फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मोदी-शाह ने गुजरात में पलायन और हिंसा रोकने को लिए विजय रूपाणी को दिए निर्देश

Wed, 10 Oct 2018 03:11 AM IST
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
विज्ञापन

गुजरात में उत्तर भारतीयों के खिलाफ हिंसा और उनके पलायन से भाजपा बेहद चिंतित है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने मुख्यमंत्री विजय रूपाणी और उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल से बात कर हर हाल में पलायन और हिंसा को रोकने के निर्देश दिए हैं। दरअसल पार्टी नेतृत्व नहीं चाहता कि उसे इस मामले से चुनावी राज्यों मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में नुकसान झेलना पड़े।

विज्ञापन


सूत्रों के मुताबिक, पीएम और शाह ने हालात को काबू नहीं करने पर नाराजगी जताई है। लगातार हो रहे पलायन से गुजरात सरकार काफी दबाव में है। हालांकि मुख्यमंत्री ने फिर भरोसा दिया है कि उनकी सरकार सभी लोगों को यह विश्वास दिलाने के लिए कड़ी मेहनत कर रही है कि वे गुजरात में पूरी तरह सुरक्षित हैं। गौरतलब है कि साबरकांठा जिले में एक 14 माह की बच्ची के साथ हुई रेप की घटना के बाद स्थानीय लोग उत्तर भारतीयों को निशाना बना रहे हैं। हिंसा के कारण हजारों की संख्या में उत्तर भारतीय यहां से पलायन कर रहे हैं।

घृणा संदेश फैलाने में 20 गिरफ्तार 

गुजरात के गृहमंत्री प्रदीप सिंह जडेजा ने मंगलवार को बताया कि अब तक कुल 533 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी हैं, वहीं 61 मामले दर्ज किए गए हैं। इससे अलग आईटी एक्ट के तहत सात केस दर्ज किए हैं और सोशल मीडिया पर घृणा संदेश फैलाने पर 20 को गिरफ्तार किया गया है।     
विज्ञापन


रूपाणी का राहुल पर पलटवार 

गुजरात के सीएम विजय रूपाणी ने मंगलवार को राहुल गांधी पर पलटवार किया। रूपाणी ने ट्वीट किया, ‘कांग्रेस पहले प्रवासियों के खिलाफ हिंसा भड़काती है। फिर कांग्रेस अध्यक्ष ट्वीट कर इसकी निंदा करते हैं। क्या उन्हें कोई शर्म नहीं है।’ एक अन्य ट्वीट में उन्होंने कहा, ‘अगर राहुल गुजरात में हिंसा के खिलाफ हैं तो उन्हें पार्टी के सदस्यों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए, जो इस हिंसा में शामिल हैं। ट्वीट करना समस्या का समाधान नहीं है, कार्रवाई करना है। लेकिन क्या वह कार्रवाई करेंगे?’

विज्ञापन

राहुल गांधी
क्या कहा था राहुल ने

कांग्रेस अध्यक्ष ने सोमवार को ट्वीट किया था, ‘गरीबी से बड़ी कोई दहशत नहीं है। गुजरात में हो रही हिंसा की जड़ वहां के बंद पड़े कारखाने और बेरोजगारी है। व्यवस्था और अर्थव्यवस्था दोनो चरमरा रही हैं। प्रवासी श्रमिकों को इसका निशाना बनाना पूरी तरह गलत है। मैं इसके खिलाफ हूं।’

ये भाजपा की घृणा हिंसा की राजनीति: मायावती

बसपा प्रमुख ने कहा कि यदि किसी ने गलत काम किया है तो उसे कानून के तहत दंड मिलना चाहिए। यह बीजेपी की घृणा हिंसा की राजनीति है जिसके चलते गरीब मजदूरों को पलायन करने के लिए विवश होना पड़ रहा है। यदि राज्य सरकार इस ओर ध्यान नहीं देती तो यह पूरे देश के हित के लिए चिंता का विषय है।

‘दिल्ली में रह रहे यूपी और बिहार के लोगों में गुजरात के घटनाक्रम को लेकर बेहद रोष है। मोदी जी, आपसे हमारी प्रार्थना है कि इसे रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाएं।’
- अरविंद केजरीवाल, मुख्यमंत्री, दिल्ली

‘मैं बिहार के लोगों से अपील करता हूं कि दृढ़ता से गुजरात में बने रहें। हमारे मुख्य सचिव और डीजीपी गुजरात के प्रशासनिक अधिकारियों के संपर्क में हैं। हम हर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।’
 -नीतीश कुमार, सीएम, बिहार

‘यह एक खतरनाक दौर है। विनाशकारी स्थिति, गुजरात में समस्या बहुत गंभीर है। मुझे समझ नहीं आता कि क्यों भाजपा इसे नियंत्रित नहीं कर रही है।’
- ममता बनर्जी, मुख्यमंत्री, पश्चिम बंगाल
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें