इसके अलावा दिल्ली और देश के अन्य हिस्सों में कर चोरी की घटनाएं पर पूछे गए सवाल के जवाब में, चौधरी ने कहा कि आयकर चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं, इसका कोई सबूत नहीं है। हालांकि, देश में जीएसटी और सीमा शुल्क चोरी के मामलों का पता लगाने में समग्र वृद्धि हुई है। इसके अलावा उन्होंने बताया कि 23 नवंबर तक सकल प्रत्यक्ष कर संग्रह (रिफंड को समायोजित किए बिना) 8.15 लाख करोड़ रुपये से अधिक रहा, जो पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि के संग्रह की तुलना में 48.11 अधिक है। चौधरी ने बताया कि चालू वित्त वर्ष में कोविड का प्रकोप घटने के बाद से सकल जीएसटी संग्रह लगातार बढ़ रहा है। मार्च 2021 को समाप्त वित्त वर्ष 2020-21 के लिए सकल जीएसटी संग्रह 11.36 लाख करोड़ रुपये से अधिक था, जबकि चालू वित्त वर्ष में अक्टूबर तक यह 8.10 लाख करोड़ रुपये हो चुका था।
देश के प्रत्यक्ष कर राजस्व संग्रह में 68 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने सोमवार को बताया कि एक अप्रैल से 23 नवंबर के दौरान शुद्ध प्रत्यक्ष कर संग्रह बढ़कर 6.92 लाख करोड़ हो गया है। लोकसभा में पूछे गए एक सवाल के लिखित जवाब में उन्होंने बताया कि वित्त वर्ष 2021-22 के लिए 23 नवंबर, 2021 तक शुद्ध प्रत्यक्ष कर राजस्व के तौर पर 6,92,833.6 करोड़ रुपये जमा हुए हैं। यह वित्त वर्ष 2020-21 की इसी अवधि के संग्रह से 67.93 फीसदी और वित्त वर्ष 2019-20 के संग्रह से 27.29 फीसदी अधिक है। 2020-21 और 2019-20 में एक अप्रैल से 23 नवंबर के दौरान शुद्ध कर राजस्व संग्रह क्रमश: 4.12 लाख करोड़ व 5.44 लाख करोड़ रहा।
सरकार ने सोमवार को स्पष्ट किया कि देश में बिटकॉइन को वैध मुद्रा के तौर पर मान्यता देने का कोई प्रस्ताव नहीं है। वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने लोकसभा में पूछे गए एक सवाल के जवाब में कहा कि सरकार बिटकॉइन लेनदेन के आंकड़े नहीं जुटाती है। बिटकॉइन एक डिजिटल मुद्रा है जिससे लोग बैंकों, क्रेडिट कार्ड या किसी अन्य साधन के बगैर वस्तुएं और सेवाएं खरीद सकते हैं और लेनदेन भी कर सकते हैं।
संसद के शीत सत्र में सरकार ने क्रिप्टोकरेंसी और आधिकारिक डिजिटल मुद्रा विधेयक 2021 पेश करने की योजना बनाई है। इस विधेयक में सभी निजी क्रिप्टोकरेंसी पर प्रतिबंध लगाने लेकिन कुछ डिजिटल लेनदेन को जारी रखने का प्रावधान है। साथ ही भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा जारी आधिकारिक डिजिटल करेंसी को मंजूरी देने की भी योजना है।
सरकार ने राज्यसभा में कहा कि सशस्त्र बलों में कोविड-19 से कुल 190 जवानों की मौत हुई है, जिसमें सेना में अधिकतम 137 लोग शामिल हैं। रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट द्वारा उपलब्ध कराए गए विवरण के अनुसार, भारतीय वायु सेना में 49 और भारतीय नौसेना में चार कर्मियों की मौत हुई। एक सवाल के जवाब में भट्ट ने कहा कि सेना में 45,576 कोरोना के मामले सामने आए, जबकि भारतीय वायु सेना में यह संख्या 14,022 थी और यह नौसेना में यह आंकड़ा 7,747 था।
विपक्ष के हंगामा के चलते लोकसभा की कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित कर दी गई है।
लोकसभा में कृषि कानून वापसी विधेयक पास होने के बाद इसे अब राज्यसभा में पेश कर दिया गया है।
शीतकालीन सत्र शुरू होने से पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ट्वीट कर सरकार पर निशाना साधा है। राहुल ने लिखा है कि आज संसद में अन्नदाता के नाम का सूरज उगाना है।