प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जोर देकर कहा कि भारत हाइड्रोक्सीकोलोरोक्विन दवा के निर्यात पर प्रतिबंध लगाने की बजाए उन देशों की मदद करेगा जिन्हें इसकी जरुरत है। उन्होंने देशवासियों को यह सुनिश्चित किया कि भारत में इसकी मांग और स्टॉक में कोई कमी नहीं आएगी।
सूत्रों का कहना है कि एक बैठक में हाइड्रोक्सीक्लोरोक्वीन दवा का उत्पादन बढ़ाने और अन्य देशों को सप्लाई भी करने का फैसला लिया गया, जिन्होंने इसकी आपूर्ति का अनुरोध किया है। वहीं अधिकारियों ने इसके निर्यात पर प्रतिबंध लगाने के लिए कहा। तब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सबसे खराब स्थिति में भारत में दवा की भावी अनुमानित खपत के आंकड़े मांगे।
वर्तमान की उत्पादन क्षमता को ध्यान में रखते हुए इस दवा को मरीजों, उनके करीबी संपर्कों और स्वास्थ्य कर्मचारियों को दिया जाता है। सूत्र के अनुसार, ' प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वह इस मौके को भारत और दुनिया के लिए हाथ से निकलने नहीं देना चाहते हैं। यह एक महत्वपूर्ण पल है जब भारत लोगों की जिंदगियां बचा सकता है और हम इसे हाथ से जाने नहीं देंगे।'