फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Parliament: ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा के दौरान विपक्ष का हंगामा, शाह बोले- कांग्रेस को सवाल पूछने का अधिकार नहीं

Wed, 30 Jul 2025 10:37 PM IST
अभिषेक दीक्षित न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

Parliament Monsoon Session News: संसद का मानसून सत्र जारी है। लोकसभा में 'ऑपरेशन सिंदूर' पर चर्चा हो चुकी है। बीते दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने निचले सदन में चर्चा का जवाब भी दे दिया है। आज राज्यसभा में इस विषय पर चर्चा का आखिरी दिन था।
विज्ञापन
संसद के मानसून सत्र - फोटो : एएनआई / अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

लाइव अपडेट

10:42 PM, 30-Jul-2025

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह संसद से रवाना हुए।

10:37 PM, 30-Jul-2025

विपक्ष को बहाना बनाकर भागने का नाटक किया- रिजिजू 
केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा, 'संसद में किसको बोलना चाहिए, किसको नहीं बोलना चाहिए, इस बारे में विपक्ष तय नहीं कर सकता है। सरकार सामूहिक जिम्मेदारी से काम करती है...जब भी कोई सवाल उठता है, तो उसका जवाब सरकार में कोई भी कैबिनेट मंत्री दे सकता है...इसलिए बहाना बनाकर जो (विपक्ष ने) भागने का नाटक किया है, वो ठीक नहीं है...कल प्रधानमंत्री के भाषण के बाद विपक्षी दल बिलकुल कमजोर हो गए हैं, इस मुद्दे पर और बात करने के लिए उनके पास ताकत ही नहीं बची है।'

10:31 PM, 30-Jul-2025

गृह मंत्री के भाषण से डरकर ये लोग भाग गए- प्रह्लाद जोशी
केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा, 'गृह मंत्री के भाषण से उनका (कांग्रेस) पूरा इतिहास पता चलता है इसलिए ये लोग डरकर भाग गए। इनके अंदर सुनने की क्षमता नहीं है। ये चर्चा के लिए समय मांगते हैं लेकिन जवाब सुनने का धैर्य नहीं है।'



 

विज्ञापन
10:27 PM, 30-Jul-2025

नियम के मुताबिक कोई भी मंत्री जवाब दे सकता है- अठावले
केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने कहा, 'आज गृह मंत्री अमित शाह ने राज्यसभा में जवाब दिया है और विपक्षी दलों का कहना था कि प्रधानमंत्री को जवाब देना चाहिए था...नियम के मुताबिक कोई भी मंत्री जवाब दे सकता है, तो अमित शाह एक वरिष्ठ मंत्री हैं और उन्होंने भी विस्तार से अनेक बातों पर प्रकाश डाला है।'

10:25 PM, 30-Jul-2025

पीएम के राज्यसभा में न आने पर वॉकआउट किया- राजीव शुक्ला
कांग्रेस सांसद राजीव शुक्ला ने कहा, 'प्रधानमंत्री मोदी के राज्यसभा में आकर जवाब ना देने के कारण विपक्ष ने विरोध करते हुए वॉकआउट किया।'

विज्ञापन
10:23 PM, 30-Jul-2025

पीएम के भाषण न देने पर हमने किया बहिष्कार- कांग्रेस सांसद
कांग्रेस सांसद रंजीत रंजन ने कहा, 'सदन पूरे देश की सबसे सर्वोच्च पंचायत होती है...हम उम्मीद कर रहे थे कि प्रधानमंत्री राज्यसभा में आकर ऑपरेशन सिंदूर पर अपना भाषण देंगे...यह पूरे सदन का अपमान है और इसलिए हमने बहिष्कार किया।'

10:18 PM, 30-Jul-2025

'सरकार आतंकवाद और घुसपैठ को समाप्त करने के लिए प्रतिबद्ध'
राज्यसभा में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, 'मैं मानता हूं कि आज भी पाकिस्तान कुछ आतंकवादी हमले करने में सक्षम है और घुसपैठ भी हो रही है, लेकिन घटनाओं की संख्या कम हो रही है। नरेंद्र मोदी सरकार आतंकवाद और घुसपैठ को समाप्त करने के लिए प्रतिबद्ध है।'

08:01 PM, 30-Jul-2025

'अब सरकार डोजियर नहीं स्ट्राइक से जवाब देती है'
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, 'पहले हम सिर्फ डोजियर भेजते रहे, लेकिन नरेंद्र मोदी ने उन्हें (पाकिस्तान को) एयरस्ट्राइक और सर्जिकल स्ट्राइक से जवाब दिया...खौफ पैदा हो गया'।

07:43 PM, 30-Jul-2025

सेना ने पाकिस्तान के हमले का करारा जवाब दिया- अमित शाह
अमित शाह ने कहा, 'हमने उनके (पाकिस्तान) आतंकी शिविरों, आतंकी लॉन्चिंग पैड्स और आतंकी प्रशिक्षण शिविरों पर हमला किया, लेकिन उन्होंने (पाकिस्तान ने) इसे अपने देश पर हमला माना। जवाब में, 8 मई को पाकिस्तान ने भारत के आवासीय इलाकों और रक्षा प्रतिष्ठानों पर हमला किया। 9 मई को भारत ने पाकिस्तान के 11 रक्षा प्रतिष्ठानों और एयरबेसों पर हमला कर उन्हें नष्ट कर दिया...इसके बाद, पाकिस्तान जवाबी कार्रवाई करने की स्थिति में नहीं था।'

07:32 PM, 30-Jul-2025

जम्मू-कश्मीर आतंकवाद से मुक्त होगा- अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आगे कहा, 'आज इस सदन में खड़े होकर मैं वादा करता हूं कि जम्मू-कश्मीर आतंकवाद से मुक्त होगा। यह नरेंद्र मोदी सरकार का संकल्प है।'

07:26 PM, 30-Jul-2025

पहलगाम के तीनों आतंकी मारे गए- अमित शाह
राज्यसभा में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, 'सोमवार को हमारे सुरक्षा बलों ने ऑपरेशन महादेव चलाया, जिसमें पहलगाम हमले में शामिल तीन आतंकवादी मारे गए।' गृह मंत्री अमित शाह ने आगे कहा, 'कल आप (कांग्रेस) पूछ रहे थे कि वे (पहलगाम आतंकवादी) आज के दिन क्यों मारे गए? उन्हें कल क्यों नहीं मारा जाना चाहिए था? क्योंकि राहुल गांधी को अपना भाषण देना था? यह इस तरह से काम नहीं करता। पूरा देश देख रहा है कि कांग्रेस की प्राथमिकता राष्ट्रीय सुरक्षा और आतंकवाद को खत्म करना नहीं, बल्कि राजनीति, उनका वोट बैंक और तुष्टिकरण की राजनीति है'।

07:20 PM, 30-Jul-2025

विपक्ष को अमित शाह का करारा जवाब
इस दौरान केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने कहा कांग्रेस पार्टी ज्यादातर मुद्दों पर मल्लिकार्जुन खरगे को बोलने नहीं देती और वे सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने कहा- बीएसी की बैठक में ये तय किया गया था कि दोनों सदनों में 16-16 घंटे चर्चा की जाएगी। लेकिन जवाब कौन देगा ये सरकार और पीएम मोदी तय करेंगे।

07:17 PM, 30-Jul-2025

विपक्षी सांसदों ने राज्यसभा से वॉकआउट किया
ऑपरेशन सिंदूर पर प्रधानमंत्री के जवाब की मांग को लेकर विपक्षी सांसदों ने राज्यसभा से वॉकआउट किया।

07:15 PM, 30-Jul-2025

प्रधानमंत्री सदन में आकर जवाब दें- खरगे
राज्यसभा के नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, 'विपक्ष की मांग थी कि प्रधानमंत्री सदन में आकर जवाब दें। अगर प्रधानमंत्री संसद परिसर में मौजूद होने के बावजूद सदन में नहीं आते हैं, तो यह सदन का अपमान है।' विपक्ष की तरफ से प्रधानमंत्री से जवाब की लगातार मांग किए जाने के बाद, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सदन को सूचित किया था कि प्रधानमंत्री अपने कार्यालय में मौजूद हैं।

07:07 PM, 30-Jul-2025

गृह मंत्री अमित शाह के भाषण के दौरान विपक्ष का हंगामा
राज्यसभा में 'ऑपरेशन सिंदूर' पर चर्चा के दौरान गृह मंत्री अमित शाह जब अपना भाषण देने के लिए उठे, तभी विपक्ष ने हंगामा करना शुरू कर दिया। इस दौरान उपसभापति ने सभी को शांत और अपने सीट पर बैठने के लिए कहा। वहीं गृह मंत्री अमित शाह को कई बार अपना भाषण रोकना पड़ा। विपक्ष ने पीएम मोदी को सदन में बुलाने की मांग की, जिस पर अमित शाह ने कहा- पीएम अपने ऑफिस में है इनको ज्यादा सुनने का शौक है क्या? मेरे से निपट जाता है तो काहे को प्रधानमंत्री को बुलाओ और तकलीफ होगी।

05:45 PM, 30-Jul-2025

'22 मिनट में, हमने साबित किया हमारी चुप्पी कमजोरी नहीं है'
राज्यसभा में बीजेडी सांसद सस्मित पात्रा ने कहा, 'ऑपरेशन सिंदूर के मद्देनजर UAE, कांगो, सिएरा लियोन और लाइबेरिया का दौरा करने वाले सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल के सदस्य के रूप में हम जहां भी गए वहां हमारे बीच उत्कृष्ट समझ और फलदायी सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल रहा... हम युद्ध नहीं करते, हम प्रसिद्धि की तलाश नहीं करते, लेकिन जब हमारे लोगों पर हमला होता है, तो भारत एक अनुशासित, जानबूझकर और विनाशकारी रोष के साथ जवाब देता है। 22 मिनट में, हमने साबित कर दिया कि हमारी चुप्पी कमजोरी नहीं, बल्कि तत्परता है...।'

 

05:41 PM, 30-Jul-2025

रेणुका चौधरी का पीएम मोदी पर तंज
ऑपरेशन सिंदूर पर बहस के दौरान राज्यसभा में कांग्रेस सांसद रेणुका चौधरी ने कहा, 'प्रधानमंत्री ने हाल ही में आठ अलग-अलग देशों का दौरा किया, लेकिन उन्हें पहलगाम आतंकी हमले के पीड़ितों से मिलने का समय नहीं मिला...'
 

05:40 PM, 30-Jul-2025

जया बच्चन ने पूछा- ऑपरेशन का नाम 'सिंदूर' क्यों रखा?
राज्यसभा में समाजवादी पार्टी की सांसद जया बच्चन ने कहा, '... उन्होंने ऑपरेशन का नाम 'सिंदूर' क्यों रखा? 'सिंदूर तो उजड़ गया लोगों का।' जो मारे गए और उनकी पत्नियां वहीं रह गईं।'
 

05:38 PM, 30-Jul-2025

लोकसभा में मणिपुर मुद्दे पर सत्ता पक्ष और विपक्ष में बहस
मणिपुर की स्थिति को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच बुधवार को हुई बहस के बाद लोकसभा की कार्यवाही आधे घंटे के लिए स्थगित कर दी गई। सदन में राज्य में राष्ट्रपति शासन की अवधि बढ़ाने संबंधी एक वैधानिक प्रस्ताव पर चर्चा हुई। इस कार्यवाही की अध्यक्षता कर रही कुमारी शैलजा ने सदस्यों को शांत करने की कोशिश की, लेकिन दोनों पक्षों की लगातार नारेबाजी के कारण सदन की कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी। सदन में पूर्वोत्तर राज्य में राष्ट्रपति शासन की अवधि को छह महीने और बढ़ाने के लिए सरकार द्वारा लोकसभा में पेश किए गए प्रस्ताव पर चर्चा हो रही थी। तृणमूल कांग्रेस की काकोली घोष दस्तीदार बंगाली में बोल रही थीं, तभी उनकी एक टिप्पणी का सत्ता पक्ष ने विरोध किया, जिसके बाद वाकयुद्ध शुरू हो गया।

05:34 PM, 30-Jul-2025

राज्यसभा में शाम 6:30 बजे बोलेंगे गृह मंत्री अमित शाह 

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज शाम साढ़े छह बजे राज्यसभा में 'ऑपरेशन सिंदूर' पर चर्चा में हिस्सा लेंगे। ये जानकारी केंद्रीय गृह मंत्री के कार्यालय की तरफ से साझा की गई है।

05:28 PM, 30-Jul-2025

राहुल गांधी पर निशिकांत दुबे का बड़ा आरोप
भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर आरोप लगाया कि उन्होंने सदन में पाकिस्तान के खिलाफ 1971 के युद्ध में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के कदमों का जिक्र करते हुए तोड़-मरोड़कर और गलत तथ्यों’को पेश किया। भाजपा सांसद ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से अनुरोध किया कि सदन में विपक्ष के नेता की उनकी ‘आदतन लापरवाही’ के लिए निंदा की जानी चाहिए।

बता दें कि राहुल गांधी ने मंगलवार को सदन में ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा के दौरान कहा था कि अगर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी में पाकिस्तान के साथ युद्ध के दौरान इंदिरा गांधी की तरफ से दिखाए गए साहस का 50 प्रतिशत भी साहस है, तो उन्हें संसद में स्पष्ट रूप से कहना चाहिए कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप झूठा दावा कर रहे हैं कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच युद्धविराम में मध्यस्थता की थी। राहुल ने कहा था कि उनकी दादी इंदिरा गांधी ने सशस्त्र बलों को पूरी तरह से आजादी दी थी, जबकि मोदी सरकार ने उनके हाथ बांध दिए हैं।

राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए, निशिकांत दुबे ने 5 दिसंबर, 1971 को तत्कालीन प्रधानमंत्री की तरफ से उस समय अमेरिका के राष्ट्रपति रिचर्ड निक्सन को लिखे गए एक पत्र का हवाला दिया और दावा किया 'इंदिरा गांधी ने सचमुच उनसे पाकिस्तान के साथ युद्ध रोकने के लिए अपने प्रभाव का इस्तेमाल करने की गुहार लगायी थी।' भाजपा सांसद ने अध्यक्ष को सौंपे गए अपने ज्ञापन में उस पत्र की प्रति भी संलग्न की है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने एक बार फिर भलीभांति अभिलेखित ऐतिहासिक तथ्यों को तोड़-मरोड़कर जनता के विश्वास को बेशर्मी से तोड़ा है और अपने परिवार और पार्टी का महिमामंडन करने की उनकी ‘आदत’ बन गई है।

05:07 PM, 30-Jul-2025

लोकसभा की कार्यवाही शाम 5:30 बजे तक स्थगित
मणिपुर में राष्ट्रपति शासन की अवधि बढ़ाने पर चर्चा के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच बहस के बाद लोकसभा की कार्यवाही शाम 5.30 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।

05:06 PM, 30-Jul-2025

मणिपुर में राष्ट्रपति शासन बढ़ाने के लिए लोकसभा में प्रस्ताव पेश
केंद्र सरकार ने मणिपुर में राष्ट्रपति शासन की अवधि छह महीने के लिए बढ़ाने के लिए लोकसभा में वैधानिक प्रस्ताव पेश किया।

04:14 PM, 30-Jul-2025

विश्व ने देश के अदम्य साहस को स्वीकार किया- जेपी नड्डा

राज्यसभा में चर्चा के दौरान जेपी नड्डा ने बताया कि दुनियाभर के लोगों ने भारत और भारतीय सेना की तारीफ की। विश्व ने देश के अदम्य साहस को स्वीकार भी किया है। लेकिन हमारे यहां फिर भी कुछ लोग सरेंडर कर गए, सरेंडर कर गए, ऐसी बातों और भाषा को बोलते हैं, और पूछता कौन है, ये वो पूछते हैं, जो पीओके के निर्माणकर्ता हैं। 

04:01 PM, 30-Jul-2025

22 मिनट में अप्रैल 22 का बदला ले लिया- जेपी नड्डा

इस दौरान जेपी नड्डा ने कहा कि 22 मिनट में 22 अप्रैल का बदला ले लिया। इतिहास में कभी नहीं हुआ, मैं ऑन रिकॉर्ड बोल रहा हूं, कभी भी और किसी भी सरकार ने पाकिस्तान को इस तरीके से जवाब नहीं दिया, जो ऑपरेशन सिंदूर से पीएम मोदी ने किया। इसके बाद पाकिस्तान ने हजारों ड्रोन और मिसाइल छोड़े, और मैं भारत की फौज को सलाम करता हूं, कि पाकिस्तान के हमले में एक भी नागरिक हताहत नहीं हुआ और सभी हमलों को नाकाम कर दिया। हमने कार्रवाई करते हुए 11 एयरबेस को धवस्त किया।

03:51 PM, 30-Jul-2025

'आतंक पर कार्रवाई के लिए इच्छाशक्ति होनी चाहिए'

बालाकोट में हमले की जैश-ए-मोहम्मद ने जिम्मेवारी ली, वाहन पर हमला हुआ, जिसमें 40 सीआरपीएफ के जवान हताहत हुए। इसके बाद पीएम मोदी ने यहां पालम एयरपोर्ट पर सभी को श्रद्धांजलि भी दी थी और उसके बाद एक वक्तव्य दिया था। पीएम ने कहा था पाकिस्तान ने एक बहुत बड़ी गलती कर दी है और इसका उसको खामियाजा भुगतना पड़ेगा। देखिए राजनीतिक इच्छाशक्ति, पहले की तरह कोई गोलमोल जवाब नहीं दिया। नेताओं के मुख से ऐसे शब्द ऐसे नहीं निकलते, ये कमिटमेंट होती है तब निकलते हैं देश के प्रति। इसके बाद 11 दिन के अंदर बालाकोट का जवाब दिया गया। 70 किमी अंदर घुसकर पांच हजार किलो का गोला बारूद गिराया गया और उनके सारे जो ठिकाने थे उनको ध्वस्त किया।

हम पहलगाम पर चर्चा करने के आए हैं, इसके बारे में सभी को पता है। पहलगाम हमले के बाद हमने 13 दिन के भीतर कार्रवाई की, हमने आतंक ठिकानों को जमींदोज किया। हम 300 किमी अंदर गए, पाकिस्तान के एयरबेस हमला किया, कोई हताहत नहीं हुआ और कोई भी आतंकी बचा नहीं। इसके बाद पाकिस्तान की सेना आतंकियों के जनाजे में शामिल हुई।

03:44 PM, 30-Jul-2025

'पीएम जब बोलते हैं तो देश के साथ-साथ दुनिया को भी जवाब देते हैं'

1947 के बाद पहली बार किसी प्रधानमंत्री ने कहा था कि, उरी हमले के पीछे के लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। कोझिकोड में कहा था और तीन दिन के भीतर सितंबर 28-29 को सर्जिकल स्ट्राइक की गई। लॉन्चिंग पैड को ध्वस्त किया गया, पहली बार 30-40 पाकिस्तानी सैन्य कर्मियों को मारा गया और आतंकियों का सफाया किया गया। ऐसे जवाब दिया गया, ये है पूर्णमासी, ये बदलता भारत, ये है मोदी जी का नेतृत्व और ये है पारदर्शिता। आज तक 1947 से किसी पीएम ने उत्तर नहीं दिया। और आप कहते हैं कि पीएम बोलो, पीएम बोलो... पीएम जब बोलते हैं तो दुनिया को जवाब देते हैं, देश को देते ही है।

03:37 PM, 30-Jul-2025

2014 से अमावस्या घटने लगी- जेपी नड्डा

जेपी नड्डा ने चर्चा के दौरान कहा- 2014 से अमावस्या घटने लगी। उसके बाद से जम्मू-कश्मीर को छोड़कर देश की बाकी हिस्सों में आतंकी घटनाएं बंद हुईं। आतंकी घटनाएं 2004 से 2014 तक 7217 और 2015 से 2025 तक 2150 हुईं, 80 फीसदी तक घटी।

03:33 PM, 30-Jul-2025

'मुंबई आतंकी हमलों को RSS की साजिश बताया गया'

मुंबई आतंकी हमलों को तत्कालीन सरकार ने आरएसएस की साजिश बताया और भगवा आतंकवाद के पीछे पड़े। देश याद रखेगा, क्या-क्या नहीं किया। आज वो पहलगाम पर हमसे चर्चा की मांग कर रहे हैं। हम चर्चा करने के लिए तैयार है। हाफिज सईद को जी लगाकर संबोधित किया, किसने किया?

03:23 PM, 30-Jul-2025

विपक्ष पर जेपी नड्डा का करारा हमला

राज्यसभा में 'ऑपरेशन सिंदूर' पर बोलते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने विपक्ष की पूर्ववर्ती सरकार के दौरान हुए तमाम आतंकी हमलों को गिनवाया। उन्होंने कहा कि उस वक्त विपक्ष ने किसी भी आतंकी हमले पर कोई कार्रवाई नहीं की। इस दौरान जेपी नड्डा ने कहा, सेना वही थी, फौज वही थी लेकिन सरकार में इच्छाशक्ति नहीं थी। 

03:03 PM, 30-Jul-2025

जया बच्चन ने ऑपरेशन सिंदूर पर दिया वक्तव्य

राज्यसभा में ऑपरेशन सिंदूर पर बोलते हुए सपा सांसद जया बच्चन ने कहा कि सरकार को पहलगाम आतंकी हमले में हुई सुरक्षा चूक की जिम्मेदारी लेनी चाहिए और साथ ही आतंकी हमले में मारे गए लोगों के परिजनों से माफी मांगनी चाहिए। जया बच्चन ने कहा कि हमले में मारे गए लोग सरकार के भरोसे जम्मू कश्मीर गए थे, लेकिन उन्हें मिला क्या?

02:53 PM, 30-Jul-2025

कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने ट्रंप के संघर्षविराम के दावों पर प्रधानमंत्री से स्पष्टीकरण मांगते हुए कहा, 'वे (प्रधानमंत्री मोदी) खुलकर क्यों नहीं कहते कि डोनाल्ड ट्रंप झूठे हैं, उनमें हिम्मत क्यों नहीं है?'
 

02:13 PM, 30-Jul-2025

'देश किसी भी दल से ऊपर'

कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा, 'अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 29वीं बार इस बात का दावा किया है कि भारत-पाकिस्तान के बीच युद्धविराम उन्होंने (डोनाल्ड ट्रंप) कराया था। इस पर भारत के प्रधानमंत्री मोदी को भी अपना वक्तव्य खुलकर देना चाहिए... देश किसी भी दल से ऊपर है।'
 

01:48 PM, 30-Jul-2025

राज्यसभा में शाम 4 बजे बोलेंगे अमित शाह

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शाम 4 बजे राज्यसभा में ऑपरेशन सिंदूर पर बोलेंगे। 

01:47 PM, 30-Jul-2025

राजद सांसद मनोज झा ऑपरेशन सिंदूर पर बोले

ऑपरेशन सिंदूर पर राज्यसभा में बोलते हुए राजद सांसद मनोज झा ने ऑपरेशन सिंदूर में पुंछ और राजौरी में पाकिस्तानी हमले में मारे गए लोगों का भी मुद्दा उठाया गया। उन्होंने कहा कि सरकार ने कहा कि पाकिस्तानी कार्रवाई में एक कांच भी नहीं टूटा। 

01:05 PM, 30-Jul-2025

पाकिस्तान-अमेरिका संबंधों पर कही ये बात

 पाकिस्तान और अमेरिका के गठजोड़ पर विदेश मंत्री ने कहा कि 'ये आज की बात नहीं है। हमारी अमेरिका के साथ संबंधों को लेकर अलग सोच है और अमेरिका की अलग सोच है। हमारी राष्ट्रीय नीति है कि जम्मू कश्मीर के मुद्दे पर कोई मध्यस्थता नहीं होगी और द्विपक्षीय स्तर पर ही बात होगी। आज हम अमेरिका के साथ व्यापार समझौते पर बात कर रहे हैं और ये इसलिए हो रही है क्योंकि हम राष्ट्र हित के बारे में सोच रहे हैं। विदेश मंत्री ने ऑपरेशन सिंदूर के बाद विभिन्न देशों के दौरे पर गए प्रतिनिधिमंडल की भी तारीफ की और कहा कि सभी ने भारत के पक्ष को अच्छी तरह से रखा औऱ हम सभी को उन पर गर्व है।' 
 

12:58 PM, 30-Jul-2025

चीन-पाकिस्तान गठजोड़ के मुद्दे पर विपक्ष को घेरा

विदेश मंत्री ने कहा 'मोदी सरकार में हमने आतंकवाद के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है और साफ कर दिया है कि परमाणु  बम की धमकी नहीं चलेगी, पानी और खून साथ-साथ नहीं बहेंगे और बातचीत और आतंकवाद भी साथ-साथ नहीं होगा। चीन और पाकिस्तान गठजोड़ पर विदेश मंत्री ने कहा कि विपक्ष में कई चीन गुरु हैं, जो चीन के बारे में मुझसे भी ज्यादा जानते हैं, जिसने कूटनीतिक क्षेत्र में 41 साल का का अनुभव है। विपक्ष के लोगों का चीन ज्ञान ओलंपिक में जाने से हुआ। पर कभी-कभी क्या होता है कि ओलंपिक के क्लासरूम में जो बातें होती हैं तो कुछ छूट भी जाती हैं तो प्राइवेट क्लासेस भी लेनी पड़ती हैं। चीनी राजदूत प्राइवेट क्लास देते हैं।' 

'विपक्ष का आरोप है कि पाकिस्तान चीन का गठजोड़ मजबूत हो गया है, लेकिन उनका गठजोड़ पीओके की वजह से हुआ क्योंकि हमने पीओके छोड़ दिया था। हम मानते हैं कि चीन और पाकिस्तान करीब आ गए हैं, ये सच है, लेकिन ये हुआ कब। 2005 में पाकिस्तान-चीन के बीच दोस्ती को लेकर समझौता हुआ, फिर मुक्त व्यापार समझौता और फिर ग्वादर बंदरगाह और हंबनटोटा बंदरगाह, वो यूपीए के समय में हुआ। यूपीए सरकार में चीन को हमारा रणनीतिक साझेदार घोषित किया गया। 2006 में चीन के साथ रीजनल ट्रेडिंग करने पर सहमति बनी और टास्क फोर्स बनाने की घोषणआ हुई। समुद्री क्षेत्र में बीते 20 वर्षों में कहीं नुकसान पहुंची है तो सबसे बड़ी चोट हंबनटोटा बंदरगाह बनने से पहुंची और 2005 में ये हुआ और उस वक्त की सरकार ने लोकसभा में कहा था कि ये हमारे लिए चिंता की बात नहीं है। चीन ने नेपाल को हथियार पहली बार जब भेजे, तब यूपीए की सरकार थी। तो जो चीन गुरु आज ज्ञान देते हैं कि चीन और पाकिस्तान जुड़ गए हैं तो वो किसके समय में जुड़े और किसने उन्हें जोड़ा। विदेश मंत्री ने कहा कि जिन लोगों ने मुंबई हमले के बाद कोई कार्रवाई नहीं की, वो लोग आज पीओके पर सवाल कर रहे हैं।'
 

12:33 PM, 30-Jul-2025

ट्रंप के दावों पर कही ये बात

जयशंकर बोले '9 मई को अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने प्रधानमंत्री को कॉल किया और बताया कि पाकिस्तान बड़ा हमला करने वाला है। प्रधानमंत्री ने उनकी बात सुनी और कहा कि अगर ऐसा होगा तो पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा और ऐसा ही हुआ। हमारी सेना के हमले में पाकिस्तान का एयर डिफेंस सिस्टम तबाह हो गया। इसके बाद पाकिस्तान की तरफ से डीजीएमओ स्तर पर संघर्षविराम की अपील की गई। मैं ये बात कहना चाहता हूं कि किसी देश ने संघर्ष विराम में कोई मध्यस्थता नहीं की और संघर्ष विराम का व्यापार से कोई संबंध नहीं है। जयशंकर ने ये भी कहा कि 22 अप्रैल से लेकर 16 जून तक पीएम मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप के बीच कोई बात नहीं हुई।'

विदेश मंत्री जयशंकर ने कहा कि '25 अप्रैल को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में एक बयान जारी किया गया, जिसमें पहलगाम आतंकी हमले के जिम्मेदार लोगों को न्याय के कटघरे में खड़ा किया जाए। खास बात ये है कि उस समय पाकिस्तान सुरक्षा परिषद का सदस्य था, जबकि भारत सदस्य नहीं था। इसके बावजूद पहलगाम आतंकी हमले पर सुरक्षा परिषद से बयान जारी किया गया। इसके साथ ही जयशंकर ने पहलगाम आतंकी हमले के बाद दुनियाभर से भारत को मिले समर्थन का जिक्र किया।'

जयशंकर ने कहा कि 'ऑपरेशन सिंदूर की सफलता क्या है तो मैं कहना चाहता हूं कि इससे पाकिस्तान का आतंकवाद और आतंक का गठजोड़ पूरी दुनिया के सामने बेनकाब हो गया। सोशल मीडिया पर जाकर देख सकते हैं कि पाकिस्तानी एयरबेस का क्या हुआ।'
 

12:26 PM, 30-Jul-2025

जयशंकर ने बताया मोदी सरकार के सत्ता में आने के बाद क्या बदला

विदेश मंत्री ने कहा कि 'मोदी सरकार के सत्ता में आने के बाद आतंकवाद के खिलाफ देश का बदला है कि अब हम हर अंतरराष्ट्रीय मंच पर आतंकवाद को मुख्य मुद्दा बनाते हैं। चाहे वो एससीओ हो, ब्रिक्स हो या फिर कोई भी अन्य वैश्विक मंच। हमने एफएटीएफ के जरिए पाकिस्तान पर दबाव बनाया। आतंकी घटनाओं के वित्तपोषण पर रोक लगाई गई है। पाकिस्तानी आतंकी संगठनों को वैश्विक आतंकी संगठन घोषित कराया गया है। पहली बार संयुक्त राष्ट्र ने माना कि टीआरएफ, लश्कर ए तैयबा का छद्म संगठन है। मुंबई हमले के बाद जब ब्रिक्स सम्मेलन हुआ था तो उसमें मुंबई हमले को लेकर कोई बात नहीं हुई और न ही आतंकवाद का मुद्दा उठाया गया। हमारी सरकार आने के बाद पहलगाम आतंकी हमले को वैश्विक मंचों पर जोर-शोर से उठाया गया। हमने पाकिस्तान को संदेश दिया है कि अब हम आतंकी घटनाओं को बर्दाश्त नहीं करेंगे और हर आतंकी हमले का मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।'

12:20 PM, 30-Jul-2025

'मुंबई आतंकी हमले के बाद तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने कोई एक्शन नहीं लिया'

जयशंकर ने कहा कि 'पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत की तरफ से सटीकता से आतंकी ठिकानों पर हमले किए और ये हमले उकसावे वाली कार्रवाई के तहत नहीं किए गए। भारत ने लंबे समय तक आतंकवाद झेला है, लेकिन अगर हमें किसी को ये बात समझानी है तो पूरी दुनिया देखती है कि भारत ने इन हमलों पर कैसे जवाब दिया। लेकिन पूर्व में देखा गया कि कई बड़े आतंकी हमलों के बाद भी भारत ने पाकिस्तान के साथ बातचीत जारी रखी और कोई खास कदम नहीं उठाया। इससे पूरी दुनिया में एक संदेश गया।'

'मुंबई में 2008 में आतंकी हमला हुआ। उसके बाद शर्म अल शेख में दोनों देशों के बीच एक बैठक हुई, जिसमें माना गया है कि आतंकवाद से दोनों देश प्रभावित हैं और दोनों देश आतंकवाद से पीड़ित हैं। इस तरह से आतंकवाद का सामान्यीकरण किया गया। भारत की तरफ से पाकिस्तान को घेरने के लिए कुछ खास नहीं किया गया। ऐसे में दुनिया हमें कैसे गंभीरता से लेगी?'

12:05 PM, 30-Jul-2025

विदेश मंत्री जयशंकर ने राज्यसभा में बोलना शुरू किया

राज्यसभा में विदेश मंत्री ने ऑपरेशन सिंदूर पर बोलते हुए कहा कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत सरकार की तरफ से कई कदम उठाए गए। इसके तहत कई राजनयिकों को वापस भेजा गया और पाकिस्तानी नागरिकों को वापस भेजा गया। सबसे अहम जो कदम उठाया गया, वो था सिंधु जल समझौते को स्थगित करना।

विदेश मंत्री ने कहा कि 'सिंधु जल समझौते के दौरान तत्कालीन प्रधानमंत्री ने लोकसभा में दिए अपने भाषण में पाकिस्तान के हितों की बात की पाकिस्तानी पंजाब की फिक्र थी, लेकिन उन्होंने भारतीय राज्यों के हितों को अनदेखा किया। तत्कालीन पीएम ने उस वक्त लोकसभा में कहा कि संसद को ये हक नहीं कितना पैसा दिया गया और कितना पानी। कहा जाता है कि सिंधु जल समझौता अच्छी भावना और दोस्ती के तहत किया गया, लेकिन 1960 के बाद से पाकिस्तान ने लगातार भारत पर हमले और आतंकवाद को बढ़ावा दिया।' 

11:20 AM, 30-Jul-2025

राज्यसभा 12 बजे तक स्थगित

संसद की कार्यवाही शुरू हो गई है। लोकसभा में फिलहाल प्रश्नकाल चल रहा है, जिसमें सांसदों के सवालों पर सरकार के मंत्री जवाब दे रहे हैं। वहीं राज्यसभा में कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष ने हंगामा शुरू कर दिया, जिसके बाद सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी गई। 

11:18 AM, 30-Jul-2025

बिहार में एसआईआर के मुद्दे पर प्रदर्शन

बिहार में एसआईआर के खिलाफ विपक्षी सांसदों ने विरोध प्रदर्शन किया। सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी भी इस विरोध प्रदर्शन में शामिल हुईं। 
 

10:45 AM, 30-Jul-2025

बिहार में मतदाता सूची पुनरीक्षण मुद्दे पर चर्चा की मांग

आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने बिहार में मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण के मामले पर चर्चा के लिए सस्पेंशन ऑफ बिजनेस नोटिस दिया है। 

कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने लोकसभा में दिल्ली में चल रहे अतिक्रमण रोधी कार्यक्रम के मुद्दे पर चर्चा के लिए स्थगन प्रस्ताव पेश किया है। 

10:38 AM, 30-Jul-2025

धर्मांतरण के मुद्दे पर कांग्रेस सांसदों का विरोध प्रदर्शन

धर्मांतरण के आरोप में केरल की दो ननों की छत्तीसगढ़ में गिरफ्तारी के विरोध में प्रियंका गांधी समेत कई कांग्रेस सांसदों ने संसद परिसर में विरोध प्रदर्शन किया। सीपीआईएम के कई नेताओं ने भी आज दुर्ग केंद्रीय कारागार में बंद ननों से मुलाकात की।  
 
 

10:03 AM, 30-Jul-2025

कांग्रेस का पीएम मोदी पर निशाना

कांग्रेस ने बुधवार को दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के भारत-पाकिस्तान युद्धविराम के दावों को स्पष्ट रूप से नकारने से इनकार कर रहे हैं क्योंकि वह बहुत कमजोर स्थिति में हैं और उन्हें बहुत कुछ छुपाना है। स्कॉटलैंड से वाशिंगटन लौटते समय मंगलवार को एयर फोर्स वन में पत्रकारों से बात करते हुए, ट्रंप ने यह दावा दोहराया कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष को रोका था।

ट्रंप की ताजा टिप्पणी का एक वीडियो टैग करते हुए, कांग्रेस महासचिव (संचार प्रभारी) जयराम रमेश ने सोशल मीडिया पर लिखा कि 'ये एक बार फिर राष्ट्रपति ट्रंप हैं - कल लोकसभा में प्रधानमंत्री के बयान के बाद, जहां उन्होंने मुख्य मुद्दे को भटका दिया था। प्रधानमंत्री अपने अच्छे दोस्त डोनाल्ड ट्रंप द्वारा 30 बार कही गई बातों को सिरे से नकारने से क्यों इनकार कर रहे हैं? जवाब साफ है। नरेंद्र मोदी बहुत कमजोर स्थिति में हैं और उन्हें बहुत कुछ छुपाना है।' 

मंगलवार को लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी पर तीखा हमला बोलते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के भारत-पाकिस्तान युद्धविराम के दावों का स्पष्ट रूप से खंडन करने की चुनौती दी थी। राहुल गांधी के बाद बोलते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने जोर देकर कहा कि किसी भी देश के नेता ने भारत से ऑपरेशन सिंदूर रोकने के लिए नहीं कहा।

09:21 AM, 30-Jul-2025

Parliament: ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा के दौरान विपक्ष का हंगामा, शाह बोले- कांग्रेस को सवाल पूछने का अधिकार नहीं

Parliament Monsoon Session News: संसद का मानसून सत्र जारी है। लोकसभा में 'ऑपरेशन सिंदूर' पर चर्चा हो चुकी है। बीते दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने निचले सदन में चर्चा का जवाब भी दे दिया है। आज राज्यसभा में इस विषय पर चर्चा का आखिरी दिन है। जानकारी के मुताबिक, विदेश मंत्री एस. जयशंकर दोपहर एक बजे राज्यसभा में 'ऑपरेशन सिंदूर' पर चर्चा में हिस्सा लेंगे। केंद्रीय मंत्री और सदन के नेता जेपी नड्डा दोपहर तीन बजे अपने विचार रखेंगे। वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह उच्च सदन में चर्चा का जवाब दे सकते हैं।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें