संसद का शीतकालीन सत्र सोमवार यानी आज से शुरू होगा। विपक्ष ने 12 राज्यों और संघशासित क्षेत्रों में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर), दिल्ली आत्मघाती बम धमाके और दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण की खराब स्थिति पर चर्चा की मांग कर सत्र को हंगामेदार बनाने के आसार जता दिए हैं। वहीं, सरकार ने 19 दिसंबर तक चलने वाले सत्र में असैन्य परमाणु क्षेत्र को निजी कंपनियों के लिए खोलने समेत 13 विधेयकों के जरिये अपने सुधार के एजेंडे पर आगे बढ़ाने की तैयारी की हुई है। पीएम नरेंद्र मोदी सोमवार सुबह 10 बजे संसद के हंस द्वार पर मौजूदा सत्र के दौरान सरकार के विकास के एजेंडे के बारे में जानकारी देंगे।
फिदायीन हमला बड़ी सुरक्षा चूक
बैठक में वायु प्रदूषण से राजधानी के बिगड़े हालात और फिदायीन हमले का मामला भी उठा। हमले को बड़ी सुरक्षा चूक बताते हुए तत्काल चर्चा की मांग की गई। सदस्यों ने सरकार पर वायु प्रदूषण से निपटने का प्रयास न करने का आरोप लगाया। विपक्ष ने आरोप लगाया कि विधानसभाओं से पास विधेयकों को राज्यपाल रोके हुए हैं। विपक्ष के शासन वाले राज्यों का पैसा भी रोका जा रहा।
ये भी पढ़ें:- Parliament session: शीतकालीन सत्र में सरकार को घेरने की तैयारी में कांग्रेस, सोनिया गांधी के आवास पर अहम बैठक
सरकार संविधान सम्मत हर मुद्दे पर चर्चा को तैयार
सरकार संविधान व नियम सम्मत सभी मुद्दों पर चर्चा करने के लिए तैयार है। बेहतर चर्चा के लिए विपक्ष सरकार को सहयोग दे। कई अहम विधेयक पेश होने हैं। इन्हें पारित कराने में विपक्ष सहयोग करे। -किरेन रिजिजू, संसदीय कार्य मंत्री