मीटू मामले पर चल रहे घमासान के बीच कांग्रेस ने प्रधानमंत्री पर हमला बोला है। पीएम को घेरते हुए आज कांगेस के वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा ने कहा कि कोई भी जरुरी मुद्दा होता है, पीएम नरेंद्र मोदी उस पर चुप्पी साध लेते हैं। उन्हें बताना चाहिए कि अगर उनका कोई मंत्री गंभीर आरोपों में घिरा हुआ है तो ऐसे में वह इस मामले पर क्या सोचते हैं। उन्हें यह भी बताना चाहिए कि वह आरोपी मंत्री से इस्तीफा लेने के लिए तैयार हैं या नहीं।
राज्यसभा सांसद आनंद शर्मा ने रविवार को एक प्रेस कांफ्रेंस में अपनी बात रखते हुए कहा कि पीएम हमेशा ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ का नारा देते हैं। आज देश की महिलाएं यह जानना चाहती हैं कि इस मुद्दे पर उनकी क्या राय है? यह सिर्फ एक मंत्री का मामला नहीं है बल्कि यह प्रधानमंत्री पद जैसी महत्त्वपूर्ण संस्था की साख का सवाल है।
उन्होंने कहा कि सिर्फ यह अकेला मामला नहीं है जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुप्पी साधी है। राफेल जैसे देश की सुरक्षा के लिए अतिसंवेदनशील मामले पर भी उन्होंने चुप्पी साध रखी है। जब समझौते के समय उनके अलावा और कोई भी फ्रांस में उपलब्ध नहीं था, तो उनके अलावा किसी दूसरे व्यक्ति के जवाब का कोई मतलब नहीं बनता है। उन्हें बताना चाहिए कि इस समझौते में क्या डील हुई है।
पूर्व विदेश मंत्री आनंद शर्मा ने कहा कि पिछले साढ़े चार साल में देश में निवेश नहीं हुआ है। विदेशी पूंजी लगातार बाहर जा रही है जिसकी वजह से रुपया लगातार टूट रहा है, लेकिन प्रधानमंत्री इतने महत्त्वपूर्ण मुद्दे पर लगातार चुप हैं। उन्होंने कहा कि पीएम को इन सब मुद्दों पर अपनी राय रखनी चाहिए।