगदानों का भी जिक्र किया। पीएम मोदी ने कहा कि जब बात टोक्यो ओलंपिक की हो रही हो, तो भला मिल्खा सिंह जैसे महान खिलाड़ी को कौन भूल सकता है। कुछ दिन पहले ही कोरोना ने उन्हें हमसे छीन लिया। जब वह अस्पताल में थे तो मुझे उनसे बात करने का अवसर मिला था। मैंने कहा था कि आपने तो 1964 में टोक्यो ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व किया था। इस बार हमारे खिलाड़ी ओलंपिक के लिए टोक्यो जा रहे हैं तो आपको हमारे खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाना है। मिल्खा सिंह खेल के लिए इतने समर्पित और भावुक थे कि बीमारी में भी उन्होंने तुरंत इसके लिए हामी भर दी। दुर्भाग्य से नियति को कुछ और मंजूर था।
पीएम मोदी ने किया टोक्यो ओलंपिक का जिक्र
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से टोक्यो ओलंपिक में भाग लेने के लिए जाने वाले खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाने की अपील की। पीएम ने कहा कि अक्सर 'मन की बात' में आपके प्रश्नों की बौछार रहती है, लेकिन इस बार मैंने सोचा कि कुछ अलग किया जाए। इस बार मैं आपसे प्रश्न पूछता हूं। पीएम मोदी ने सवाल किया कि ओलंपिक में इंडिविजुअल गोल्ड जीतने वाला पहला भारतीय कौन था? कौन से खेल में भारत ने अब तक सबसे ज्यादा मेडल जीते? किस खिलाड़ी ने सबसे ज्यादा पदक जीते?
रिकॉर्ड टीकाकरण पर की चर्चा
पीएम मोदी ने 'मन की बात' कार्यक्रम में हाल ही अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर एक दिन में सर्वाधिक वैक्सीनेशन के रिकॉर्ड की चर्चा की। इस दौरान मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के भीमपुर ग्राम पंचायत डुलारिया निवासी राजेश हिरावे से फोन पर बात की और उनसे टीकाकरण को लेकर जानकारी ली। ग्रामीण के टीका न लगवाने की बात सुन पीएम मोदी ने कहा कि मैं और मेरी मां ने वैक्सीन की दोनों डोज लगवा ली है। आप भी वैक्सीन लगवाएं। पीएम मोदी ने कहा कि यदि कोई यह कह रहा कि कोरोना चला गया तो भ्रम में मत रहिए। यह बहुरूपिया बीमारी है। पीएम ने कहा कि एक साल पहले सबके सामने सवाल था कि वैक्सीन कब आएगी? आज हम एक दिन में लाखों लोगों को मेड इन इंडिया वैक्सीन मुफ्त में लगा रहे हैं। यही तो नए भारत की नई ताकत है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि कोरोना महामारी से बचाव के दो रास्ते हैं। एक वैक्सीन लगवाएं और दूसरा मास्क लगाएं और अन्य प्रोटोकॉल का पालन करें। उन्होंने ग्रामीणों से बात करते हुए सभी से यह कहने की अपील की कि जब भी आपका नंबर आए, कोरोना वैक्सीन जरूर लगवाएं।
जल संरक्षण पर भी 'मन की बात'
प्रधानमंत्री मोदी ने जल संरक्षण के लिए हो रहे प्रयासों का भी 'मन की बात' कार्यक्रम में जिक्र किया। पीएम मोदी ने कहा कि वह जल संरक्षण को देश सेवा का एक रूप मानते हैं। हमें पानी बचाना है और मानसून से घबराना नहीं है। इसी कड़ी में पीएम ने जल संरक्षण के क्षेत्र में किए कार्यों के लिए उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल के शिक्षक भारती की चर्चा की और उनके कार्यों की सराहना भी की। पीएम ने कहा कि गांव के खेतों में मेड़ बनाए और इससे पानी बचाएं। हमें भारती से प्रेरणा लेकर पानी बचाना चाहिए। इस मौसम में हमें पानी को बर्बाद नहीं होने देना चाहिए।
आयुर्वेद से भी कराया रूबरू
प्रधानमंत्री ने देशवासियों को संबोधित करते हुए आयुर्वेद की भी चर्चा की। पीएम ने उत्तराखंड के पारितोष के गिलोय को लेकर पत्र और मध्य प्रदेश के राम लोटन कुशवाहा की चर्चा की। उन्होंने कहा कि स्थानीय वनस्पतियों के माध्यम से आपके क्षेत्र की पहचान भी बढ़ेगी और आय का नया स्रोत भी मिलेगा। पीएम ने कहा कि रामलोटन ने अपने खेत में एक देसी म्यूजियम बनाया। इस म्यूजियम में उन्होंने सैकड़ों औषधीय पौधों और बीजों का संग्रह किया है।