सुरक्षा की चाक-चौबंद व्यवस्था के बावजूद पीएम मोदी के दौरे में गुरुवार को चूक हो गई। वाराणसी के कबीर नगर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के काफिले पर सड़क किनारे खड़े दो युवकों ने पर्चे फेंके तो ड्यूटी में लगे पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया। जवाबी कार्रवाई में पुलिसकर्मियों ने दोनों युवकों को दौड़ाया लेकिन वे भाग निकले। इसके चलते थोड़ी देर तक पुलिसकर्मियों में अफरा-तफरी रही। वहीं, डीरेका स्थित खेल मैदान में जिस गेट से बीजेपी कार्यकर्ताओं को प्रवेश करना था, उसके सामने काफी देर से खड़ी पुलिस लिखी एक लावारिस बाइक कब्जे में ली गई।
पीएम मोदी का काफिला बीएचयू से निकलकर संकट मोचन, दुर्गा कुंड तिराहा होते हुए कबीर नगर में प्रवेश किया था। इसी दौरान कबीर नगर में ही सड़क किनारे भीड़ में खड़े दो युवकों ने पीएम के काफिले की सफारी के करीब आते ही दो पर्चे फेंके और भाग निकले।
पर्चों में नोटबंदी सहित अन्य मुद्दों पर विरोध जताया गया था। पर्चा फेंकने वाला एक आरटीआई कार्यकर्ता और उसका दोस्त बताया गया है। पूरी घटना का वीडियो वॉट्सएप पर वायरल होने के बाद पुलिस तक पहुंच गया है।