प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ लगातार आक्रामक रुख अपना रहे कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने बृहस्पतिवार को एक बार फिर उन्हें घेरने की कोशिश की। कांग्रेस अध्यक्ष ने अधिकतर वस्तुओं पर 28 की जगह 18 फीसदी जीएसटी वसूलने की पीएम मोदी की योजना पर कटाक्ष किया और कहा कि उन्होंने कांग्रेस के जिस विचार को ‘ग्रैंड स्टुपिड थॉट’ कहा था, अब उसी को लागू करना चाहते हैं।
राहुल गांधी ने बृहस्पतिवार को ट्वीट करते हुए कहा, कांग्रेस पार्टी ने आखिरकार नरेंद्र जी को ‘गब्बर सिंह टैक्स’ पर गहरी नींद से जगा दिया है। हालांकि वे अब भी नींद में हैं। वह अब उस विचार को लागू करना चाहते हैं, जिसे उन्होंने पहले कांग्र्रेस पार्टी का ‘ग्रैंड स्टुपिड थॉट’ कहा था। देर आए दुरुस्त आए नरेंद्र जी।
बता दें कि मंगलवार को प्रधानमंत्री मोदी ने वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) के सरलीकरण की तरफ बढ़ने का इशारा करते हुए कहा था कि सरकार 99 फीसदी वस्तुओं को 18 फीसदी जीएसटी के दायरे में लाना चाहती है। इस घोषणा की कांग्रेस ने कड़ी आलोचना की थी।
पूर्व वित्त मंत्री व वरिष्ठ कांग्रेसी नेता पी. चिदंबरम ने इसे देर से आई अक्ल करार दिया था। अब कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी इसी बयान को आधार बनाकर उन पर निशाना साधा है।
फिलहाल शिमला में अपनी बहन प्रियंका और उसके बच्चों के साथ चुनावी थकान उतार रहे राहुल ने इस मुद्दे पर पांच राज्यों में हुए हालिया विधानसभा चुनाव के दौरान भी केंद्र सरकार को घेरा था। राहुल शुरुआत से ही जीएसटी को गब्बर सिंह टैक्स कहते रहे हैं, जिसे लागू करने के केंद्र सरकार के तरीके से उनकी नजर में छोटे कारोबारियों को नुकसान पहुंचा है।