मोदी सरकार ने आज यानि 26 मई को सत्ता में अपने तीन साल पूरे कर लिए हैं। इस मौके पर मोदी सरकार ने देश को सबसे लंबे पुल का तोहफा दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम में ब्रह्मपुत्र नदी पर देश के सबसे बड़े पुल ढोला-सादिया का उद्घाटन किया है।
देश के सबसे लंबे पुल का उद्घाटन करने के बाद पीएम मोदी असम के तिनसुकिया में जनता को संबोधित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अनेक वर्षों से जिसकी प्रतीक्षा कर रहे थे उस पुल की शुरुआत हो गई है। मोदी ने कहा कि आज उत्सव मनाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि पिछले पांच दशक से आप जिसका इंतजार कर रहे थे वो ब्रिज आपको मिल गया है। पीएम मोदी बोले की इससे समय और खर्च में बचत होगी। डीजत की बचत होने से रोजाना साामान्य नागरिकों का 10 लाख रुपये बच सकेंगे। इस बीच पीएम मोदी ने इस लंबे पुल को नाम भी दे दिया।
उन्होंने कहा कि महापुरुष भूपेन हजारिका के नाम से ढोला-सादिया पुल पहचाना जाएगा। पीएम ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर देश में अटल बिहारी वाजपेयी जी की सरकार होती तो ये तोहफा देश को पिछले 10 साल पहले ही मिल गया होता।
पीएम मोदी के साथ असम के सीएम सर्बानंद सोनोवाल और केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी भी मौजूद हैं। खास बात है कि पीएम मोदी प्रोटोकॉल को तोड़कर पुल पर पैदल ही चल दिए।