संसद परिसर में पूरी रात धरना देंगे ‘इंडिया’ के नेता
विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) के घटक दलों के नेता सोमवार को संसद परिसर में धरने पर बैठ गए। ‘इंडिया’ के घटक दलों का कहना है कि उनके नेताओं का यह धरना पूरी रात चलेगा। यह मणिपुर के विषय पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान की मांग और आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह के निलंबन के खिलाफ किया जा रहा है। विपक्षी नेताओं का यह धरना सोमवार को दिन के समय शुरू हुआ। वरिष्ठ विपक्षी नेताओं ने बताया कि यह धरना पूरी रात जारी रहेगा और मंगलवार को भी होगा।
अनुशासन लागू करने के लिए कभी-कभी कड़े निर्णय करने पड़ते हैं: धनखड़
संजय सिंह को राज्यसभा से निलंबित किए जाने के कुछ घंटे बाद जगदीप धनखड़ ने कहा कि शिष्टाचार और अनुशासन को लागू करने के लिए कभी-कभी कड़े कदम उठाना जरूरी हो जाता है। हमें कभी भी संकोच नहीं करना चाहिए, क्योंकि शिष्टाचार और अनुशासन हमारे विकास, प्रतिष्ठा और समृद्धि से जुड़े हुए हैं। उन्होंने भारतीय वन सेवा परिवीक्षार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि राज्यसभा के सभापति के रूप में कार्य करते हुए मैं यह सुनिश्चित करने के लिए अपने नियंत्रण के तहत आने वाली हर चीज का उपयोग करता हूं कि सबसे बड़े लोकतंत्र के मंदिर में शिष्टाचार और अनुशासन कायम रहे।