खरगे और सभापति के बीच भी हुई बहस
खरगे ने पीएम मोदी और केंद्र सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए। इसपर बीच-बीच में सभापति जगदीप धनखड़ ने उन्हें टोका भी। गौतम अदाणी के कर्ज माफी और किसानों को बेसहारा छोड़ देने के खरगे के आरोपों पर सभापति जगदीप धनखड़ ने टोक दिया। धनखड़ ने खरगे से इसका सबूत पेश करने के लिए कहा। सभापति ने कहा, 'इसे ऑथेंटिकेट कर दीजिए। ये कोर्ट का ऑर्डर नहीं है। इस मंच से केवल उसी विषय में बात होगी, जो देश से जुड़ा होगा। बिना आधार के इस जगह से आरोप नहीं लगाए जा सकते हैं।'
खरगे ने आगे कहा, 'अगर मैं सच कहता हूं तो ये राष्ट्रविरोधी है। मैं किसी भी आदमी से ज्यादा देशभक्त हूं। मैं अफगानिस्तान या जर्मनी से नहीं आया हूं। मैं भारतीय हूं। आप मेरी भावनाएं आहत कर रहे हैं।' इसपर सभापति ने कहा, 'मैं जानता हूं कि आप देशभक्त हैं मिस्टर खरगे। मैं ना इस तरफ हूं और ना उस तरफ... मैं संविधान की साइड में हूं।'
खरगे ने अपने संबोधन में कहा, 'किस तरह से एक आदमी 12 लाख करोड़ पर कब्जा करके बैठा है। जेपीसी बनाइए और अगर ये घोटाला करने वाले हरिश्चंद्र निकले, पाक-साफ निकले तो हम इन्हें माला पहनाएंगे।' कब्जा शब्द बोलने पर फिर से सभापति ने खरगे को टोक दिया।
खरगे ने आगे जेपीसी की मांग करते हुए सभापति जगदीप धनखड़ की तारीफ करनी शुरू कर दी। उन्होंने कहा, 'सभापतिजी बहुत अच्छे एडवोकेट हैं। कुछ बातें बताऊं। आपने मुझे बताया था कि जब आप वकालत करते थे तो शुरू-शुरू में हाथ से पैसे गिनते थे। बाद में मशीन ले लिया और मशीन से पैसे गिनने शुरू कर दिए।' इसपर सभापति ने हंसते हुए कहा, हाथ जोड़ता हूं। मैंने मशीन से पैसे गिनने की बात नहीं की है। ये गलत है। लगता है कि आप मुझपर भी जेपीसी बैठाएंगे।'
खरगे ने जांच एजेंसियों को लेकर भी सरकार पर आरोप लगाए। कहा, 'आप लोगों की सरकार नहीं बनती तो ईडी और सीबीआई लगा देते हैं। तोड़फोड़ करके सरकार बनाते हैं। एक-दो सरकार कम बनी तो क्या होगा। कहीं ना कभी चाभी फिराकर आप लोगों को पार्टी में ले आते हो। कर्नाटक, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, मणिपुर और गोवा की सरकार। कितने सबूत हैं। मोदी-शाह ने एक वॉशिंग मशीन खरीदी है। जो भी ईडी-इनकमटैक्स केस वाले लोगों को अपनी पार्टी में लेते हैं और वॉशिंग मशीन में डाल देते हैं। वो क्लीन होकर निकलते हैं।'
इसपर सभापति ने टोकते हुए कहा, 'बिना आधार के ऐसे बयान नहीं दिये जाने चाहिए। ऐसे बयानों से संस्थानों की गरिमा गिरती है। आज की कार्यवाही पूरी होने तक इसका आधार बताइए।'