फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दिवाली पर पीएम दे रहे आठ हजार रुपये?: गुजरात पुलिस ने दी साइबर ठगी की चेतावनी, फर्जी संदेश को लेकर दी जानकारी

Fri, 13 Nov 2026 09:08 AM IST
देवेश त्रिपाठी पीटीआई, अहमदाबाद

सार

दिवाली पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से 8,000 रुपये की आर्थिक सहायता देने का दावा करने वाले संदेश फर्जी हैं। गुजरात पुलिस ने लोगों को ऐसे मैसेज से सावधान रहने की सलाह दी है। साइबर ठग इन संदेशों के जरिए लोगों को संदिग्ध वेबसाइट पर भेजकर व्हाट्सएप अकाउंट को दूसरे डिवाइस से जोड़ लेते हैं।
विज्ञापन
साइबर अपराध - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

दिवाली पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से 8,000 रुपये की आर्थिक सहायता देने का दावा करने वाले संदेश पूरी तरह फर्जी हैं। गुजरात पुलिस ने लोगों को ऐसे मैसेज से सावधान रहने की सलाह दी है। पुलिस के मुताबिक, इन संदेशों में दिए गए लिंक पर क्लिक करने से व्हाट्सएप अकाउंट हैक हो सकता है और बैंकिंग से जुड़ी गोपनीय जानकारी चोरी होने का खतरा है।
विज्ञापन


अहमदाबाद साइबर क्राइम ब्रांच ने गुरुवार को जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि साइबर ठग त्योहार के दौरान आसानी से पैसे मिलने का लालच देकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर ऐसे संदेश प्रसारित कर रहे हैं। इनके जरिए लोगों को खतरनाक मोबाइल एप्लिकेशन डाउनलोड करने के लिए फंसाया जा रहा है।

पुलिस ने किया लोगों को अलर्ट
पुलिस के अनुसार, इन संदेशों में दावा किया जाता है कि प्रधानमंत्री की ओर से दिवाली के मौके पर नागरिकों को 8,000 रुपये दिए जा रहे हैं। संदेश में दिए गए लिंक पर क्लिक करने पर एक फर्जी वेबसाइट खुलती है। इसमें बताया जाता है कि संबंधित व्यक्ति का मोबाइल नंबर नकद सहायता के लिए चुना गया है।
विज्ञापन


पांच ग्रुप या 20 दोस्तों को भेजने को कहते हैं मैसेज
फर्जी वेबसाइट पर लोगों से कहा जाता है कि वे इस संदेश को पांच व्हाट्सएप या टेलीग्राम ग्रुप अथवा 20 दोस्तों को भेजें। इस तरह ठग उस लिंक को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाने की कोशिश करते हैं।

इसके बाद कथित सहायता राशि पाने के लिए मोबाइल नंबर दर्ज करने को कहा जाता है। पुलिस के मुताबिक, अगली प्रक्रिया में स्क्रीन पर आठ अंकों का एक कनेक्शन कोड दिखाई देता है। उपयोगकर्ताओं को इस कोड को व्हाट्सएप के 'लिंक्ड डिवाइसेज' विकल्प में दर्ज करने के लिए कहा जाता है।

कोड डालते ही दूसरे डिवाइस से जुड़ जाता है अकाउंट
पुलिस ने बताया कि जैसे ही कोई व्यक्ति यह कोड दर्ज करता है, ठग उसके व्हाट्सएप अकाउंट को अपने अनधिकृत डिवाइस से जोड़ लेते हैं। इससे उन्हें पीड़ित के अकाउंट तक पहुंच मिल जाती है। इसके बाद ठग लोगों को फोनपे से नकदी निकालने या कथित सहायता राशि प्राप्त करने के नाम पर संदिग्ध एंड्रॉयड एप्लिकेशन पैकेज (एपीके) फाइल डाउनलोड करने के लिए कहते हैं।

पुलिस के अनुसार, ऐसी फाइल मोबाइल में इंस्टॉल होने पर हैकर एसएमएस, ओटीपी, बैंकिंग एप्लिकेशन और फोन में मौजूद अन्य डेटा तक पहुंच बना सकते हैं। इससे बैंक खातों से पैसे निकालने का बड़ा खतरा पैदा हो जाता है।

गलत मोबाइल नंबर से पूरी नहीं होगी प्रक्रिया
साइबर क्राइम की पुलिस उपायुक्त लविना सिन्हा ने बताया कि ठग खास तौर पर पीड़ित का असली व्हाट्सएप नंबर मांगते हैं। अगर कोई गलत नंबर दर्ज किया जाता है तो अकाउंट को दूसरे डिवाइस से जोड़ने की प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाती।

उन्होंने कहा कि इस तरह की ठगी में फर्जी गेमिंग एप्लिकेशन और पेमेंट लिंक का भी इस्तेमाल किया जा सकता है। इनके जरिए लोगों को एपीके फाइल डाउनलोड करने के लिए उकसाया जाता है, जिससे उनका मोबाइल फोन साइबर अपराधियों के निशाने पर आ जाता है।

कोई सरकारी योजना घोषित नहीं हुई
लविना सिन्हा ने स्पष्ट किया कि दिवाली बोनस के नाम पर भेजा जा रहा 8,000 रुपये का संदेश पूरी तरह फर्जी है। सरकार की ओर से ऐसी कोई योजना न तो मौजूद है और न ही इसकी घोषणा की गई है।

उन्होंने कहा कि साइबर ठग त्योहारों और खास आयोजनों के दौरान तत्काल आर्थिक लाभ का लालच देकर लोगों को निशाना बनाते हैं। दिवाली के अलावा अन्य त्योहारों, क्रिकेट मैचों, कॉन्सर्ट और नई सरकारी योजनाओं की घोषणाओं के समय भी इस तरह की ठगी सामने आ सकती है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें