ठाणे की एक अदालत में बॉलीवुड फिल्म जैसा दृश्य देखने को मिला जब दोनों पैरों में प्लास्टर के साथ साहिब मुकीम अंसारी ने स्ट्रेचर पर आकर गवाही दी। अंसारी इस अवस्था में उन चार लोगों के खिलाफ कोर्ट में गवाही देने आए जिन्होंने उन पर कथित रूप से हमला किया था और उनकी हत्या का प्रयास किया था।
डिस्ट्रिक्ट जज आरएस पाटिल भोंसले की अदालत में शुक्रवार को असाधारण दृश्य देखने को मिला। हमलावरों को सजा दिलाने के लिए स्ट्रेचर पर लेटकर सबूत दर्ज कराने आए इस गवाह को देखने के लिए कोर्ट रूम में वकीलों और अन्य लोगों की भीड़ लग गई।
स्क्रैप डीलर अंसारी क्षेत्र में सामाजिक कार्य भी करते हैं। चार लोगों ने उनका अपहरण कर लिया था और उन पर लोहे की सरिया और दूसरी वस्तुओं से हमला किया था। वे बाद में उसे ऑटो रिक्शा से फेंक गए थे। अंसारी की चोटें इतनी गहरी थीं कि अस्पताल में डाक्टरों को उनका सात बार ऑपरेशन करना पड़ा। वह तब से बिस्तर पर ही थे।