इस बार की दिवाली सिर्फ वड़ोदरा के भाजपा कार्यकर्ता गोपालभाई गोहिल के लिए ही खास नहीं रही, बल्कि केंद्र सरकार के नौकरशाहों के लिए भी खास रही। केंद्र के तमाम मंत्रालयों में बैठे नौकरशाहों और उनके परिवार के दिलों में पीएम मोदी ने विशेष जगह बना ली है। दरअसल इस दिवाली पीएम मोदी ने अपने निजी ई मेल से उन्हें दिवाली की शुभकामनाएं भेजी हैं।
इस अनूठी पहल से केंद्र की नौकरशाही में न सिर्फ पीएम का गुणगान हो रहा है, बल्कि नौकरशाहों के परिवार और रिश्तेदारी में भी इस बात की चर्चा है कि उन्हें त्योहार में याद किया गया। बेशक वड़ोदरा के भाजपा कार्यकर्ता गोपालभाई गोहिल की बातें मीडिया की सुर्खियों में आने से चर्चा में हों, मगर नौकरशाही में पीएम के इस कदम को लेकर गोहिल से कहीं ज्यादा खुशी है।
इन्हें भेजी हैं शुभकामनाएं
पीएम मोदी ने दिवाली से तीन-चार दिन पहले ही केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों में काम करने वाले उपसचिव, निदेशक और उससे ऊपर के अधिकारियों को दिवाली की शुभकामनाओं भरा ई कार्ड भेजा है। यह कार्ड सीधे अधिकारियों के निजी मेल पर पीएम मोदी के प्राइवेट मेल से भेजे गए हैं।
पढ़ें: तेजी से वायरल हो रहा PM मोदी और BJP कार्यकर्ता की बातचीत का ऑडियो
अंग्रेजी में भेजे गए इस ई कार्ड पर पीएम मोदी के हिंदी में हस्ताक्षर भी हैं। ई कार्ड में पीएम मोदी ने दिवाली की शुभकामनाएं देते हुए इस विशेष दिन के अवसर पर अधिकारी के जीवन में खुशहाली की कामना करते हुए उसके अच्छे स्वास्थ्य की कामना भी की है।