वल्लभ भाई पटेल मूर्ति (फाइल फोटो)
गृह राज्य गुजरात के अमरेली क्षेत्र में चुनावी सभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधा। प्रधानमंत्री ने बृहस्पतिवार को कहा कि गुजरात में सरदार पटेल की विशाल प्रतिमा देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू का कद छोटा करने के लिए नहीं लगाई है। कांग्रेस पटेल को खुद का नेता बताती है, लेकिन उनका एक भी नेता अभी तक स्टेच्यू ऑफ यूनिटी देखने नहीं गया है।
पीएम मोदी ने भाषण राष्ट्रवाद पर केंद्रित रखते हुए आतंकवाद, जम्मू कश्मीर और पाकिस्तान पर कांग्रेस को घेरा। कहा, पहले चाहे पूना, अहमदाबाद, हैदराबाद हो अथवा काशी और जम्मू, लगातार बम विस्फोट होते रहते थे। 5 साल में देश में कहीं भी बम विस्फोट नहीं हुए। उन्होंने सवाल किया, क्या यह राष्ट्र सेवा नहीं है? क्या आप सुरक्षित महसूस नहीं करते? 2008 में मुंबई आतंकी हमले के बाद कांग्रेस ने क्या किया, जबकि केंद्र में उन्हीं की सरकार थी? क्या तब आप सभी गुस्सा नहीं हुए थे? क्या आपको लगता है कि वह भरोसे के लायक है?
400 से 40 सीटों पर सिमटी पार्टी देख रही सत्ता का ख्वाब
मोदी ने कहा, ‘देश की सबसे पुरानी पार्टी आजादी के बाद पहली बार सबसे कम सीटों पर चुनाव लड़ रही है। यह है गुजरात के एक चाय वाले की ताकत।’ पीएम ने तंज कसा, वह 2014 के चुनावों में 400 से 40 सीटों पर सिमट गई, इसके बावजूद सत्ता हासिल करने का ख्वाब देख रही है। उन्होंने खुद को तराशने में गुजरात का योगदान बताया। कहा, गुजरात के साथ के कारण ही वह चीन के साथ डोकलाम जैसे मुद्दे पर दृढ़ता से कायम रह पाए। यह चुनावी रैली नहीं बल्कि गुजरात के लोगों को धन्यवाद कहने की रैली है।
कश्मीर में ढाई जिलों में सिमट गया आतंकवाद
मोदी ने कश्मीर मुद्दे के अनसुलझा रहने के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार बताया। कहा, हमारी सरकार में जम्मू कश्मीर में आतंकवाद ढाई जिलों तक सिमट गया है। इन्हें छोड़कर राज्य में कहीं भी आतंकवाद नहीं है। पंचायत चुनावों में करीब 75 फीसदी वोटिंग हुई और वह भी बिना किसी हिंसा के। मोदी ने कर्नाटक के बागलकोट और चिक्कोदी में राज्य की जेडीएस-कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, दोनों में हर मुद्दे पर मतभेद हैं, लेकिन भ्रष्टाचार व वंशवाद और राष्ट्रवाद व मेरे खिलाफ बोलने के मामले में एक हैं।