देश के 15 राज्यों के 25 जिलों में बीते 14 दिनों से संक्रमण का कोई नया मामला नहीं आया है। ये जिले हैं महाराष्ट्र के गोंदिया, छत्तीसगढ़ के राजनादगांव, दुर्ग, बिलासपुर, कर्नाटक के दावणगेरे, कोडागू, तुमकुरु, उडुपी, गोवा के दक्षिण गोवा, केरल के वायनाड और कोट्टायम, मणिपुर के पश्चिम इंफाल, जम्मू-कश्मीर के राजौरी, मिजोरम के आइजोल, पुड्डुचेरी के माहे, पंजाब के एसबीएस नगर, बिहार के पटना, नालंदा, मुंगेर, राजस्थान के प्रतापगढ़, हरियाणा के पानीपत, रोहतक, सिरसा, उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल, तेलंगाना के भद्रादरी कोठागोदा।
जरूरी सेवाओं वाले वाहनों को न रोकें : गृह मंत्रालय
- गृह मंत्रालय की संयुक्त सचिव पुण्य सलिला श्रीवास्तव ने बताया कि राज्यों को पत्र लिखकर फिर कहा है कि ट्रकों और मालवाहक वाहनों की अंतरराज्यीय या राज्य के भीतर आवाजाही पर न रोका जाए। खाली ट्रकों के आने-जाने की भी अनुमति है। रेलवे, एयरपोर्ट और बंदरगाहों भी जरूरी कर्मचारियों को पास दे।
- विदेशियों का वीजा 30 तक बढ़ाया : देश में फंसे विदेशी नागरिकों के नियमित वीजा व ई-वीजा 30 अप्रैल तक बढ़ा दिए हैं।
- आईसीएमआर : चीन से जांच किट की पहली खेप 15 को आएगी।
लॉकडाउन के 20 दिन बाद केंद्रीय मंत्रियों और आला अधिकारियों ने सोमवार को अपने मंत्रालय व विभाग में पहुंचकर काम शुरू कर दिया। इनमें से ज्यादातर घर से काम कर रहे थे। वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण, प्रकाश जावड़ेकर, मुख्तार अब्बास नकवी, किरेन रिजिजू, प्रह्लाद पटेल, जितेंद्र सिंह ने कार्यालय पहुंचकर लॉकडाउन के बाद के हालात के लिए रणनीति बनाई। संयुक्त सचिव और सभी वरिष्ठ अधिकारी भी पहुंचे। हालांकि विभागों में एक तिहाई कर्मचारियों को ही आने की अनुमति है।
मीडियाकर्मी भी कोरोना के अग्रिम योद्धा
डॉक्टर, नर्सों और पुलिस की तरह मीडिया भी कोरोना संक्रमण की लड़ाई में अग्रिम पंक्ति में रहकर अपनी सार्थक भूमिका का निर्वाह कर रहा है। पत्रकारों को भी सभी एहतियात व सुरक्षात्मक उपाय अपनाते हुए कोरोना संबंधी कवरेज करना चाहिए। संकट के इस दौर में अपुष्ट समाचाराें से बचना चाहिए। - प्रकाश जावड़ेकर, केंद्रीय सूचना प्रसारण मंत्री
मुंबई तट पर लंगर डाले क्रूज जहाज कर्णिका में सवार गोवा के रहने वाले 93 क्रू सदस्यों ने मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत से पत्र लिखकर गोवा वापसी के लिए मदद मांगी है। अधिकारियों ने बताया कि ये सभी कर्णिका के 450 सदस्यीय दल का हिस्सा हैं। क्रू पिछले महीने 124 लगों को दुबई छोड़कर मुंबई पहुंचा था।
गोवा के बंदरगाह मंत्री माइकल लोबो ने इनकी वापसी का मुद्दा सरकार के सामने उठाया है। यह तय हुआ है कि मुंबई से इनकी गोवा वापसी के बाद इन्हें घर भेजने से पहले 14 दिन के क्वारंटीन पर रखा जाएगा। गोवा सरकार ने कोरोना वायरस के खतरे के मद्देनजर पिछले सप्ताह इनको राज्य में नहीं आने देने का निर्णय लिया था।
भारत ने दूतावासों से कहा- लॉकडाउन सख्ती से मानें
विदेश मंत्रालय ने सभी राजनयिकों व दूतावासों को सख्ती से लॉकडाउन के दिशानिर्देशों का पालन करने को कहा है। सूत्रों ने बताया, आवश्यक कार्यों के लिए बेहद सीमित कर्फ्यू पास जारी किए गए हैं। लिहाजा राजनयिक समुदाय को लॉकडाउन के दिशानिर्देशों का पालन करना चाहिए।
शनिवार को दिल्ली पुलिस ने उरुग्वे दूतावास की कर्मचारी को वसंत विहार में लॉकडाउन उल्लंघन पर रोका था। वह बिना मास्क व ग्लव्स के साइकिल चला रहा थीं। वसंत विहार के आरडब्ल्यूए के अधिकारियों ने उन्हें मास्क व ग्लव्स पहनने की सलाह दी थी, लेकिन उन्होंने इनकार कर दिया। इसके बाद पुलिस को सूचित किया था।