संसद के विशेष सत्र से एक दिन पहले रविवार को सरकार ने सर्वदलीय बैठक की। इस दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष समेत कई दलों ने महिला आरक्षण विधेयक को संसद में पेश करने पर जोर दिया। बैठक में कई नेताओं ने कहा कि लंबे समय से लंबित इस विधेयक को पेश किया जाना चाहिए। इसे आम सहमति से पारित किया जा सकता है। विधेयक में लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए एक तिहाई सीट आरक्षित करने का प्रावधान है।
बैठक के बाद केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि पहले दिन सत्र पुराने संसद भवन में चलेगा। अगले दिन यानी 19 सितंबर को पुराने संसद में फोटो सेशन होगा। फिर 11 बजे सेंट्रल हॉल में एक समारोह होगा। उसके बाद हम नई संसद में प्रवेश करेंगे। नई संसद में 19 को संसद का सत्र चलेगा और 20 से नियमित सरकारी कामकाज होगा।
इससे पहले सर्वदलीय बैठक में बीजू जनता दल (बीजद) और भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) समेत कई क्षेत्रीय दलों ने महिला आरक्षण विधेयक को संसद में पेश करने पर जोर दिया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, लोकसभा में सदन के उपनेता और केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, राज्यसभा में सदन के नेता प्रह्लाद जोशी ने बैठक में सरकार का प्रतिनिधित्व किया।
कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी, पूर्व प्रधानमंत्री और जद (एस) नेता एच.डी. देवेगौड़ा, द्रमुक सांसद कनिमोझी, तेदेपा के राम मोहन नायडू, तृणमूल कांग्रेस के डेरेक ओब्रायन, आम आदमी पार्टी के संजय सिंह, बीजद के सस्मित पात्रा, बीआरएस नेता के. केशव राव, वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के वी. विजयसाई रेड्डी, राजद के मनोज झा, जदयू के अनिल हेगड़े और समाजवादी पार्टी के रामगोपाल यादव ने बैठक में हिस्सा लिया।
सभी सांसदों को तस्वीर खिंचवाने के लिए आमंत्रित किया गया
लोकसभा और राज्यसभा के सभी सदस्यों को समूह में तस्वीर खिंचवाने के लिए मंगलवार को आमंत्रित किया गया है। लोकसभा सचिवालय द्वारा जारी बुलेटिन के मुताबिक, सभी सांसदों को समूह में तस्वीर खिंचवाने के लिए मंगलवार को सुबह नौ बजकर 30 मिनट पर आमंत्रित किया गया है। सांसदों को संसद की नई इमारत में दाखिल होने के लिए नया पहचान पत्र जारी किया गया है।
किसने क्या कहा?
- कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि सभी विपक्षी दलों ने विशेष संसद सत्र में महिला आरक्षण विधेयक पारित करने की मांग की।
- सर्वदलीय बैठक के बाद भाजपा सहयोगी और राकांपा नेता प्रफुल्ल पटेल ने कहा कि हम सरकार से इस संसद सत्र में महिला आरक्षण विधेयक पारित करने की अपील करते हैं। 19 सितंबर को गणेश चतुर्थी के शुभ अवसर पर संसद नए भवन में स्थानांतरित हो जाएगी।
टीडीपी ने उठाया नायडू की गिरफ्तारी का मामला
तेलुगू देशम पार्टी ने सर्वदलीय बैठक में चंद्रबाबू नायडू की गिरफ्तारी का मुद्दा उठाया और कहा कि वह इसे संसद में भी उठाएगी। टीडीपी सांसद राम मोहन नायडू ने कहा कि उनकी पार्टी ने अवैध गिरफ्तारी का मुद्दा उठाया। हम इस मुद्दे को संसद में भी उठाएंगे।
इससे पहले बुधवार को केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने बताया था कि पांच दिवसीय विशेष सत्र से एक दिन पहले 17 सितंबर को सभी दलों के नेताओं की बैठक बुलाई गई है। विशेष सत्र 18 से 22 सितंबर तक आयोजित किया जाएगा।
पिछले महीने संपन्न हुआ संसद का मानसून सत्र पुराने संसद भवन में आयोजित किया गया था। विशेष सत्र में संसद की 75 साल की यात्रा पर चर्चा होगी, जिसकी शुरुआत संविधान सभा से होगी, जिसकी पहली बैठक 9 दिसंबर, 1946 को हुई थी। संसदीय बुलेटिन में कहा गया कि पांच बैठकों के लंबे विशेष सत्र के पहले दिन संसद में 'संविधान सभा से शुरू होने वाली 75 वर्षों की संसदीय यात्रा - उपलब्धियां, अनुभव, यादें और सीख' पर चर्चा होगी।
इससे पहले रविवार सुबह उपराष्ट्रपति और राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ ने नए संसद भवन में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। सोमवार से शुरू होने वाले विशेष सत्र में संसदीय कार्यवाही पुराने से नए भवन में स्थानांतरित हो जाएगी। उपराष्ट्रपति धनखड़ ने नए संसद भवन के 'गज द्वार' के ऊपर झंडा फहराया। इस अवसर पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला भी मौजूद थे।