आज का दिन मील का पत्थर है। आज नए संसद भवन की आधारशिला रखी गई है। आज 130 करोड़ से ज्यादा भारतीयों के लिए बड़े सौभाग्य और गर्व का दिन है जब हम इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बन रहे हैं। नए संसद भवन का निर्माण नूतन और पुरातन का उदाहरण है।
प्रधानमंत्री मोदी ने संसद भवन का शिलान्यास करने के बाद देशवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज का दिन ऐतिहासिक है।
केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी ने संसद भवन के शिलान्यास समारोह में कहा कि आज का दिन भारत ही नहीं बल्कि दुनिया के इतिहास में भी अहम है। हिंदुस्तान में लंबे समय से गणतंत्र और लोकतंत्र स्थापित है।
कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने कहा, 'आज इतिहास रचा गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने नए संसद भवन की आधारशिला रखी है। नई संसद दुनिया की सबसे पुरानी सभ्यता का एक राजसी प्रतिनिधित्व करेगी और इसमें दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र की सांस्कृतिक विविधता और आधुनिक बुनियादी ढांचे का सम्मिश्रण है।'
केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने नए संसद भवन को लेकर कहा, माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आज 'न्यू पार्लियामेंट फॉर न्यू इंडिया' का शिलान्यास किया गया। यह हमारे जीवंत लोकतंत्र का एक ऐतिहासिक क्षण है। हमारे लोकतंत्र के मंदिर का अत्याधुनिक नया परिसर भी आत्मानिर्भर भारत का प्रतीक होगा।
दिल्ली में नए संसद भवन के शिलान्यास समारोह में विभिन्न धार्मिक नेताओं द्वारा 'सर्व धर्म प्रार्थना' की जा रही है।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने ट्वीट कर कहा, 'देश के लिए आज का दिन गौरवशाली है।'
नए संसद भवन में भारत की गौरवशाली विरासत को भी दर्शाया जाएगा। देश के कोने-कोने से आए दस्तकार और शिल्पकार अपनी कला और योगदान के माध्यम से इस भवन में सांस्कृतिक विविधता का समावेश करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली में नए संसद भवन के शिलान्यास समारोह को चिह्नित करने के लिए एक पट्टिका का अनावरण किया।
नया संसद भवन सभी आधुनिक दृश्य- श्रव्य संचार सुविधाओं और डाटा नेटवर्क प्रणालियों से सुसज्जित होगा। यह सुनिश्चित करने के लिए विशेष ध्यान दिया जा रहा है कि निर्माण कार्य के दौरान संसद के सत्रों के आयोजन में कम से कम व्यवधान हो और पर्यावरण संबंधी सभी सुरक्षा उपायों का पालन किया जाए।
नए संसद भवन की आधारशिला रखने के दौरान सर्वधर्म प्रार्थना की गई। कार्यक्रम में हिंदू, सिख, ईसाई, मुस्लिम, बौद्ध, यहूदी, जैन एवं अन्य धर्मों के धर्मगुरु मौजूद रहे। जिन्होंने प्रार्थना की।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद, विदेशी राजदूतों और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला भी नए संसद भवन के शिलान्यास समारोह में मौजूद रहे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विधिवत भूमि पूजन के बाद नए संसद भवन की आधारशिला रख दी है। इस कार्यक्रम में कई देशों के राजनयिकों ने भी शिरकत की।
नए संसद भवन की नींव रखने का कार्यक्रम चल रहा है। टाटा ट्रस्ट के अध्यक्ष रतन टाटा, केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी, राज्यसभा के उप सभापति हरिवंश और विभिन्न धार्मिक नेता कार्यक्रम में उपस्थित हैं। टाटा प्रोजेक्ट्स लिमिटेड को परियोजना का अनुबंध दिया गया है।
संसद भवन की नींव रखे जाने के कार्यक्रम में कई हस्तियां मौजूद हैं। इसमें उद्योगपति रतन टाटा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और कई अन्य कई केंद्रीय मंत्री मौजूद हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नए संसद भवन का भूमि पूजन कर रहे हैं। थोड़ी देर में वे इसकी आधारशिला रखेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संसद भवन पहुंच गए हैं। सर्वधर्म प्रार्थना शुरू हो गई है। प्रधानमंत्री थोड़ी देर में नए संसद भवन की आधारशिला रखेंगे।
नया संसद भवन बनाने का प्रस्ताव नया नहीं है। लोकसभा के कम से कम दो अध्यक्षों ने पहले आधिकारिक तौर पर संसद भवन को अपग्रेड करने या एक नया ढांचा बनाने की आवश्यकता को रेखांकित किया है।
लोकसभा सचिवालय के मुताबिक नए संसद भवन के लोकसभा कक्ष में 888 सदस्यों के बैठने की व्यवस्था होगी। संयुक्त सत्र के दौरान इसमें 1224 सदस्यों के बैठने की व्यवस्था होगी। इसी प्रकार, राज्यसभा कक्ष में 384 सदस्यों के बैठने की व्यवस्था होगी।
लोकसभा सचिवालय की ओर से जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया कि नए संसद भवन का डिजाइन अहमदाबाद के मैसर्स एचसीपी डिजाइन और मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड द्वारा तैयार किया गया है और इसका निर्माण कार्य टाटा प्रोजेक्ट्स लिमिटेड द्वारा किया जाएगा।