प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चंद्रमा की सतह पर सफलता पूर्वक अंतरिक्ष यान उतारने के लिए शनिवार को जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा और जापान एयरोस्पेस एक्सप्लोरेशन एजेंसी (जक्सा) को बधाई दी। सोशल मीडिया पर उन्होंने लिखा, साॅफ्ट लैंडिंग के लिए प्रधानमंत्री किशिदा और जक्सा के सभी लोगों को बधाई। आशा करता हूं इसरो और जक्सा अंतरिक्ष खोजों में एक दूसरे का सहयोग करेंगे।
उल्लेखनीय है कि शनिवार को जापान का चंद्रयान स्मार्ट लैंडर फॉर इन्वेस्टिगेटिंग मून (स्लिम) चांद की सतह पर सफलतापूर्वक लैंड किया था। ऐसा करने वाला वह रूस, अमेरिका, चीन और भारत के बाद पांचवा सफल देश बना गया है। मून स्नाइपर के नाम से जाने जाना वाले इस यान का मकसद चांद के शिओली क्रेटर की जांच करना है। ये चांद के सी ऑफ नेक्टर हिस्से में है। इस हिस्से में स्नाइपर ये जांच करेगा की चांद कैसे बना था। जक्सा ने एजेंसी ने बीते साल 7 सितंबर को अपने यान को चांद के लिए रवाना किया था। जो 4 महीने से ज्यादा की यात्रा के बाद पहुंचा।
स्थापना दिवस पर अपने कर्मियों को सम्मानित करेगा निफ्ट
देश का पहला और सबसे पुराना राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान (निफ्ट) दिल्ली अपने 39वें स्थापना दिवस पर वर्ष 1986 से अब तक के टीचिंग और नॉन टीचिंग कर्मियों को सम्मानित करेगा। निफ्ट दिल्ली मुख्य अतिथि के तौर पर अपने 100 पूर्व छात्रों के समक्ष अपने कर्मियों को सर्वोच्च सम्मान देने की परंपरा शुरु कर रहा है।
इसका मकसद देश के पहले फैशन डिजाइनिंग संस्थान को दुनिया के सर्वश्रेष्ठ संस्थानों में शुमार करने और टेक्सटाइल, मैनेजमेंट-मैन्यूफेक्चरिंग, गारमेंट इंडस्ट्री को आगे बढ़ाने के योगदान को याद करना है। निफ्ट दिल्ली के निदेशक प्रोफेसर अनुपम जैन ने बताया कि बाहर से मुख्य अतिथि को बुलाने की बजाय स्थापना दिवस पर संस्थान को मजबूती देने वाले कर्मियों को याद करना जरूरी है। केंद्रीय वस्त्र मंत्री पीयूष गोयल के दिशा-निर्देशों के तहत स्थापना दिवस को अनोखे अंदाज से आयोजित किया जा रहा है। इसमें पहली बार पूर्व कर्मियों और छात्रों को शामिल किया गया है। अभी तक 50 पूर्व कर्मियों और 100 पूर्व छात्रों ने आने की सूचना दे दी है। कार्यक्रम में संस्थान की पहली फैकल्टी प्रोफेसर आशा बक्शी भी शामिल होंगी।
मिजो सीएम बोले- भ्रष्टाचार खत्म करने के लिए लगातार करेंगे प्रयास
मिजोरम के मुख्यमंत्री लालदुहोमा का कहना है कि राज्य में भ्रष्टाचार चरम पर है। उनकी सरकार इसे उखाड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। शनिवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार खत्म करने के लिए कई चुनौतियों और विरोधों का सामना करना पड़ रहा है। लेकिन हम इन बाधाओं से लड़कर भ्रष्टाचार को खत्म करेंगे। हम भ्रष्टाचार को खत्म करने के लिए लगातार प्रयास करेंगे। फिर भले ही हम अगला विधानसभा चुनाव क्यों न हार जाएं।
अरब सागर में फंसे नागरिक को भारतीय तटरक्षकों ने बचाया
भारतीय तटरक्षकों (आईसीजी) ने विपरीत समुद्री परिस्थितियों में अरब सागर में फंसे एक अस्वस्थ इंडोनेशियाई नागरिक को बचाकर मिसाल पेश की है। मामला शुक्रवार का है। दरअसल, व्यापारिक जहाज वेव के क्रू का एक सदस्य दक्षिणी दीव से लगभग 90 किमी दूर समुद्र में तेज बुखार और पेट दर्द से कराह रहा था। आपात सूचना मिलने के बाद आईसीजी ने एक ऑपरेशन चलाया और बीमार व्यक्ति को वहां से निकालकर इलाज के लिए गुजरात के वेरावल शहर भेजा, जहां उसकी हालात स्थिर बताई जा रही है। एक अधिकारी ने शनिवार को बताया कि इसके लिए आईसीजी जहाज सी-149 को डायवर्ट करना पड़ा था। चुनौतीपूर्ण समुद्री स्थिति के बावजूद एक चिकित्सा विशेषज्ञ सहित आईसीजी की एक टीम व्यापारिक जहाज पर चढ़ी। उन्होंने कहा, इसके बाद टीम ने मरीज की जांच और जरूरी चिकित्सा की। जब उसकी हालत कुछ ठीक हुई तो उसे पहले आईसीजी के जहाज पर लाया गया और फिर इलाज के लिए गिर सोमनाथ जिले के तटीय शहर वेरावल भेजा गया।
केरल : मछुआरों ने व्हेल को बचाकर गहरे पानी में छोड़ा
दो दिन पहले केरल के एक तट पर जाल में फंसी एक व्हेल को स्थानीय मछुआरों ने 13 घंटे बाद सुरक्षित गहरे पानी में छोड़ दिया। लोग उसे मृत समझकर पोस्टमार्टम के लिए वन विभाग को सूचित करने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन उसकी पूंछ हिलती देख बचाव अभियान शुरू किया गया।
ओडिशा : पूर्व सांसद साहू का 83 वर्ष की उम्र में निधन
पूर्व लोकसभा सदस्य अनादि साहू (83) का ओडिशा के कटक में शनिवार को उनके आवास में निधन हो गया। वह उम्र संबंधी विकारों से जूझ रहे थे। साहू दो बार लोकसभा के लिए निर्वाचित हुए थे। कटक निर्वाचन क्षेत्र से 1996 में वह कांग्रेस के उम्मीदवार थे, जबकि बेरहामपुर क्षेत्र से 1999 में भाजपा के टिकट से जीतकर वह संसद पहुंचे थे।
एनसीपी विधायकों की अयोग्यता पर 23 को सुनवाई करेंगे स्पीकर
महाराष्ट्र में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) विधायकों की अयोग्यता पर विधानसभा के स्पीकर राहुल नार्वेकर 23 जनवरी को सुनवाई शुरू करेंगे। एनसीपी के शरद पवार खेमे के एक नेता ने शनिवार को दावा किया कि इस मामले में निर्वाचन आयोग ने हमारा पक्ष सुन लिया है और किसी भी वह अपना फैसला सुना सकता है।
रणनीतिक पेट्रोलियम भंडार के कुछ हिस्सों को भरने की योजना टाली
तेल बाजारों में उभरते ट्रेंड्स को देखते हुए भारत ने अपने रणनीतिक पेट्रोलियम भंडार के कुछ हिस्सों को भरने के लिए 50 अरब रुपये (601.78 मिलियन डॉलर) की योजना को स्थगित कर दिया है। 2023-24 के बजट में केंद्र ने मंगलूरू और विशाखापट्टनम में भंडारों के लिए 50 अरब रुपये के कच्चे तेल की खरीद योजना की रूपरेखा तैयार की थी।
सिर्फ करार का उल्लंघन करना आपराधिक गुनाह नहीं हो सकता
सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि दंडात्मक कानून के तहत धोखाधड़ी और आपराधिक विश्वासघात का कोई अपराध सिर्फ करार (अनुबंध) के उल्लंघन से संबंधित मामले में लागू नहीं किया जा सकता है, जब तक कि कुछ बेईमान इरादे न दिखाए जाएं। यह कहते हुए जस्टिस संजीव खन्ना और जस्टिस दीपांकर दत्ता की पीठ ने एक संपत्ति की बिक्री से जुड़े विवाद से उत्पन्न मामले में राजस्थान पुलिस की प्राथमिकी में जयश्री और उनके पति हितेश काला को अग्रिम जमानत दे दी। पीठ ने कहा, प्रथम दृष्टया, हमारी राय में सिर्फ अनुबंध का उल्लंघन भारतीय दंड संहिता की धारा 420 या धारा 406 के तहत अपराध नहीं है, जब तक कि लेनदेन की शुरुआत में धोखाधड़ी या बेईमानी का इरादा नहीं दिखाया गया हो। इस अदालत ने बार-बार पूरी तरह से दीवानी विवादों को आपराधिक मामलों में बदलने के बारे में आगाह किया है।
आपराधिक अभियोजन का दबाव डालकर दीवानी विवादों और दावों को निपटाने के किसी भी प्रयास, जिसमें कोई आपराधिक अपराध शामिल नहीं है, की निंदा की जानी चाहिए और हतोत्साहित किया जाना चाहिए। दोनों पक्षों को सुनने के बाद शीर्ष अदालत ने राजस्थान हाईकोर्ट के 10 अक्तूबर, 2023 के उस आदेश के खिलाफ अपील को स्वीकार कर लिया जिसमें उन्हें गिरफ्तारी से पहले जमानत देने से मना कर दिया गया था।
सभी जमानत याचिकाओं का विवरण देना अनिवार्य
सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि भविष्य में किसी भी भ्रम से बचने के लिए जमानत देने के लिए पूर्व में आवेदनों में पारित आदेशों के विवरण और प्रतियों का अनिवार्य रूप से उल्लेख किया जाना चाहिए। जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस राजेश बिंदल की पीठ ने सभी हाईकोर्ट से व्यवस्था में सुधार लाने को कहा ताकि अदालत को दलीलों पर विचार करने में सुविधा हो। नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस(एनडीपीसी) एक्ट मामले में मुकदमे का सामना कर रहे कुशा दुरुका द्वारा दायर जमानत याचिका से निपटते हुए शीर्ष अदालत यह जानकर हैरान रह गई कि मामले की लंबित होने के दौरान उसे हाईकोर्ट द्वारा जमानत दे दी गई है। पीठ ने कहा, यह एक और मामला है जिसमें न्याय प्रशासन को प्रदूषित करने का प्रयास किया गया है। अदालत ने अपने पिछले फैसले का हवाला दिया जिसमें कहा गया था कि पिछले 40 वर्षों में मूल्यों में गिरावट आई है।
क्रिप्टो विनियमन के तंत्र पर फैसला लेना अभी बाकी
सुप्रीम कोर्ट में केंद्र सरकार ने बताया कि उसे क्रिप्टोकरेंसी को विनियमित करने और संबंधित अपराधों की प्रभावी जांच के लिए एक तंत्र पर निर्णय लेना बाकी है। केंद्र की ओर से पेश अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल विक्रमजीत बनर्जी ने जस्टिस सूर्यकांत और जस्टिस केवी विश्वनाथन की पीठ को बताया कि डिजिटल मुद्रा से संबंधित मुद्दे लगातार विकसित हो रहे हैं। सरकार क्रिप्टोकरेंसी को विनियमित करने के तंत्र पर विचार-विमर्श कर रही है। उन्होंने मामले में सुनवाई की अगली तारीख तक तंत्र पर अपडेट स्थिति बताते हुए एक हलफनामा दाखिल करने के लिए समय मांगा। पीठ ने उनकी मांग स्वीकार करते हुए उन्हें चार हफ्ते का समय दिया। जस्टिस सूर्यकांत ने सुनवाई के दौरान कहा, अदालत सिर्फ यह चाहती है कि आम आदमी को धोखाधड़ी और क्रिप्टोकरेंसी के दुरुपयोग से बचाने के लिए उचित सुरक्षा उपाय हों।
मंगलूरू : अलग धर्म के जोड़े को पीटने के आरोपी 3 युवक गिरफ्तार
कर्नाटक के मंगलूरू स्थित कादरी पार्क में बैठे अलग-अलग धर्मों के एक युवा जोड़े (कपल) के साथ मारपीट और गाली-गलौज करने के आरोप में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामला शुक्रवार का है। बताया जा रहा है कि दोनों युवा नर्सिंग के छात्र हैं। सूत्रों ने कहा, आरोपियों ने कपल पीछा किया और उनसे पहचान पत्र दिखाने को कहा, जब पीड़ितों ने मना किया तो आरोपियों ने लड़के को धुन दिया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने नितिन (18), हर्ष (18) और एक नाबालिग लड़के (17) को गरिफ्तार कर लिया।
केरल : पटरी से उतरे अलप्पुझा एग्जीक्यूटिव एक्सप्रेस के डिब्बे
केरल के कन्नूर रेलवे स्टेशन के पास कन्नूर-अलप्पुझा एग्जीक्यूटिव एक्सप्रेस के दो डिब्बे शनिवार तड़के पटरी से उतर गए, जिससे ट्रेन को दोबारा प्रस्थान में एक घंटे की देरी हुई। सूत्रों ने बताया कि यह हादसा सुबह 4.40 बजे शंटिंग के दौरान उस वक्त हुआ, जब ट्रेन को प्लेटफॉर्म तक लाया जा रहा था। ट्रेन में कोई यात्री सवार नहीं था।