सुप्रीम कोर्ट में एक याचिका दायर कर गणतंत्र दिवस पर किसानों की ट्रैक्टर रैली में हुई हिंसा की जांच के लिए एक सर्वोच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश की अध्यक्षता में आयोग के गठन की गुहार लगाई गई है। वकील विशाल तिवारी द्वारा दायर इस याचिका में कहा गया है कि 26 जनवरी को हुई हिंसा और राष्ट्रीय ध्वज के अपमान के लिए जो लोग व संगठन जिम्मेदार हैं, उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने का निर्देश दिया जाए।
मालूम हो कि तीन कृषि कानूनों को रद्द करने में आमदा किसानों ने 26 जनवरी को ट्रैक्टर रैली में राजधानी में जमकर उत्पात मचाया। इस दौरान सड़क पर अराजक स्थिति उत्पन्न हो गई थी। पुलिस के साथ हिंसक झड़प करने के बाद उन्होंने लाल किले पर एक धर्म विशेष का झंडा भी लगा दिया गया था।
इस प्रदर्शन में 100 से अधिक पुलिसकर्मी घायल भी हुए हैं। याचिका में कहा गया है कि सुप्रीम कोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश की अध्यक्षता में एक तीन सदस्यीय आयोग का गठन किया जाए जो साक्ष्यों को इकट्ठा करे और सुप्रीम कोर्ट के सामने जांच रिपोर्ट पेश करें। याचिका में कहा गया है कि आयोग में सुप्रीम कोर्ट के सेवानिवृत्त जज के अलावा हाईकोर्ट के दो सेवानिवृत्त जज होने चाहिएं।