उत्तर प्रदेश में अगले साल चुनाव होने हैं। भारतीय जनता पार्टी ने दिल्ली में बैठक कर उत्तर प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में हलचल बढ़ा दी है। न सिर्फ भाजपा बल्कि बीते कुछ दिनों से कांग्रेस भी लगातार योगी सरकार पर हमलावर होकर अपनी उपस्थिति दर्ज करा रही है। विपक्षी दल समाजवादी पार्टी भी अपने कार्यकर्ताओं के माध्यम से लोगों की समस्याओं को सामने लाता रहा है। हालांकि बहुजन समाजवादी पार्टी हमेशा की तरह अपने कार्यकर्ताओं के माध्यम से जमीन पर उतनी सक्रिय नहीं दिख रही है। यह बात अलग है कि मायावती सोशल मीडिया के माध्यम से राज्य और केंद्र सरकार को घेरती रहती हैं।
भारतीय जनता पार्टी की दिल्ली में रविवार को हुई बैठक के बाद उत्तर प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में जबरदस्त तरीके से हलचल शुरू हो गई है। भाजपा के सूत्रों की मानें तो लंबे अर्से बाद मंत्रिमंडल का फेरबदल होना तय माना जा रहा है। मंत्रिमंडल के फेरबदल की प्रमुख वजहों में अगले साल होने वाले उत्तर प्रदेश के चुनाव भी शामिल हैं। पूरे चुनावी गणित को देखते हुए ही मंत्रिमंडल में फेरबदल होंगे, इसके अलावा कई ऐसे नए चेहरे भी मंत्रिमंडल में शामिल किए जाएंगे, जो भाजपा आलाकमान के चहेते हैं।