कोलकाता एयरपोर्ट पर बंगाल के बागडोगरा जा रही एयर एशिया की फ्लाइट साढ़े चार घंटे लेट हो गई। यात्रियों का आरोप है कि उन्हें डेढ़ घंटे तक विमान के अंदर ही बैठाकर रखा गया। इस दौरान एयर एशिया के स्टाफ ने यात्रियों के साथ बदसलूकी तक की। यात्री शिकायत ना करें इसलिए विमान के पायलट ने एयर कंडीशनर (एसी) के ब्लोअर को तेजी से चला दिया। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है।
इस मामले पर
एयर एशिया का कहना है कि विमान में तकनीकी खराबी आ गई थी और किसी यात्री के साथ बदसलूकी नहीं की गई है। घटना एयर एशिया के विमान आई-5583 में बुधवार सुबह 9 बजे की है। विमान को कोलकाता से बालडोगरा जाना था। विमान में सवार इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के बंगाल के कार्यकारी निदेशक दीपांकर रे ने बताया कि शुरुआत में विमान की उड़ान में 30 मिनट देरी थी। हालांकि बोर्डिंग करवा दी गई थी। मगर इसके डेढ़ घंटे बाद भी हमें विमान के अंदर रखा गया।
दीपांकर ने आगे बताया कि इस दौरान विमान में कंपनी की तरफ से खाने-पीने की कोई व्यवस्था भी नहीं की गई। स्टाफ का रवैया गैर-पेशेवर और असभ्य था। इसके बाद पायलट ने यात्रियों को तेज बारिश में विमान से उतर जाने के लिए कहा। जब उस परिस्थिति में यात्रियों ने उतरने से मना कर दिया तो पायलट ने लोगों को डराने के लिए एसी का ब्लोअर तेजी से चला दिया। जिसके कारण विमान में डरावना माहौल पैदा हो गया। इससे विमान के अंदर धुंध का माहौल बन गया जिससे लोगों का दम घुटने लगा।
दीपांकर ने अपने फेसबुक अकाउंट पर घटना का एक वीडियो शेयर किया है। वीडियो शेयर किए जाने के बाद कंपनी ने बयान जारी किया है। एयर एशिया ने कहा, 'तकनीकी दिक्कतों की वजह से फ्लाइट को उड़ान भरने में साढ़े चार घंटे की देरी हुई थी। हम इसके लिए खेद जताते हैं। हम इस बात को साफ कर देना चाहते हैं कि
तकनीकी दिक्कतों की वजह से एसी की ऐसी स्थिति हुई थी। विमान में सवार किसी भी यात्री की सुरक्षा को हमने खतरे में नहीं डाला।'