फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Monsoon Session: राज्यसभा के बाद लोकसभा की कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित; महिला सांसद से लूट का मामला भी उठा

Mon, 04 Aug 2025 02:26 PM IST
पवन पांडेय न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

Parliament Monsoon Session 2025 News: संसद के मानसून सत्र के 11वें दिन लोकसभा की कार्यवाही विपक्ष के हंगामे की भेंट चढ़ गई है। वहीं राज्यसभा सांसद शिबू सोरेन के निधन के कारण राज्यसभा की कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित कर दी गई।इससे पहले लगातार 10 दिन से संसद का मानसून सत्र राजनीतिक टकराव का केंद्र बना हुआ है। सरकार अपने विधायी कार्यों को आगे बढ़ाना चाहती है, वहीं विपक्ष एसआईआर समेत मुद्दों पर बहस को लेकर अड़ा हुआ है।

विज्ञापन
संसद के मानसून सत्र - फोटो : एएनआई / अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

लाइव अपडेट

02:26 PM, 04-Aug-2025

सदन की स्थिति देखकर मुझे दुख हुआ: रिजिजू
लोकसभा में विपक्षी सांसदों के नारे लगाने पर केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा, 'आज सदन की स्थिति देखकर मुझे दुख हुआ। सभी दलों ने मिलकर राष्ट्रीय खेल प्रशासन विधेयक और राष्ट्रीय डोपिंग रोधी संशोधन विधेयक पर चर्चा करने और उसे पारित करने का फैसला किया था। विपक्ष के अनुरोध पर हम इन विधेयकों पर चर्चा के लिए दो दिन आवंटित करने पर सहमत हुए। अब जब हम खिलाड़ियों के लिए यह महत्वपूर्ण विधेयक लाए हैं, तो विपक्ष व्यवधान पैदा कर रहा है। खेल मंत्री भी चर्चा के लिए तैयार हैं। आप न केवल वह नहीं कह रहे हैं जो आप कहना चाहते हैं, बल्कि सदन का समय भी बर्बाद कर रहे हैं।'

02:14 PM, 04-Aug-2025

दोनों सदनों की कार्यवाही स्थगित
विपक्ष के हंगामे की वजह से लोकसभा की कार्यवाही कल सुबह तक के लिए स्थगित कर दी गई। राज्यसभा की कार्यवाही पहले ही कल तक के लिए स्थगित कर दी गई थी।

02:13 PM, 04-Aug-2025

मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर विपक्ष का हंगामा
स्थगन के बाद दोपहर दो लोकसभा का कार्यवाही शुरू हुई। महिला सांसद से लूट का मामला लोकसभा में उठा। इसके अलावा मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर विपक्ष का हंगामा जारी है। भारी हंगामे और नारेबाजी के बीच केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि इस तरह हंगामा करना ठीक नहीं है। विपक्ष सदन को ठीक से चलने दे।

विज्ञापन
01:10 PM, 04-Aug-2025

लोकसभा अध्यक्ष की विपक्षी सांसदों से अपील
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सदन में सांसदों से विरोध प्रदर्शन बंद करने की अपील की। उन्होंने कहा कि ऐसी रुकावटें लोकतंत्र के लिए उचित नहीं हैं। विपक्षी सांसदों के विरोध के कारण लोकसभा की कार्यवाही आज दोपहर 2 बजे तक स्थगित की गई।
 

01:04 PM, 04-Aug-2025

केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया ने दिया उत्तर
लोकसभा की कार्यवाही स्थगित होने से पहले केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया ने लोकसभा में प्रश्नकाल के दौरान सरकारी क्षेत्र की कंपनियों में रोजगार के संबंध में सदस्य की तरफ से पूछे गए प्रश्नों का उत्तर दिया।
 

विज्ञापन
12:46 PM, 04-Aug-2025

आज सरकार पूरी तरह से चरमरा गई है- इमरान मसूद
कांग्रेस महिला सांसद से दिल्ली के सबसे सुरक्षित इलाके में छिनैती के मामले पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा, 'जब कोई महिला सांसद इतने सुरक्षित क्षेत्र में भी सुरक्षित नहीं है तो देश के अन्य भागों में क्या हाल होगा, यह सभी के सामने है। आज सरकार पूरी तरह से चरमरा गई है। लोकतंत्र के मंदिर में लोकतंत्र की बात करने को तैयार नहीं है। अगर लोकतंत्र ही नहीं बचेगा तो संसद का क्या होगा?'
 

12:37 PM, 04-Aug-2025

विपक्ष दुविधा में है- अरुण भारती
एलजेपी (रामविलास) नेता अरुण भारती ने कहा, 'मुझे लगता है कि विपक्ष दुविधा में है क्योंकि लोकसभा चुनाव और महाराष्ट्र चुनाव के समय में वो ही आरोप लगाते थे कि मतदाता सूची में NDA के ज्यादा वोटर हैं इसलिए हम चुनाव हार जाते हैं। इसको लेकर उन्होंने चुनाव आयोग से शिकायत भी की थी। जब चुनाव आयोग उनकी इस शिकायत पर कार्रवाई कर रहा है, तब भी उन्हें आपत्ति है...उनका मुद्दा क्या है, पहले वो इसको क्लियर कर लें।'
 

11:46 AM, 04-Aug-2025

एसआईआर बहुत बड़ा मुद्दा, सरकार को इसपर चर्चा करनी चाहिए- प्रियंका
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, 'यह (एसआईआर) बहुत बड़ा मुद्दा है और सरकार को इसपर चर्चा करनी चाहिए। चर्चा करें और आगे बढ़ें।'
 

11:15 AM, 04-Aug-2025

लोकसभा की भी कार्यवाही दोपहर दो बजे तक स्थगित
लोकसभा की कार्यवाही सुबह 11 बजे शुरू होने के कुछ ही देर बाद दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित हो गई है।
 

11:09 AM, 04-Aug-2025

राज्यसभा की कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित
सोमवार को राज्यसभा की कार्यवाही शुरु होने के बाद सबसे पहले राज्यसभा सांसद शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि दी गई। इसके बाद सदन की कार्यवाही को मंगलवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया। 81 वर्षीय शिबू सोरेन का सोमवार को लंबी बीमारी के कारण निधन हो गया है, वे एक महीने से ज्यादा समय से दिल्ली में सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती थे।
 
 

11:04 AM, 04-Aug-2025

संसद की कार्यवाही शुरू, शिबू सोरेन को दी गई श्रद्धांजलि
संसद की कार्यवाही शुरू हो गई है। इस दौरान राज्यसभा में सबसे पहले झारखंड के पूर्व सीएम और राज्यसभा सांसद शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि दी गई। बता दें कि दिशोम गुरु के नाम से प्रसिद्ध शिबू सोरेन पिछले एक महीने से अस्पताल में भर्ती थे और सोमवार सुबह उनका निधन हो गया। उनके बेटे और झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन ने उनके निधन की जानकारी दी।

10:46 AM, 04-Aug-2025

इंडिया ब्लॉक की बैठक में शामिल होंगे उद्धव ठाकरे
शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने कहा कि, '7 अगस्त को इंडिया ब्लॉक की बैठक है। राहुल गांधी ने इसके लिए निमंत्रण दिया है। उन्होंने व्यक्तिगत रूप से सभी को फोन करके निमंत्रण दिया है। 7 अगस्त की बैठक के लिए उद्धव ठाकरे 6 अगस्त को दिल्ली आएंगे। वह 8 अगस्त तक दिल्ली में रहेंगे। वह बैठक में शामिल होंगे और सभी से मिलेंगे। वह संसद परिसर में हमारे नए पार्टी कार्यालय भी जाएंगे। हम दिल्ली में बड़े नेताओं से मिलने की कोशिश करेंगे'।
 

10:38 AM, 04-Aug-2025

चुनावी धोखाधड़ी को बढ़ावा दे रहा है चुनाव आयोग- कांग्रेस सांसद
कांग्रेस सांसद किरण कुमार चमाला ने एसआईआर के मुद्दे पर कहा, 'भारत का चुनाव आयोग, खासकर बिहार में विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान, मतदाताओं को हाशिए पर रखकर, चुनावी धोखाधड़ी को बढ़ावा दे रहा है... महाराष्ट्र चुनाव के दौरान हमने साफ़ तौर पर देखा कि विधानसभा चुनाव और लोकसभा चुनाव के बीच लगभग एक करोड़ मतदाता जोड़े गए थे, जिस पर ठीक से ध्यान नहीं दिया गया, लेकिन इस बार हम सभी विपक्षी दल चाहते हैं कि भारत का चुनाव आयोग पारदर्शी हो। हम चाहते हैं कि इस पर संसद में, राज्यसभा और लोकसभा में भी चर्चा हो, लेकिन वे(सत्ता पक्ष) इसमें रुचि नहीं ले रहे हैं। यह एक लोकतांत्रिक देश है, जो कि दुनिया की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक व्यवस्था है... मतदाता सूची में नाम जुड़ रहे हैं और हटाए जा रहे हैं। ऐसे में ऐसा क्यों हो रहा है या किस आधार पर हो रहा है, यह स्पष्ट होना चाहिए...अभी बिहार में चुनाव हैं। इसके बाद पश्चिम बंगाल में चुनाव होंगे। फिर असम में चुनाव होंगे। अगर यही सिलसिला चलता रहा तो इस देश में लोकतंत्र डिरेल हो जाएगा।'
 

10:17 AM, 04-Aug-2025

भारत को अपने हित सर्वोच्च रखने हैं- प्रमोद तिवारी
अमेरिकी राष्ट्रपति की तरफ से भारतीय उत्पादों पर 25% टैरिफ लगाने के मामले पर कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी ने कहा, 'भारत को अपने हित सर्वोच्च रखने हैं। अगर कहीं सस्ता कच्चा तेल उपलब्ध है तो हमें उसे खरीदना चाहिए। सोवियत रूस हमारा एक विश्वस्त सहयोगी रहा है।'
 

10:11 AM, 04-Aug-2025

कांग्रेस सांसद मल्लू रवि ने दिया स्थगन प्रस्ताव
कांग्रेस सांसद मल्लू रवि ने कहा, 'आज, मैंने लोकसभा महासचिव को तेलंगाना राज्य के एक अत्यंत महत्वपूर्ण मुद्दे को उठाने के लिए समय देने का अनुरोध करते हुए एक स्थगन प्रस्ताव दिया है। तेलंगाना राज्य ने वैज्ञानिक जाति जनगणना के बाद पिछड़ी जातियों के लिए 42% आरक्षण पारित किया है। इसे राज्यपाल के पास भेजा गया, जिन्होंने इसे राष्ट्रपति के पास भेज दिया। इसी तरह, हमने पिछली बीआरएस सरकार की तरफ से जारी किए गए सरकारी आदेश को भी रद्द कर दिया है, जिसमें आरक्षण की 50% सीमा बरकरार रखी गई थी। हम 50% आरक्षण की सीमा को हटाना चाहते हैं ताकि पिछड़ी जातियों को 42% आरक्षण दिया जा सके। ये दोनों अध्यादेश और विधेयक राष्ट्रपति के पास लंबित हैं। इसलिए, अगर ये दोनों बातें मंजूर नहीं होतीं, तो हम पिछड़ी जातियों को 42% आरक्षण देकर स्थानीय निकाय चुनाव नहीं करा सकते। इसलिए हम आज इस स्थगन प्रस्ताव पर विचार करना चाहते हैं। हम आज इस मुद्दे को उठाएंगे। हमारे मुख्यमंत्री, पूरा मंत्रिमंडल, विधायक और विधान पार्षद दिल्ली में जंतर-मंतर पर धरना देने आ रहे हैं, ताकि भारत सरकार पर इन दोनों विधेयकों को भारत के राष्ट्रपति से मंजूरी दिलाने के लिए दबाव बनाया जा सके।'
 

09:56 AM, 04-Aug-2025

गलत बयानबाजी कर रहा है चुनाव आयोग- रामगोपाल यादव
समाजवादी पार्टी के सांसद राम गोपाल यादव ने कहा, 'चुनाव आयोग लगातार गलत बयानबाजी कर रहा है। आज चुनाव आयोग का बयान है कि राजनीतिक दलों ने वोट बढ़ाने के लिए लगभग 1000 आवेदन किए हैं... यह शत प्रतिशत गलत है।'
 

09:52 AM, 04-Aug-2025

पप्पू यादव का भाजपा और चुनाव आयोग पर हमला
कांग्रेस सांसद और लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की आगामी पदयात्रा पर पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने कहा, 'राहुल गांधी लगातार बिहार और देश की चिंता कर रहे हैं, गरीबों की चिंता कर रहे हैं... एकमात्र विकल्प कांग्रेस ही है। एसआईआर को लेकर भाजपा और चुनाव आयोग ने जो पिछले दरवाजे से हमला किया है, जिसमें बिहार के लोगों की नस्ल और उनके अधिकार पर ही हमला कर दिया गया है। इसलिए राहुल गांधी 10 तारीख से पदयात्रा करेंगे जिसमें पूरे गठबंधन दल भी जगह-जगह उनके साथ रहेंगे। हम किसी भी कीमत पर गरीब की आवाज को दबने नहीं देंगे, उसके अधिकार को छीनने नहीं देंगे और भाजपा जो पिछले दरवाजे से सत्ता में आना चाहती है उसे आने नहीं देंगे।'
 

09:43 AM, 04-Aug-2025

राहुल-तेजस्वी पर गिरिराज सिंह का हमला
आरजेडी नेता तेजस्वी यादव की तरफ से मतदाता सूची में अपना नाम न होने के आरोप पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा, 'राहुल गांधी और तेजस्वी यादव सिर्फ झूठ बोलते हैं और भ्रम फैलाते हैं। एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) पर झूठ बोलते-बोलते उन्होंने अपने मतदाता पहचान पत्र के बारे में भी झूठ बोला। यह (चुनाव आयोग) एक संवैधानिक संस्था है, लेकिन उन्होंने इसे भी नहीं छोड़ा; उन्होंने इसकी भी आलोचना की। जो खुद को भावी मुख्यमंत्री समझते हैं।'
 

09:40 AM, 04-Aug-2025

कई अन्य रिपोर्ट भी किए जाएंगे पेश
वहीं कई अन्य मंत्री और सांसद आज सदन में अलग-अलग मंत्रालयों से जुड़ी रिपोर्ट और दस्तावेज पेश करेंगे। इसमें गजेंद्र सिंह शेखावत, जयंत चौधरी, पंकज चौधरी, शोभा करंदलाजे, कीर्तिवर्धन सिंह, सुकांत मजूमदार और हर्ष मल्होत्रा- मंत्रालयों से जुड़े कागजात रखेंगे। श्रीरंग बारणे और देवुसिंह चौहान- बिजली और नवीन व नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय की रिपोर्टें पेश करेंगे। भृर्तहरि महताब और के. सुधाकर- वित्त पर स्थायी समिति की रिपोर्ट और अनुराग ठाकुर व अनंता नायक - स्टील स्क्रैप रीसाइक्लिंग नीति पर रिपोर्ट पेश करेंगे।

09:40 AM, 04-Aug-2025

कस्टम टैक्स में बदलाव की सिफारिश
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण लोकसभा में कस्टम्स टैरिफ एक्ट, 1975 की दूसरी अनुसूची में बदलाव की मंजूरी के लिए प्रस्ताव रखेंगी। यह बदलाव 30 अप्रैल 2025 की सूचना संख्या 27/2025-कस्टम्स के तहत किया गया है। इसका उद्देश्य कस्टम टैक्स की दरों को हाल ही में वित्त अधिनियम, 2025 के अंतर्गत हुए संशोधनों के अनुरूप बनाना है।

09:36 AM, 04-Aug-2025

किन-किन मुद्दों पर दिया गया कार्य स्थगन का नोटिस?
आप सांसद संजय सिंह ने एसएससी चरण-13 परीक्षा में अनियमितताओं और उसके प्रभावों पर चर्चा के लिए नियम 267 के तहत राज्यसभा में कार्य स्थगन नोटिस दिया है। वहीं कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने बिहार में चुनाव आयोग द्वारा आयोजित एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) पर चर्चा के लिए लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव का नोटिस दिया है। जबकि लोकसभा में कांग्रेस सांसद हिबी ईडन ने छत्तीसगढ़ में दो कैथोलिक ननों और एक आदिवासी युवक की गिरफ्तारी पर चर्चा के लिए स्थगन प्रस्ताव पेश किया है।

09:36 AM, 04-Aug-2025

इन मुद्दों पर चर्चा की मांग कर रहा विपक्ष
वहीं विपक्ष की तरफ से बिहार में जारी विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) समेत कई मुद्दों पर चर्चा की मांग की जा रही है। जिसकी वजह से अभी तक संसद की कार्यवाही सुचारू तरीके नहीं चल सकी है। आज के दिन को लेकर बात करें, तो लोकसभा में कांग्रेस के सदस्यों की तरफ से कार्य स्थगन का प्रस्ताव दिया गया है। वहीं राज्यसभा में आम आदमी पार्टी के सांसद की तरफ से कार्य स्थगन का नोटिस दिया गया है।

09:19 AM, 04-Aug-2025

Monsoon Session: राज्यसभा के बाद लोकसभा की कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित; महिला सांसद से लूट का मामला भी उठा

लोकसभा में आज (सोमवार) कई अहम विधेयक (बिल) पेश किए जाएंगे। इस दौरान सभी की नजर खेल मंत्रालय की तरफ से लाए जा रहे दो महत्वपूर्ण बिलों पर होगा। इसमें पहला है- नेशनल स्पोर्ट्स गवर्नेंस बिल, 2025- केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री मनसुख मांडविया आज लोकसभा में 'राष्ट्रीय खेल प्रशासन विधेयक, 2025' पेश करेंगे। इस बिल का उद्देश्य देश में खेलों का विकास और प्रचार करना, खिलाड़ियों की भलाई के लिए कदम उठाना, खेलों में ईमानदारी, पारदर्शिता और अच्छे शासन के सिद्धांत लागू करना, ओलंपिक और पैरालंपिक चार्टर का पालन सुनिश्चित करना और खिलाड़ियों और खेल संस्थानों से जुड़ी शिकायतों और विवादों को एकसमान और निष्पक्ष तरीके से सुलझाना शामिल है। यह बिल देश के खेल ढांचे में सुधार लाने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।

एंटी-डोपिंग (संशोधन) विधेयक, 2025
वहीं दूसरा विधेयक- खेल मंत्री मनसुख मांडविया आज राष्ट्रीय एंटी-डोपिंग अधिनियम, 2022 में बदलाव से जुड़ा नया संशोधन बिल भी पेश करेंगे। इस बिल का मकसद डोपिंग (खिलाड़ियों की तरफ से प्रतिबंधित दवाओं का इस्तेमाल) पर नियंत्रण को और मजबूत करना है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें