प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान शनिवार को कहा कि योगी राज में उत्तर प्रदेश के अपराधियों पर जमकर गाज गिरी है। योगी सरकार ने अपराध और भ्रष्टाचार पर नियंत्रण कर प्रदेश में विकास का वातावरण बनाया है। बड़े अपराधियों की आज क्या हालत है यह किसी से छिपी नहीं है। योगी ने प्रदेश में निवेश लाने और उद्यमियों के लिए व्यापार को सुलभ बनाने का कार्य किया है।
सरकार लोगों की सेवा में पूरी तरह से लगी है। पहले वाली बात अब नहीं रही। अब जनता का पैसा जनता के लिए खर्च हो रहा है। एक-एक-पाई को ईमानदारी के साथ खर्च किया जा रहा है। ये बदली हुई और कार्य संस्कृति यूपी को एक नई ऊंचाई पर ले जाएगी।
मंदुरी हवाई पट्टी पर शनिवार दोपहर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्यपाल राम नाईक और सीएम योगी आदित्यनाथ के साथ पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के शिलान्यास के साथ ही कनेक्टिविटी का खूबसूरत नजारा पेश किया। कहा कि इससे विकास की दौड़ में पीछे छूट चुके पूर्वी यूपी में पलायन रुकेगा।
एक्सप्रेस-वे किनारे इंडस्ट्रियल कॉरिडोर, मेडिकल कॉलेज और औद्योगिक प्रशिक्षण केंद्र बनाकर लोगों को उनके जनपद में रोजगार के अवसर दिए जाएंगे। एक्सप्रेसवे का शिलान्यास करने के साथ ही उन्होंने पूर्वांचल से ही लोकसभा-2019 का चुनावी बिगुल फूंक दिया।
पीएम मोदी ने कहा कि पूर्वांचल एक्सप्रेसवे प्रदेश के विकास में नया अध्याय लिखेगा। एक्सप्रेसवे के बनने के बाद पूर्वांचल का कनेक्शन एक तरण पटना और दूसरी तरफ दिल्ली और बुंदेलखंड तक होगी, जो सूबे के विकास की नई इबारत लिखेगी। कहा कि दिल्ली से गाजीपुर तक का सफर 10 घंटे में तय होगा। जाम से निजात मिलेगी। ईंधन और समय के साथ पर्यावरण भी सुरक्षित रहेगा। पर्यटन के क्षेत्र में संभावनाएं बढे़ंगी। धार्मिक और पौराणिक स्थलों को प्रचार-प्रसार होगा।
पीएम ने कहा कि गंगा में वाराणसी से हल्दिया तक जलमार्ग का विकास हो रहा है। रिजनल कनेक्टिविटी स्कीम के तहत 12 हवाई पट्टियों से घरेलू और दो से अंतरराष्ट्रीय उड़ान शुरू की जा रही है। पिछले एक साल में ट्रेन के एससी कोच में यात्रा करने वालों से हवाई यात्रा करने वालों की संख्या अधिक रही है।
पिछड़ेपन के लिए विपक्षी दल जिम्मेदार
प्रधानमंत्री ने पूर्वी राज्यों और पूर्वी उत्तर प्रदेश के पिछड़ेपन के लिए विपक्षी दलों को जिम्मेदार ठहराया। कहा कि इन राज्यों में रोड, रेल और हवाई यात्रा के प्रोजेक्ट शुरू किए गए हैं। बड़ी पंचायतों तक आप्टिकल फाइबर बिछाकर कनेक्टिविटी की जा रही है।