दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल दो दिन के गुजरात दौरे पर हैं। अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को गांधीधाम और जूनागढ़ में अलग-अलग जनसभाओं को संबोधित किया। उसके बाद केजरीवाल राजकोट के खोडलधाम में एक गरबा कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान उनपर पानी की बोतल फेंकी गई। मुख्यमंत्री पर बोलत फेंकने का एक वीडिया सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
दरअसल, नवरात्रि के अवसर पर खोडलधाम में एक गरबा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। गरबा कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग मौजूद हुए। कार्यक्रम में दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल भी पहुंचे। उसी दौरान केजरीवाल मौजूद लोगों का अभिवंदन स्वीकार करने के लिए हाथ हिला रहे थे। तभी किसी ने उनकी तरफ पानी की बोतल फेंकी। गनीमत रही कि पानी की बोलत उन्हें टकराए बिना सिर के ऊपर से गुजर गई। उस दौरान दिल्ली के मुख्यमंत्री के साथ उनके सुरक्षा अधिकारी और पार्टी के वरिष्ठ नेता भी मौजूद थे। आप के मीडिया समन्वयक सुकनराज ने कहा कि बोतल कुछ दूर से फेंकी गई थी। यह केजरीवाल के सिर के ऊपर से गुजरी। उन्होंने कहा कि हम निश्चित रूप से यह नहीं कह सकते कि जानबूझकर बोतल उनपर फेंकी गई। अभी पुलिस को घटना की जानकारी नहीं दी गई।
दो रैलियों को करेंगे संबोधित
राज्य में इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान शनिवार से दो दिवसीय गुजरात दौरे पर हैं। दोनों मुख्यमंत्री शनिवार को कच्छ जिले के गांधीधाम और जूनागढ़ में रैलियों को संबोधित करने के बाद राजकोट में रुके थे। अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान रविवार को सुरेंद्रनगर शहर और साबरकांठा के खेड़ब्रह्मा शहर में दो रैलियों को संयुक्त रूप से संबोधित करेंगे।
आप कराएगी गुजरात के हर गांव में सरकारी स्कूल का निर्माण
शनिवार को अरविंद केजरीवाल ने एक सभा को संबोधित करते हुए कहा कि सत्ता में आने के बाद आम आदमी पार्टी राज्य के हर गांव में सरकारी स्कूल का निर्माण कराएगी। लोगों को मुफ्त और गुणवत्तापूर्ण इलाज मुहैया कराया जाएगा। उन्होंने राज्य के 33 जिलों में एक सरकारी अस्पताल का निर्माण कराने का भी आश्वासन दिया है।