हमारी जेब से रोजाना 63 करोड़ उड़ा रहे साइबर ठग
देश में साइबर अपराध के आंकड़े होश फाख्ता कर देने वाले हैं। आपकी गाढ़ी कमाई पर नजर गड़ाए बैठे साइबर ठगों ने पिछले साल लोगों को अपने जाल में उलझाकर 22,845.73 करोड़ रुपये लूट लिए। यह वर्ष 2023 की तुलना में 206 प्रतिशत अधिक है। यानी, साइबर अपरािधयों के हाथों नागरिकों ने हर महीने 190 करोड़ रुपये और रोजाना 63 करोड़ रुपये गंवा दिए। यह जानकारी सरकार ने संसद में मंगलवार को दी। गृह राज्यमंत्री बी. संजय कुमार ने लोकसभा में बताया कि 2023 में साइबर अपराधियों ने 7,465.18 करोड़ ठगे थे। उन्होंने बताया कि अब तक केंद्र सरकार की ओर से 9.42 लाख से अधिक सिम कार्ड व 2.63 लाख आईएमईआई ब्लॉक किए गए हैं।
साइबर अपराध के मामले 12 लाख बढ़े
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि साइबर अपराध के मामले में सालभर में ही करीब 12 लाख बढ़ गए। वर्ष 2024 में इसके 36,37,288 मामले सामने आए। वहीं, 2023 में साइबर अपराध की 24,42,978 घटनाएं दर्ज हुईं। वर्ष 2022 में साइबर अपराध के 10,29,026 मामले सामने आए, जो 2023 की तुलना में 55.15% कम थे। केंद्रीय मंत्री ने बताया, वित्तीय धोखाधड़ी और साइबर अपराध रोकने के लिए शुरू नागरिक वित्तीय साइबर धोखाधड़ी रिपोर्टिंग व प्रबंधन प्रणाली पर 17.82 लाख से अधिक शिकायतें दर्ज की गईं। इससे 5,489 करोड़ रुपये से अधिक की राशि बचाई गई है।