सार
ओडिशा के गजपति जिले में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां आरडब्ल्यूएसएस दफ्तर में नए नियुक्त जूनियर इंजीनियर को कथित तौर पर पानी की जगह पेशाब पिला दिया। इंजीनियर की शिकायत पर जांच हुई तो सैंपल में 2.0 पीपीएम अमोनिया मिला। चपरासी पर शक जताया गया है, लेकिन उसने आरोपों से इनकार किया है।
ओडिशा के गजपति जिले के पारलाखेमुंडी स्थित ग्रामीण जल आपूर्ति एवं स्वच्छता विभाग (आरडब्ल्यूएसएस) के दफ्तर में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि एक नए नियुक्त जूनियर इंजीनियर को पीने के लिए पानी की बोतल में पेशाब दिया गया। यह घटना 23 जुलाई की बताई जा रही है। जूनियर इंजीनियर ने 18 जुलाई को जॉइन किया था और उन्होंने 23 जुलाई को आर उदयगिरी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवाई। उन्होंने आरोप लगाया कि विभाग के एक चपरासी ने उन्हें जो पानी की बोतल दी, उसमें पेशाब मिला हुआ था।
इंजीनियर ने बताया पूरा घटनाक्रम
मामले में इंजीनियर ने कहा कि जैसे ही उन्होंने पानी पिया, उन्हें उसकी गंध और स्वाद से शक हुआ। उस वक्त मौजूद दो अन्य कर्मचारियों ने भी पानी चखा और उन्हें भी कुछ गड़बड़ लगा। इसके बाद पानी के सैंपल को आरडब्ल्यूएसएस की लैब में जांच के लिए भेजा गया। प्राथमिक जांच में पानी में 2.0 पीपीएम (पार्ट्स पर मिलियन) अमोनिया पाया गया, जिससे उसमें पेशाब की मिलावट की आशंका जताई गई है।
ये भी पढ़ें:- FSSAI: हर रेस्टोरेंट-ढाबे पर रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट लगाने का आदेश, शिकायत के लिए होगा एप का क्यूआर कोड
पुलिस का क्या कहना है?
वहीं इस मामले में बात अगर पुलिस के बयान की करें तो गजपति के एसपी जतिन्द्र कुमार पांडा ने बताया कि फिलहाल चपरासी को गिरफ्तार नहीं किया गया है, क्योंकि उसके खिलाफ कोई ठोस सबूत नहीं मिला है। लेकिन उसे नोटिस देकर जवाब मांगा गया है। इसके बाद पानी के नमूने को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है और चपरासी व इंजीनियर दोनों के नमूने लिए गए हैं।
ये भी पढ़ें:- भारतीय सेना ने किया बड़ा रक्षा सौदा: खरीदेगी 212 स्वदेशी टैंक ट्रांसपोर्टर ट्रेलर, सैन्य परिचालन क्षमता में होगा इजाफा
चपराशी ने आरोपों से किया इनकार, तो इंजीनियर ने की मांग
हालांकि चपरासी ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि मैंने तो सिर्फ प्योरीफायर से पानी की बोतल भरी थी और इंजीनियर के कमरे में रख दी थी। उसके बाद क्या हुआ, मुझे कुछ नहीं पता। वहीं इंजीनियर ने मांग की कि यह मेरे आत्म-सम्मान से जुड़ा मामला है। मैं अपमानित महसूस कर रहा हूं और पूरी जांच चाहता हूं। फिलहाल पुलिस जांच जारी है और सभी साक्ष्यों की गहराई से जांच की जा रही है।