कांग्रेस नेताओं ने जन्मदिन पर बधाई दी
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी को उनके जन्मदिन पर बधाई दी। कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, 'प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके जन्मदिन पर हार्दिक शुभकामनाएं। ईश्वर उन्हें उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु प्रदान करें।' 'एक्स' पर एक पोस्ट में राहुल गांधी ने कहा, 'प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं और उनके अच्छे स्वास्थ्य की कामना करता हूं।'
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) सांसद सुप्रिया सुले ने कहा, 'मैं पीएम मोदी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं देती हूं, उनके अच्छे स्वास्थ्य की कामना करती हूं और मुझे विश्वास है कि उनमें राष्ट्र की सेवा करने की पूरी ऊर्जा रहेगी। वह ऐसे व्यक्ति हैं, जिन्होंने शून्य से शुरुआत करके कड़ी मेहनत और लगन से खुद को बनाया है। मुझे लगता है कि इसके लिए हमें उनकी सराहना करनी चाहिए और मुझे सचमुच लगता है कि वह इसमें निरंतर रहे हैं। वह सुनिश्चित करते हैं कि उनके सांसद संसद में उपस्थित हों और संसद में अच्छी बहस हो। इसलिए वह अनुशासन जिसके बारे में वह सभी को मार्गदर्शन देते रहते हैं, मेरे लिए बहुत खास है।'