प्रताप सारंगी ने क्या आरोप लगाए?
इस बीच प्रताप सारंगी चोटिल देखे गए। जब उनसे पूछा गया तो उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने एक सांसद को धक्का दिया, जो मेरे ऊपर गिर गए। इसके बाद मैं नीचे गिर गया। मैं सीढ़ियों के पास खड़ा था, जब राहुल गांधी आए और एक सांसद को धक्का दिया, जो मेरे ऊपर गिर गए। इस बीच केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी, अर्जुन राम मेघवाल, पीयूष गोयल और अन्य भाजपा नेता पार्टी सांसद प्रताप सारंगी को देखने आरएमएल अस्पताल पहुंचे हैं।
प्रताप सारंगी को टांके लगाने पड़े, बेहोश हो गए थे मुकेश राजपूत
राम मनोहर लोहिया अस्पताल की तरफ से दी गई जानकारी में बताया गया कि घायल होकर अस्पताल आए प्रताप सारंगी और मुकेश राजपूत को स्थिर करने की कोशिश कर रहे हैं। साथ ही जरूरत के आधार पर जांच भी की जा रही है। जांच के लिए नर्सिंग होम की टीम बनाई गई है। सिर में चोट लगने के कारण एतिहात के तौर पर आईसीयू में भर्ती कराया गया है। प्रताप सारंगी को बहुत ज्यादा रक्तस्राव हो रहा था और उन्हें गहरा घाव भी हुआ था। इसलिए उन्हें टांके लगाने पड़े। उनका मूल्यांकन किया जा रहा है। मुकेश राजपूत बेहोश हो गए थे।
राहुल ने क्या जवाब दिया?
मामले में जब लोकसभा में विपक्ष के नेता से सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि यह आपके कैमरे में हो सकता है। मैं संसद के प्रवेश द्वार से अंदर जाने की कोशिश कर रहा था, भाजपा सांसद मुझे रोकने, धक्का देने और धमकाने की कोशिश कर रहे थे। इसलिए यह हुआ। हां, ऐसा हुआ है। मल्लिकार्जुन खरगे को धक्का दिया गया। प्रियंका गांधी को भी धक्का दिया गया। हालांकि, धक्का-मुक्की से हम प्रभावित नहीं हुए। यह प्रवेश द्वार है और हमें अंदर जाने का अधिकार है। भाजपा सांसद हमें अंदर जाने से रोकने की कोशिश कर रहे थे। मुख्य मुद्दा यह है कि वे संविधान पर हमला कर रहे हैं और आंबेडकर की स्मृति का अपमान कर रहे हैं।