लोकसभा में राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गले लगाने पर हुए विवाद पर एक बार फिर कांग्रेस ने उनपर हमला बोला है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पीएल पुनिया ने कहा कि राहुल ने पीएम को गले लगाकर करुणा दिखाई है लेकिन प्रधानमंत्री इस पर नाटक कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह क्या प्रधानमंत्री हैं, यह उनका बचपन है या कुछ और? पीएल पुनिया ने कहा कि इस पर प्रधानमंत्री को शर्मिंदा होना चाहिए।
बता दें कि पीएम मोदी ने एक न्यूज एजेंसी को दिए इंटरव्यू में उनको गले लगाने के सवाल पर एक बार फिर राहुल गांधी पर हमला बोला है। इस दौरान पीएम मोदी से पूछा गया कि अविश्वास प्रस्ताव के दौरान राहुल गांधी ने आपके पास आकर गले लगने की सभी ने अलग-अलग तरह से व्याख्या की, लेकिन खुद प्रधानमंत्री का क्या आकलन रहा, इस पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा- ये आपको तय करना है कि यह बचकाना हरकत थी या कुछ और। यदि आप निर्णय नहीं कर सकते तो उनका आंख मारना देखिए और आपको जवाब मिल जाएगा।
उन्होंने कहा, मैं एक विनम्र ‘कामदार’ हूं। मैं इस देश के ‘नामदारों’ की तुलना में कुछ भी नहीं हूं। वे तय करते हैं किससे नफरत करनी है, कब नफरत करनी है और किसे ‘प्यार’ करना है और कैसे इसे दिखाना है। इस सबमें मेरे जैसे कामदार क्या कह सकते हैं।