खारी बाबली के थोक व्यापारी बृजेश गोयल ने बताया कि अभी व्यापारी स्टॉक की दाल निकाल रहे हैं। अब बाहर से सामान आना कम हो गया है। दरअसल ट्रांसपोर्टरों ने डीजल के दाम की आड़ में किराया 10 प्रतिशत बढ़ा दिया है। तय है कि थोक बाजार में ही 10 प्रतिशत भाव बढ़ जाएंगे। खुदरा बाजार में कीमतें ज्यादा बढ़ सकती हैं।
रसोई गैस पर भी दिखेगा असर
ट्रकों से ही रसोई गैस सिलिंडर एक से दूसरी जगह भंडारण केंद्रों तक पहुंचते हैं। छोटे-छोटे टैंपों से रसोई गैस की कंपनियां घरों तक लोगों को आपूर्ति करती हैं। ऐसे में इसकी ढुलाई बढ़ गई है। लिहाजा कयास लगाया जा रहा है कि जल्द ही रसोई गैस अपूर्ति करने वाली एजेंसी मूल्य बढ़ाने की मांग कर सकती है।
दूध की कीमत में भी होगा इजाफा
दुग्ध उत्पादन कंपनियां भी अपने वाहनों से जगह-जगह आपूर्ति करती हैं। डेयरी विक्रेता भी दूध से बनने वाले उत्पादों की कीमतों में इजाफा कर सकते है। डेयरी कंपनियों का कहना है कि दिल्ली और आसपास से दूधिया अपने वाहनों से दूध लेकर पहुंचते हैं। ऐसे में तेल के दाम में वृद्घि के कारण वे भी भाव बढ़ाने का दबाव बना रहे हैं। अगर दूधियों ने भाव बढ़ाया तो दूध ही नहीं पनीर, घी, खोया समेत अन्य दुग्ध उत्पादों के भाव बढ़ जाएंगे।
कच्चे तेल में उबाल का असर गैस पर भी
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें बढ़ने का असर प्राकृतिक गैस पर भी पड़ा है। इससे घरेलू बाजार में प्राकृतिक गैस महंगी हो गई है। हालांकि, इसका असर मोटर वाहनों में इस्तेमाल होने वाले सीएनजी और घरों में खाना बनाने के लिए इस्तेमाल होने वाले पीएनजी पर नहीं पड़ेगा। यह जानकारी गेल इंडिया लिमिटेड के अध्यक्ष बीसी त्रिपाठी ने दी। त्रिपाठी ने बताया कि घरेलू बाजार में प्राकृतिक गैस की कीमत तय करने के फार्मूले में 60 फीसदी हिस्सा कच्चे तेल बाजार के सूचकांक का भी होता है। इसलिए यहां प्राकृतिक गैस की कीमतों पर इसका प्रभाव पड़ रहा है।
बृहस्पतिवार को लगातार 11वें दिन पेट्रोल-डीजल की कीमत में बढ़ोतरी जारी रही। दिल्ली में पेट्रोल 23 पैसे, तो डीजल 19 पैसे प्रति लीटर महंगा हुआ। वहीं, मुंबई में पहली बार पेट्रोल की कीमतें 85.29 रुपये, जबकि डीजल 72.96 रुपये प्रति लीटर हो गया है। वहीं, अंडमान निकोबार द्वीव समूह के पोर्टब्लेयर में पेट्रोल की कीमत 66.76 रुपये, जबकि डीजल के दाम 64.22 रुपये प्रति लीटर रहे।
लगातार 11वें दिन बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम
अंडमान निकोबार के पोर्टब्लेयर में 66.76 रुपये प्रति लीटर
कर्नाटक विधानसभा चुनाव के दौरान 19 दिन तक दोनों ईंधनों के दाम में तब्दीली नहीं होने के बाद 14 मई से कीमतों में बढ़ोतरी का सिलसिला जारी है। तब से पेट्रोल 2.84 रुपये, जबकि डीजल 2.60 रुपये प्रति लीटर महंगा हो चुका है। तेल विपणन कंपनी इंडियल ऑयल के अनुसार 24 मई, 2018 को दिल्ली में पेट्रोल के दाम 77.47 रुपये, जबकि डीजल 68.53 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गया। पूरे देश में पेट्रोल की सबसे ज्यादा कीमत महाराष्ट्र के परभणी में रहीं। यहां पेट्रोल 86.98 रुपये, जबकि डीजल 73.49 रुपये प्रति लीटर रहा।