डिब्रूगढ़ राजधानी में ट्रेन के भीतर पांच बम होने की झूठी सूचना देने वाले व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया है। रेलवे अधिकारियों ने इस बात की जानकारी दी है। गौरतलब है कि बम की सूचना मिलने के बाद अधिकारियों ने आनन-फानन में ट्रेन को दादरी रेलवे स्टेशन पर रोक दिया था।
रेलवे के एक प्रवक्ता ने लोगों से आपातकालीन सेवाओं और सोशल मीडिया साइटों का दुरुपयोग नहीं करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि ऐसा करने से न केवल अधिकारियों को बल्कि दूसरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
प्रवक्ता ने कहा कि जिस व्यक्ति ने ट्वीट किया कि नई दिल्ली-डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस में पांच बम हैं, उसे 18 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया। कृपया आपातकालीन सेवाओं और सामाजिक वेबसाइटों का दुरुपयोग न करें, जो न केवल हमें बल्कि दूसरों को भी प्रभावित करती हैं।
आगरा के पुलिस अधीक्षक (जीआरपी) ने बताया कि 26 वर्षीय संजीव सिंह गुर्जर की झूठी अफवाह देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। उस पर आईपीसी की धारा 505 बी और रेलवे अधिनियम की धारा 174 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
बता दें कि डिब्रूगढ़ राजधानी में एक यात्री की ओर से दी गई ट्रेन के भीतर पांच बम होने की सूचना के बाद ट्रेन को दिल्ली के निकट दादरी रेलवे स्टेशन पर रोक लिया गया। साथ ही जांच एजेंसियों ने अपने दस्ते के साथ वहां पहुंचकर जांच की। जांच के दौरान कोई बम नहीं मिला। जांच अधिकारियों ने बताया कि व्यक्ति द्वारा दी गई सूचना अफवाह निकली।
एक अधिकारी ने इस बात की जानकारी दी थी कि संजीव सिंह गुर्जर नाम के एक यात्री ने ट्वीट कर कहा था कि 'मैं आपको बताना चाहता हूं कि राजधानी (12424) जो कानपुर सेंट्रल से नई दिल्ली जा रही है, उसमें पांच बम मौजूद हैं। रेल मंत्री पीयूष गोयल, दिल्ली पुलिस और आईआरसीटीसी इस संबंध में तेजी से कोई कार्रवाई कीजिए।'
डीबीआरटी राजधानी 12424 नई दिल्ली से डिब्रूगढ़ के बीच चलती है। यह दिल्ली से सुबह 4.10 बजे अपनी यात्रा शुरू करती है और सुबह सात बजे गंतव्य पर पहुंचती है।