कांग्रेस नेता राहुल गांधी के ट्वीट पर एक बार फिर विवाद खड़ा हो गया है। राहुल ने अपने ट्वीट में लिखा है कि भारत अब लोकतांत्रिक नहीं रहा। इसे लेकर भाजपा ने भी पलटवार किया है। पार्टी के प्रवक्ता संबित पात्रा ने पलटवार करते हुए कहा है कि यदि राहुल गांधी को लगता है कि अब हिंदुस्तान लोकतांत्रिक देश नहीं है और पाकिस्तान बन गया है तो वो मुक्त हैं, बोरिया-बिस्तर उठा कर अपनी नानी के घर जाएं और वहीं से चुनाव लड़ें। उन्होंने कहा कि राहुल के आरोप के बाद क्या भारत अलोकतांत्रिक देश हो जाएगा। संबित ने कहा कि जब भी भारत के खिलाफ बोला जाता है और पाकिस्तान से बदतर बोला जाता है तब राहुल गांधी इसका जोर-शोर से प्रचार करना शुरू कर देते हैं। उन्होंने सवाल किया कि जब भी किसी विदेशी संस्था द्वारा भारत को पाकिस्तान से नीचे दिखाया जाता है तो राहुल गांधी को इतनी खुशी क्यों होती है?