फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Parliament Session LIVE: राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा, कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित

Wed, 03 Feb 2021 02:12 PM IST
दीप्ति मिश्रा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

नए कृषि कानून को लेकर देश की राजधानी दिल्ली में 70 दिन से किसान आंदोलन जारी है। इस कड़ाके की सर्दी में किसानों के मुद्दे ने बजट सत्र का माहौल गरमा दिया है। बजट सत्र के तीसरे दिन भी राज्यसभा में किसानों के मुद्दे पर हंगामा हुआ। सदन की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी सांसदों ने नारेबाजी की। हालांकि कुछ देर बाद किसानों के मुद्दे पर चर्चा के लिए सरकार और विपक्ष के बीच सहमति बन गई। राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान गुलाम नबी आजाद ने सरकार को घेरा।
विज्ञापन
गुलाम नबी आजाद
विज्ञापन

लाइव अपडेट

02:11 PM, 03-Feb-2021

राज्यसभा की कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित

राज्यसभा की कार्यवाही गुरुवार तक के लिए स्थगित कर दी गई।

01:07 PM, 03-Feb-2021

किसानों की ताकत देश की सबसे बड़ी ताकत: आजाद

गुलाम नबी आजाद ने कहा कि किसानों की ताकत देश की सबसे बड़ी ताकत है और उनसे लड़ाई कर हम किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकते। उन्होंने 1900 के दशक में पंजाब में हुए किसान आंदोलनों के दौरान लोकप्रिय गीत ‘पगड़ी संभाल जट्टा पगड़ी संभाल’ की कुछ पंक्तियों को भी उद्धृत किया और कहा कि किसानों ने अंग्रेज सरकार को भी अपने कानून वापस लेने के लिए मजबूर कर दिया था।

11:56 AM, 03-Feb-2021

आजाद ने पीएम के सामने बड़े टिकैत की दी मिसाल

राज्यसभा में कांग्रेस नेता गुलाम नबी ने कहा कि सरकार को तीनों कृषि कानूनों को वापस लेना चाहिए। राज्यसभा में पीएम मोदी के सामने आजाद ने 'बड़े टिकैत' की मिसाल दी और कहा कि किसानों के सामने तो ब्रिटिश सरकार भी झुक गई थी।

विज्ञापन
11:47 AM, 03-Feb-2021

कांग्रेसी नेता बोले, किसानों से लड़कर कुछ नहीं मिलेगा

राज्यसभा में कांग्रेस नेता गुलाम नबी ने कहा कि  पहले भी किसानों के लिए कानून बनाए गए, जिन्हें किसानों ने  पसंद नहीं किया, तो उन्हें वापस लिया गया, तो जब इस बार किसान कृषि कानूनों को पसंद नहीं कर रहे हैं, तो सरकार को वापस लेने चाहिए। उन्होंने कहा कि देश के लिए किसान और जवान जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को किसानों की सुननी चाहिए, उनसे लड़ना नहीं चाहिए। लड़ना है, तो पाकिस्तान और चीन से लड़ो किसानों से नहीं। किसानों से लड़कर कुछ नहीं मिलेगा।

11:31 AM, 03-Feb-2021

भाजपा ने हिंदू मंदिरों पर हमलों का मामला राज्यसभा में उठाया

भाजपा ने राज्यसभा में आंध्र प्रदेश में मंदिरों पर हमलों का मुद्दा उठाया और केंद्र सरकार से इस संबंध में उचित कार्रवाई का आग्रह किया। भाजपा सदस्य जीवीएल नरसिम्हा राव ने उच्च सदन में शून्यकाल के दौरान इस मुद्दे को उठाते हुए दावा किया कि पिछले 19 महीनों में आंध्र प्रदेश में हिन्दू मंदिरों पर हमले, उन्हें तोड़ने व मूर्तियों को अपवित्र करने और इसी प्रकार के अपराधों से संबंधित 140 मामले सामने आए हैं।

विज्ञापन
10:50 AM, 03-Feb-2021

राज्यसभा में पहुंचे पीएम नरेंद्र मोदी

राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राज्यसभा पहुंचे हैं।

10:23 AM, 03-Feb-2021

संजय सिंह समेत आप सांसदों को मार्शल की मदद से सदन से बाहर किया गया

राज्यसभा में बुधवार को आम आदमी पार्टी के तीन सदस्यों संजय सिंह, सुशील गुप्ता और एनडी गुप्ता को सदन की कार्यवाही बाधित करने पर दिन भर के लिए निलंबित कर दिया गया। बाद में उन्हें मार्शल की मदद से सदन से बाहर किया गया।

09:58 AM, 03-Feb-2021

किसानों के मुद्दों पर राज्यसभा में होगी चर्चा

राज्यसभा में किसानों के मुद्दे पर साढ़े 14 घंटे तक चर्चा होगी। सरकार और विपक्ष में सहमति बन चुकी है।

09:56 AM, 03-Feb-2021

राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव राज्यसभा में पेश

राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव राज्यसभा में पेश। असम से भाजपा सांसद भुवनेश्वर कलिता ने चर्चा की शुरुआत की।

09:48 AM, 03-Feb-2021

संजय सिंह समेत तीन सांसद दिन भर के लिए निलंबित

राज्यसभा के सभापति एम वेंकैया नायडू ने सदन की कार्यवाही को बाधित करने पर आम आदमी पार्टी के सदस्य संजय सिंह, सुशील गुप्ता और एन डी गुप्ता को दिन भर के लिए निलंबित किया, बैठक करीब पांच मिनट के लिए स्थगित ।

09:46 AM, 03-Feb-2021

राज्यसभा में उठा पत्रकारों पर राजद्रोह के मामले दर्ज करने का मुद्दा

कांग्रेस सांसद दिग्विजय सिंह ने पत्रकारों, सोशल एक्टिविस्टों पर राजद्रोह की धाराओं के तहत मामले दर्ज कराने का मुद्दा उठाया। सभापति वेंकैया नायडू ने आप सांसद संजय सिंह, सुशील गुप्ता और एन डी गुप्ता का नाम लेकर कार्यवाही सुचारू रूप से चलाने की अपील की।

09:40 AM, 03-Feb-2021

राज्यसभा की कार्यवाही स्थगित

विपक्ष के हंगामे के कारण राज्यसभा की कार्यवाही स्थगित। आप सांसद संजय सिंह ने वेल में आकर नारेबाजी की।
 

 

09:32 AM, 03-Feb-2021

मोबाइल फोन के इस्तेमाल पर भड़के सभापति

सदन के भीतर मोबाइल फोन उपयोग पर सभापति वेंकैया नायडू ने कहा कि यह सदन की कार्यवाही चलाने के नियमों का उल्लंघन है।
 

 

09:23 AM, 03-Feb-2021

सभापति ने दी सांसदों को नसीहत

सभापति ने सांसदों को नसीहत देते हुए कहा कि कार्ड डिस्प्ले करना या फिर कोई आपत्तिजनक काम करना सदन में उचित नहीं है।

09:12 AM, 03-Feb-2021

कृषि कानूनों पर चर्चा की मांग पर अड़ा विपक्ष

विपक्ष किसानों के मुद्दों पर चर्चा के लिए अड़ा हुआ है। 

 

09:02 AM, 03-Feb-2021

राज्यसभा की कार्यवाही शुरू

राज्यसभा की कार्यवाही शुरू हो गई है।
 

 

08:57 AM, 03-Feb-2021

बसपा, टीएमसी सहित कई पार्टियों ने दिया नोटिस

कांग्रेस पार्टी के अलावा बसपा, सीपीआई, अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस, द्रविड़ मुनेत्र कड़गम, सीपीआई (एम) ने भी किसानों के मुद्दे पर नोटिस दिया है।

08:49 AM, 03-Feb-2021

किसान आंदोलन पर चर्चा के लिए नोटिस

कांग्रेस सांसद गुलाम नबी आजाद और आनंद शर्मा ने नए कृषि कानून और किसान आंदोलन को लेकर राज्यसभा में कार्यस्थगन प्रस्ताव का नोटिस दिया है। 

 

08:18 AM, 03-Feb-2021

राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा, कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित

नए कृषि कानून को लेकर देश की राजधानी दिल्ली में 70 दिन से किसान आंदोलन जारी है। इस कड़ाके की सर्दी में किसानों के मुद्दे ने बजट सत्र का माहौल गरमा दिया है।  मंगलवार को संसद के दोनों सदनों में विपक्ष के हंगामा के चलते राज्यसभा को चार बार और लोकसभा को दो बार स्थगित करना पड़ा। वहीं बजट सत्र के तीसरे दिन आज राज्यसभा में किसानों के मुद्दे पर चर्चा होनी है, जिसमें विपक्ष के फिर से हंगामा करने के आसार नजर आ रहे हैं। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें