रियो ओलंपिक के दयनीय प्रदर्शन पर अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं देने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का दर्द आखिरकार शुक्रवार को छलक पड़ा। पीएम मोदी ने घोषणा की है कि रियो की कहानी अब आगे न दोहराई जाए इसके लिए एक टास्क फोर्स गठित की जाएगी।
यह टास्क फोर्स अगले तीन ओलंपिक में भारतीय दल के अच्छे प्रदर्शन का एक्शन प्लान तैयार करेगी। टास्क फोर्स की जिम्मेदारी होगी कि किस तरह देश में खेलों का माहौल बनाकर बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही उच्चस्तरीय ट्रेनिंग और चयन की प्रक्रिया का इस्तेमाल कर खेल ढांचा सुधारने के कदम उठाए जाएंगे। भारतीय दल के रियो ओलंपिक में बेहतर प्रदर्शन को लेकर देश में एक अलग माहौल बनाया गया था।
खुद प्रधानमंत्री ने नई पहल करते हुए ओलंपिक खेलने जा रहे खिलाड़ियों को विदाई देकर उन्हें बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं। पीएमओ ने अंतिम समय में खिलाड़ियों की आर्थिक मदद के लिए अपने खजाने के दरवाजे खोल दिए, लेकिन परिणाम सिर्फ दो पदकों के रूप में सामने आया। यही वजह है कि पीएमओ इसको लेकर कड़े कदम उठाने के मूड में है। जिसके चलते खुद पीएम ने अगले तीन ओलंपिक में बेहतर प्रदर्शन के लिए टास्क फोर्स गठित करने की घोषणा कर डाली है।