अमेरिकी धमकी और दबाव से बेपरवाह भारत और रूस शुक्रवार को करीब 5 अरब डॉलर अमेरिकी डॉलर के एस-400 एयर डिफेंस सिस्टम सौदे पर सहमति की मुहर लगाएंगे। रूस के राष्ट्रपति दो दिवसीय भारत दौरे के तहत बृहस्पतिवार को दिल्ली पहुंचेंगे और शुक्रवार को दोनों देशों की द्विपक्षीय वार्ता में इस सौदे पर मुहर लगेगी। गौरतलब है कि इसी सौदे के कारण अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का अगले साल गणतंत्र दिवस मुख्य अतिथि भारत आने का फैसला ठंडे बस्ते में चला गया है।
सूत्रों के मुताबिक बीते महीने दोनों देशों के विदेश और रक्षा मंत्रियों के बीच हुई टू प्लस टू वार्ता में भी एस-400 एयर डिफेंस सिस्टम सौदे पर गंभीर बातचीत हुई थी। इस बैठक में भारत ने साफ तौर पर इस सौदे के लिए आगे बढने का संकेत दिया था। इसी बैठक में भारत ने नवंबर से ईरान से तेल आयात करने की अमेरिकी मांग को स्वीकार कर लिया था। इससे पहले अमेरिका ने यह समझौता करने पर भारत पर प्रतिबंध लगाने की भी धमकी दी थी। इसी सौदे के कारण अमेरिका ने अपने राष्ट्रपति की जनवरी महीने में होने वाली भारत यात्रा पर अब तक आधिकारिक मुहर नहीं लगाई है। सूत्रों का कहना है कि एस-400 सौदे पर मुहर के बाद भारत ट्रंप के दौरे के लिए नए सिरे से कोशिश करेगा।