विजय माल्या मामले से अलग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का फोकस अब भी स्वच्छता अभियान पर है। उन्होंने देश भर के एक हजार से ज्यादा महत्वपूर्ण हस्तियों को पत्र लिखकर 15 सितंबर से शुरू हो रहे स्वच्छता पखवाड़े के लिए समर्थन मांगा है। प्रधानमंत्री शनिवार सुबह 9:30 बजे स्वच्छता के काम में लगे नागरिकों से बात करेंगे। उन्होंने सभी से इस अभियान को सफल बनाने की अपील की है।
उन्होंने 2 अक्टूबर, 2014 को खुद झाड़ू उठाकर देश भर में स्वच्छता अभियान शुरू किया था, जिसमें सभी जानीमानी हस्तियों ने भाग लिया था। इसके बाद हर साल 15 सितंबर से 2 अक्टूबर तक राष्ट्रीय स्वच्छता पखवाड़ा मनाया जाने लगा। अगले साल होने वाले आम चुनाव से पहले यह आखिरी स्वच्छता पखवाड़ा होगा। इसलिए प्रधानमंत्री इसकी व्यापकता बढ़ाना चाहते हैं। जिन हस्तियों को पत्र लिखा है, उनमें सलमान खान, आमिर खान, अमिताभ बच्चन, शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण जैसे फिल्मी सितारों से लेकर क्रिकेट, हॉकी और एथलेटिक्स के बड़े खिलाड़ी, प्रमुख उद्योगपति, राजनेता, वैज्ञानिक, कानूनविद और मीडिया प्रमुख शामिल हैं।
अपने पत्र में मोदी ने लिखा है कि देश स्वच्छता की क्रांति का साक्षी बन रहा है। देश के हर हिस्से से समाज के सभी तबकों के लोग स्वच्छ भारत का सपना साकार करने के लिए लगातार काम कर रहे हैं। पिछले चार साल में देश में 8.5 करोड़ शौचालय बनाए गए हैं। आज 90 फीसदी देशवासी शौचालयों का इस्तेमाल कर रहे हैं, जबकि 2014 में केवल 40 फीसदी लोगों को ही यह सुविधा मुहैया थी। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने भी कहा है कि स्वच्छता के बेहतर मानदंड होने से देश में तीन लाख जीवन बचाए जा सकेंगे।