पीएम मोदी- स्कॉट मॉरिसन (फाइल फोटो)
- फोटो : PTI
दुनियाभर में फैले कोरोना वायरस को लेकर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के विभिन्न राजनेताओं के साथ ही विदेशी राष्ट्रपतियों और प्रधानमंत्रियों के साथ भी चर्चा कर रहे हैं। इसी कड़ी में सोमवार को उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन के साथ फोन पर बात की।
दोनों प्रधानमंत्रियों ने कोविड-19 और संबंधित सरकार द्वारा अपनाई जा रही घरेलू प्रतिक्रिया रणनीतियों पर बातचीत की। दोनों इस संकट के संदर्भ में द्विपक्षीय अनुभवों को एक-दूसरे के साथ साझा करने की महत्ता पर सहमत हुए हैं।
बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने मॉरिसन से कहा कि भारत सरकार यात्रा प्रतिबंधों के कारण भारत में फंसे किसी भी ऑस्ट्रेलियाई नागरिक को आवश्यक सुविधा और सहायता प्रदान करने के लिए तैयार है। वहीं प्रधानमंत्री मॉरिसन ने आश्वासन दिया कि ऑस्ट्रेलिया में मौजूद भारतीय समुदाय को ऑस्ट्रेलियाई समाज के अभिन्न हिस्से के रूप में महत्व दिया जाता रहेगा।
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को सबसे पहले पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी से बात की थी। इसके बाद उन्होंने प्रतिभा देवी सिंह पाटिल से कोविड-19 को लेकर बात की। प्रधानमंत्री मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉक्टर मनमोहन सिंह और एस जी देवेगौड़ा से भी कोरोना वायरस को लेकर भी चर्चा की थी।
इसके अलावा प्रधानमंत्री ने विभिन्न राजनीतिक पार्टी के नेताओं को भी फोन किया था। जिसमें कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी, समाजवादी पार्टी के मुलायम सिंह यादव, पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव, तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, बीजू जनता दल के अध्यक्ष और ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक, तेलंगाना राष्ट्र समिति के अध्यक्ष और तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव, डीएमके अध्यक्ष एमके स्टालिन और शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता प्रकाश सिंह बादल शामिल थे।