देश में 83 दिन के बाद पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोत्तरी हुई है। दोनों ईंधनों की कीमत में 60 पैसा प्रति लीटर तक की बढ़ोत्तरी हुई है। अब देश की राजधानी नई दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 71.68 रुपये प्रति लीटर हो गई है और डीजल की कीमत 69.99 रुपये प्रति लीटर हो गई है।
ये बढ़त अभी तक पूरे देश में लागू लॉकडाउन के कारण जारी प्रतिबंधों में छूट के बाद ईंधन की मांग बढ़ने पर कच्चे तेल की कीमतों में मामूली तेजी की वजह से हुई है। बता दें कि इससे पहले पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 16 मार्च को उतार-चढ़ाव दर्ज किया गया था, तब से ऐसा पहली बार हुआ है।
लॉकडाउन में धीरे-धीरे छूट दिए जाने के बाद अब निजी वाहनों और ऑटो-टैक्सी आदि को चलने की अनुमति दे दी गई है, जिसके चलते पेट्रोल-डीजल की मांग में अचानक वृद्धि हुई है। लॉकडाउन के तीन चरणों तक एक तरह से सड़कों पर वाहन न के बराबर निकलते थे।
एक अधिकारी ने कहा कि पेट्रोल-डीजल की कीमत में दैनिक बदलाव की प्रक्रिया दोबारा शुरू कर दी गई है। सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियां नियमित अंतराल पर विमान ईंधन और घरेलू रसोई गैस (एलपीजी) कीमतों में बदलाव कर रही थीं, लेकिन 16 मार्च से पेट्रोल और डीजल की कीमतें स्थिर बनी हुई थीं।
सरकार के पेट्रोल और डीजल पर उत्पाद शुल्क तीन रुपये प्रति लीटर बढ़ाए जाने के तुरंत बाद इनकी कीमतें स्थिर हो गईं। बाद में छह मई को सरकार के पेट्रोल पर 10 और डीजल पर 13 रुपये प्रति लीटर उत्पाद शुल्क और बढ़ाने के बावजूद इनकी कीमतें स्थिर बनी रहीं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों के रिकॉर्ड निचले स्तर पर चले जाने से कंपनियों को जो लाभ हुआ उन्होंने इससे सरकार द्वारा बढ़ाए गए उत्पाद शुल्क की बढ़ोत्तरी की।
इसी के साथ मुंबई और कोलकाता में पेट्रोल की कीमत 59 पैसे बढ़कर क्रमश: 78.91 रुपये और 73.89 रुपये प्रति लीटर हो गई। चेन्नई में यह बढ़ोत्तरी 53 पैसा रही और पेट्रोल 76.07 रुपये प्रति लीटर हो गया। डीजल की कीमत मुंबई में 58 पैसे की बढ़ोत्तरी के साथ 68.79 रुपये प्रति लीटर, कोलकाता में 55 पैसे की बढ़ोत्तरी के साथ 66.17 रुपये प्रति लीटर और चेन्नई में 68.22 रुपये से बढ़कर 68.74 रुपये प्रति लीटर हो गई।