फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Parliament Live Updates: लोकसभा बुधवार शाम छह बजे तक के लिए स्थगित, श्रम संहिता से जुड़े तीन विधेयक पारित

Tue, 22 Sep 2020 10:56 PM IST
Sneha Baluni न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

संसद के मानसून सत्र का आज नौवां दिन है। राज्यसभा से निलंबित आठ सांसदों ने रातभर संसद परिसर में धरना दिया। सुबह उपसभापति हरिवंश उनसे मिलने के लिए पहुंचे। वे उनके लिए चाय-नाश्ता लेकर पहुंचे थे, लेकिन सांसदों ने इसे लेने से इनकार कर दिया। हालांकि बाद में सांसदों ने धरना खत्म कर दिया। वहीं विपक्ष ने राज्यसभा के पूरे सत्र का बहिष्कार करने का फैसला किया है। इसी बीच राज्यसभा से आवश्यक वस्तु संशोधन विधेयक पास हो गया है। यह कृषि विधेयक से जुड़ा तीसरा विधेयक है। विपक्ष के भारी विरोध के बावजूद सदन से आज सात विधेयक पास हुए। दूसरी तरफ लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष ने जमकर हंगामा किया। जिसके बाद लोकसभा की कार्यवाही एक घंटे के लिए स्थगित हुई। एक घंटे बाद जब कार्यवाही फिर शुरू हुई, उसके बाद निलंबित सांसदों के समर्थन में विपक्षी सांसदों ने लोकसभा की कार्यवाही का बहिष्कार किया। यहां पढ़ें सदन की कार्यवाही से जुड़े अपडेट्स-
विज्ञापन
लोकसभा (फाइल फोटो) - फोटो : PTI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

10:52 PM, 22-Sep-2020

लोकसभा बुधवारशाम 6 बजे तक के लिए स्थगित

लोकसभा की कार्यवाही बुधवार शाम छह बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।

08:31 PM, 22-Sep-2020

बुधवार को सदन की कार्यवाही शाम छह बजे बुलाई जाएगी- ओम बिड़ला

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने कहा कि बुधवार को सदन की कार्यवाही शाम छह बजे बुलाई जाएगी। अभी लोकसभा में 'शून्यकाल' चल रहा। इस दौरान कई सांसद अपनी बात सदन में रख रहे हैं।
 

08:07 PM, 22-Sep-2020

जम्मू-कश्मीर आधिकारिक भाषा विधेयक, 2020 पारित

जम्मू-कश्मीर आधिकारिक भाषा विधेयक, 2020 पारित कर दिया गया है। लोकसभा में मौजूद सांसदो ने ध्वनीमत से इस विधेयक को पास कर दिया। इस विधेयक के तहत उर्दू, कश्मीरी, डोगरी, हिंदी और अंग्रेजी समेत पांच भाषाओं को आधिकारिक भाषा का दर्जा दिया गया है।

विज्ञापन
07:59 PM, 22-Sep-2020

लोकसभा में मंत्री जितेंद्र सिंह का शायराना अंदाज

उत्तर पूर्वी क्षेत्र के विकास मंत्रालय और प्रधानमंत्री कार्यालय के राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने जम्मू-कश्मीर आधिकारिक भाषा विधेयक, 2020 विधेयक पर चर्चा करते हुए शायराना अंदाज में मशहूर शायर गालिब के एक शेर का जिक्र करते हुए कहा कि 'सुन तो सही जहां में है तेरा फसाना क्या... कहती है तुझ को खल्क-ए-खुदा गाएबाना क्या..

07:42 PM, 22-Sep-2020

लोकसभा में जम्मू-कश्मीर की आधिकारिक भाषा विधेयक, 2020 पेश

श्रम संहिता से जुड़े तीन विधेयक पारित होने के बाद लोकसभा में जम्मू-कश्मीर आधिकारिक भाषा विधेयक, 2020 परिचय के लिए लाया गया है। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री जी किशन रेड्डी इस विधेयक से सदन का परिचय करा रहे हैं।

विज्ञापन
07:30 PM, 22-Sep-2020

विपक्ष के बहिष्कार के बीच श्रम संहिता के तीन विधेयक पारित

लोकसभा में विपक्ष के बहिष्कार के बीच श्रम संहिता के तीन विधेयकों को पारित कर दिया गया। सदन में मौजूद सांसदों ने ध्वनीमत से विधेयक को पारित किया। 

07:11 PM, 22-Sep-2020

लोकसभा में तीन श्रम संहिता विधेयकों पर चर्चा

श्रम एवं रोजगार राज्य मंत्री संतोष गंगवार लोकसभा में उपजीविकाजन्य सुरक्षा, स्वास्थ्य और कार्यदशा संहिता, 2020, औद्योगिक संबंध संहिता, 2020 और सामाजिक सुरक्षा संहिता, 2020 विधेयक पारित किए जाने को लेकर सांसदों द्वारा विचार रखने के बाद सदन को विधेयक को लेकर जानकारी दे रहे हैं। गंगवार ने कहा कि श्रमिकों के कल्याण के लिए हमने ट्रेड यूनियनों को इस कानून में मान्यता दी है। ट्रेड यूनियनों को संस्थान, राज्य और केंद्र स्तर पर मान्यता मिलेगी।

06:57 PM, 22-Sep-2020

मनोज तिवारी बोले- दूसरे राज्यों में जाकर काम करने वाले मजदूर प्रवासी कैसे हो गए?

उत्तर-पूर्वी दिल्ली से भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने चर्चा के दौरान कहा कि इस बिल को गीता और कुरान की तरह पढ़ें, जितना पढ़ेंगे उतना ही ज्यादा इस बिल के बारे में समझेंगे। मनोज तिवारी ने कहा कि बिहार, उत्तर प्रदेश से जो मजदूर दूसरों राज्यों में जाकर काम करते हैं वह प्रवासी कैसे हो गए? इससे हमें बहुत ज्यादा दुख पहुंचता है। क्योंकि कोरोना के समय हमने देखा कि दूसरे राज्यों की सरकारों ने इन मजदूरों की जिम्मेदारी लेना बंद कर दिया। उन्हें पैदल अपने घरों को लौटना पड़ा। इस बिल के बनने से इस समस्या का भी समाधान हो जाएगा।

06:45 PM, 22-Sep-2020

नवजोत सिद्धू ने कृषि बिलों को कहा 'काला कानून'

कांग्रेस नेता और पंजाब सरकार में पूर्व मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू ने संसद में पारित किए गए कृषि बिलों को 'काला कानून' का नाम दिया है। उन्होंने कहा कि यह बिल कृषक समुदाय को 'बर्बाद' कर देगा।

06:36 PM, 22-Sep-2020

राज्यसभा में व्यापार सलाहकार समिति की बैठक बुलाई गई

राज्यसभा में मंगलवार शाम को व्यापार सलाहकार समिति की बैठक बुलाई गई। इस बैठक में विपक्ष के सदस्यों ने शामिल नहीं होने का एलान किया है। टीएमसी के डेरेक ओ ब्रयन, सपा के रामगोपाल यादव, कांग्रेस के आनंद शर्मा, जयराम रमेश, आरजेडी के मनोज झा समेत विपक्षी पार्टियों के 11 सांसद इस कमिटी के सदस्य हैं।

06:29 PM, 22-Sep-2020

मजदूरों के बच्चों के लिए कंपनी स्कॉलरशिप दे- नवनीत राणा

लोकसभा में महाराष्ट्र के अमरावती से निर्दलीय सांसद नवनीत रवि राणा ने बुजुर्गों को मिलने वाले पेंशन का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि 'बुजुर्गों को मिलने वाले 500-1000 रुपये के पेंशन से आज के समय में क्या उनका गुजारा चल सकता है? मैं सरकार से उनके प्रति ध्यान देने का आग्रह करती हूं।' रवि राणा ने कहा कि कंपनियों में ज्यादा समय तक काम करने वाले श्रमिकों के बच्चों के लिए कंपनी मालिक की ओर से स्कॉलरशिप दिया जाए ताकि मजदूर का बच्चा आगे चलकर मजदूर न बन सके।

06:20 PM, 22-Sep-2020

'एक करोड़ से अधिक प्रवासी मजदूर पैदल घर लौटे'

लोकसभा में चर्चा के दौरान सड़क परिवहन और राजमार्ग राज्य मंत्री वीके सिंह ने एक लिखित उत्तर में लोकसभा में बताया कि मार्च-जून तक कोरोना संक्रमण के दौरान एक करोड़ से अधिक प्रवासी मजदूर पैदल अपने राज्यों में घरों को लौटे। कोविड-19 के परिणामस्वरूप गंतव्य राज्यों से बड़ी संख्या में श्रमिकों का गृह-राज्यों में प्रवास हुआ है?श्रम और रोजगार मंत्रालय द्वारा संकलित आंकड़ों के अनुसार, लॉकडाउन के दौरान पैदल यात्रा करने वालों सहित 1.06 करोड़ से अधिक प्रवासी कामगार अपने गृह राज्यों को लौट गए।

06:05 PM, 22-Sep-2020

श्रम संहिता में बदलाव से श्रमिकों के जीवन में बदलाव आएगा- सोनकर

लोकसभा में श्रम संहिता पर चर्चा हो रही है। चर्चा के दौरान उत्तर प्रदेश को कौशांबी से भाजपा सांसद विनोद कुमार सोनकर ने कहा कि 'सबसे पहले श्रम संहिता में संशोधन का काम बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर ने किया था। उन्होंने ही सबसे पहले अंग्रेजों के समय में बने 12 घंटे के काम करने की समय सीमा को घटाकर आठ घंटे करने का काम किया था। बाबा साहेब आंबेडकर के बाद अगर किसी ने श्रमिकों की हितों के लिए कुछ किया है तो वो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं। मैं इसके लिए उनकी तारीफ करता हूं। मैं श्रम मंत्री संतोष गंगवार की भी तारीफ करता हूं। इस कानून के बनने से प्रवासी श्रमिकों की परिभाषा सही होगी। अगर ये कानून पहले बन गया होता तो कोरोना के दौरान प्रवासी श्रमिक सड़कों पर नहीं होते।' सोनकर ने कहा कि 'श्रम कानून में बदलाव से देश के श्रमिकों का शोषण अब संविदा के जरिए नहीं किया जाएगा।'

05:34 PM, 22-Sep-2020

वेंकैया नायडू ने हरिवंश की तारीफ की

राज्यसभा के सभापति एम वेंकैया नायडू ने सदन में विपक्षी सदस्यों द्वारा हंगामा और हिंसा किए जाने पर भी संयम दिखाने के लिए उप सभापति हरिवंश सिंह की तारीफ की है। नायडू ने प्रदर्शनकारी नेताओं के आचरण को अस्वीकार करते हुए कहा कि सदन में उनकी अपनी मर्जी नहीं चलेगी, यह अस्वीकार्य है।

05:26 PM, 22-Sep-2020

विपक्षी सांसदों के साथ लोकसभा अध्यक्ष की बैठक

लोकसभा से कृषि विधेयकों के मुद्दे पर बहिष्कार करने वाले विपक्ष के सांसदों के साथ लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला बैठक कर रहे हैं।
 

05:22 PM, 22-Sep-2020

श्रम कानून संहिता से जुड़े बिल पेश

श्रम एवं रोजगार राज्य मंत्री संतोष गंगवार ने लोकसभा में श्रम कानून संहिता से जुड़े बिल पेश किए। वहीं, लोकसभा का बहिष्कार करने के बाद विपक्ष के नेताओं की लोकसभा स्पीकर से साथ बैठक चल रही है। बैठक में अधीर रंजन चौधरी, टीआर बालू, सुप्रिया सुले, कल्याण बनर्जी समेत विपक्ष के अन्य नेता मौजूद हैं।

04:59 PM, 22-Sep-2020

राज्यसभा में हंगामा और हिंसा संसद के कामकाज पर शर्मनाक दाग- हरदीप सिंह

राज्यसभा में कृषि बिल पारित होने के दौरान हुए हंगामा को लेकर नागरिक उड्डयन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि 'दो कृषि विधेयकों के पारित होने के दौरान राज्यसभा में हंगामा और हिंसा संसद के कामकाज पर शर्मनाक दाग के रूप में जाना जाएगा। 

04:36 PM, 22-Sep-2020

अधीर रंजन चौधरी ने कार्यवाही का किया बहिष्कार

अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि तोमर ने सफेद झूठ का सहारा लेकर लोगों को गुमराह किया। मैं राज्यसभा के सांसदों के साथ खड़ा हूं। मैं सारे विपक्षी दलों के साथ बहिष्कार करता हूं।

04:27 PM, 22-Sep-2020

बिचौलियों के दबाव में कांग्रेस ने कृषि सुधार को लेकर कदम नहीं उठाया- तोमर

नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि ये जो कृषि के क्षेत्र में सुधार हुआ है, यह कांग्रेस भी चाहती थी लेकिन दलालों और बिचौलियों के दबाव में कांग्रेस ने कदम नहीं उठाया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मजबूती से यह कदम उठाया। आज विपक्ष को लग रहा है कि किसान सरकार के साथ खड़ी हो जाएगी, इसलिए इनके पेट में दर्द हो रहा है।

04:23 PM, 22-Sep-2020

कृषि मंत्री बोले- इस बिल से कृषि के क्षेत्र में अभूतपूर्व परिवर्तन आएगा

लोकसभा की कार्यवाही दोबारा शुरू होने के बाद विपक्षी सांसदों ने फिर हंगामा शुरू कर दिया। कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि इस बिल से कृषि के क्षेत्र में अभूतपूर्व परिवर्तन आएगा। कांग्रेस सिर्फ दुष्प्रचार कर रही है। तोमर ने कहा कि कांग्रेस के लोगों को समझना चाहिए कि उनके कार्यकाल में एमएसपी के जरिए किसानों को भुगतान हुआ था, उससे तीन गुना ज्यादा राशि हमने छह साल में किसानों को दिए।

04:22 PM, 22-Sep-2020

एमएसपी बढ़ाने की घोषणा विधेयक में लाया जाए- बसपा सांसद

लोकसभा में बसपा के एक सांसद ने कहा कि यह जो रबी फसल में एमएसपी बढ़ाने की घोषणा की गई है, उसे विधेयक में लाया जाए।

04:22 PM, 22-Sep-2020

कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कांग्रेस पर हमला किया

कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कांग्रेस पर हमला किया। कहा, कल बुआई से पहले ही रबी की एमएसपी घोषित कर दी। कांग्रेस के दांत खाने के और दिखाने के और हैं। कांग्रेस दस साल शासन में रही, स्वामीनाथन समिति की रिपोर्ट को स्वीकार नहीं किया। 

04:16 PM, 22-Sep-2020

एक घंटे बाद लोकसभा की कार्यवाही शुरू

एक घंटे बाद लोकसभा की कार्यवाही शुरू हो गई है। 

04:07 PM, 22-Sep-2020

विदेशों में रह रहे 373 भारतीय नागरिकों की कोरोना से मौत हुई- वी मुरलीधरन

लोकसभा में कोरोना से मौत को लेकर सवालों का जवाब देते हुए विदेश राज्यमंत्री वी मुरलीधरन ने कहा कि दुनिया के अलग-अलग देशों में रह रहे 373 भारतीय नागरिकों की कोविड-19 से मौत हुई है। उन्होंने कहा कि 10 सितंबर 2020 तक उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक विदेशों में रह रहे 11,616 भारतीय कोरोना से संक्रमित हुए हैं।

04:01 PM, 22-Sep-2020

कृषि बिल किसानों को प्रभावित नहीं करता है- पलानीस्वामी

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के पलानीस्वामी ने कहा कि 'केंद्र सरकार द्वारा लाई गई कृषि बिल किसानों को प्रभावित नहीं करता है। स्टालिन बिना जाने ही बिल के बारे में बात कर रहे हैं। हम तमिलनाडु के लोगों और किसानों के खिलाफ किसी भी योजना का विरोध करेंगे।'
 

03:49 PM, 22-Sep-2020

अधीर रंजन चौधरी ने एमएसपी में बढ़ोतरी पर उठाए सवाल

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि रबी फसलों पर एमएसपी में बढ़ोत्तरी हाथी के पेट में इलायची का दाना है। उन्होंने सरकार से सवाल किया कि आपने एमएसपी को कानून में क्यों नहीं रखा? 

03:22 PM, 22-Sep-2020

एक घंटे के लिए स्थगित हुई लोकसभा की कार्यवाही

लोकसभा की कार्यवाही शुरू होने पर विपक्षी सांसदों ने जमकर नारेबाजी की। इसके चलते लोकसभा की कार्यवाही को एक घंटे के लिए स्थगित कर दिया गया है।
 
 

02:26 PM, 22-Sep-2020

स्थगित हुई राज्यसभा की कार्यवाही

राज्यसभा से राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय विधेयक, 2020 और कराधान और अन्य विधि विधेयक, 2020 पास हो गए हैं। इसके साथ ही राज्यसभा की कार्यवाही बुधवार तक के लिए स्थगित हो गई है।

01:48 PM, 22-Sep-2020

राज्यसभा से पास हुआ राष्ट्रीय फोरेंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय विधेयक

राज्यसभा ने राष्ट्रीय फोरेंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय विधेयक, 2020 को पारित कर दिया है।
 
 

01:28 PM, 22-Sep-2020

निलंबित सदस्यों द्वारा माफी मांगने पर होगा निलंबन रद्द करने पर विचार

केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा, 'हमें उम्मीद थी कि कांग्रेस राज्यसभा में विपक्षी सदस्यों के अमर्यादित आचरण का विरोध करेगी। राज्यसभा के निलंबित सदस्यों द्वारा अपने आचरण के लिए माफी मांगने के बाद ही हम निलंबन रद्द करने पर विचार करेंगे।'

01:16 PM, 22-Sep-2020

राज्यसभा से पास हुआ कृषि संबंधी तीसरा विधेयक

विपक्ष के विरोध के बावजूद आज ऊपरी सदन से वस्तु संशोधन विधेयक पास हो गया है। इसके साथ ही कृषि संबंधी तीनों विधेयकों को मोदी सरकार ने उच्च सदन से पास करवा लिया है। राज्यसभा ने आज अनाज, दलहन, तिलहन, खाद्य तेल, प्याज और आलू को आवश्यक वस्तुओं की सूची से हटाने के प्रावधान वाले विधेयक को मंजूरी दे दी है।

12:52 PM, 22-Sep-2020

राज्यसभा से पास हुआ बैंकिंग नियमन (संशोधन) विधेयक

राज्यसभा से बैंकिंग नियमन (संशोधन) विधेयक, 2020 पास हो गया है।
 
 

12:50 PM, 22-Sep-2020

चुनाव खत्म होते ही बिहार को भूल जाएगी भाजपा: तेजस्वी यादव

राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव ने कहा, 'वे (भाजपा) अब बिहार की बात करते रहेंगे और चुनाव खत्म होते ही वे बिहार को भूल जाएंगे। प्रधानमंत्री ने अभी तक यहां बाढ़ की स्थिति का आकलन करने के लिए केंद्रीय टीम नहीं भेजी है। जहां तक किसान विधेयकों का सवाल है, हम इसके खिलाफ विरोध प्रदर्शन करेंगे।' 
 
 

12:46 PM, 22-Sep-2020

मैं निलंबित सांसदों के प्रदर्शन में हिस्सा लूंगा: शरद पवार

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष शरद पवार ने कहा, 'मैं उनके (आठ निलंबित राज्यसभा सांसदों) प्रदर्शन में भी हिस्सा लूंगा। मैं उनके साथ समर्थन दिखाने के लिए एक दिन का उपवास करूंगा।'
 
 

12:16 PM, 22-Sep-2020

विपक्षी सांसदों ने खत्म किया धरना

कांग्रेस और कई अन्य विपक्षी दलों ने मंगलवार को मौजूदा मानसून सत्र की शेष अवधि में राज्यसभा की कार्यवाही का बहिष्कार करने का फैसला किए जाने के बाद निलंबित सांसदों ने संसद भवन परिसर में अपना धरना खत्म कर दिया।

12:02 PM, 22-Sep-2020

कांग्रेस ने लोकसभा सांसदों की बुलाई बैठक

कांग्रेस ने आज लोकसभा का सत्र शुरू होने से पहले अपने लोकसभा सांसदों की बैठक बुलाई है।
 

 

11:50 AM, 22-Sep-2020

राज्यसभा से पास हुआ प्रौद्योगिकी संस्थान विधियां विधेयक

राज्यसभा से भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान विधियां विधेयक, 2020 पास हो गया है।

11:43 AM, 22-Sep-2020

राज्यसभा में पेश हुआ आवश्यक वस्तु संशोधन विधेयक

राज्यसभा में पेश हुआ आवश्यक वस्तु (संशोधन) विधेयक 2020। अब सदन में इसपर चर्चा की जाएगी।
 
 

11:17 AM, 22-Sep-2020

उपसभापति ने राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को लिखा पत्र

राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश ने राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को 20 सितंबर को कृषि विधेयकों के पारित होने के दौरान विपक्षी सांसदों द्वारा सदन में उनके साथ किए गए दुर्व्यवहार को लेकर पत्र लिखा है।
 
 

11:07 AM, 22-Sep-2020

किसी की बात सुनने को तैयार नहीं हैं सभापति: कांग्रेस सांसद

राज्यसभा से निलंबित कांग्रेस के सांसद सैयद नासिर हुसैन ने कहा, 'हम चाहते थे कि केवल निलंबन निरस्त न हो बल्कि कृषि विधेयकों को भी वापस लिया जाए और इसपर सही तरीके से मतदान किया जाए। मगर ऐसा कुछ भी होने वाला नहीं है क्योंकि सभापति किसी की बात सुनने के लिए तैयार नहीं हैं। इसलिए सभी विपक्षी दलों ने शेष सत्र का बहिष्कार किया। उन्होंने धरने पर बैठे सभी लोगों से इसे खत्म करने की अपील और बचे हुए सत्र का बहिष्कार करने में शामिल  होने का कहा। इस तरह हमने यह धरना खत्म कर दिया है।' 
 
 

11:02 AM, 22-Sep-2020

मेरी पार्टी ने पूरे सत्र का बहिष्कार करेगी: रामगोपाल यादव

समाजवादी पार्टी के राज्यसभा सांसद राम गोपाल यादव ने कहा, 'मैं संसद का एक वरिष्ठ सदस्य हूं, मैंने सदन में जो कुछ भी हुआ उसके लिए माफी मांगी है, लेकिन मुझे कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। मुझे यह बहुत अपमानजनक लगा। मेरी पार्टी ने पूरे सत्र का बहिष्कार करने का फैसला किया है।'
 
 

10:58 AM, 22-Sep-2020

जारी है सांसदों का धरना

राज्यसभा के निलंबित आठ सांसदों का संसद परिसर में धरना जारी है।

10:44 AM, 22-Sep-2020

तीन मांगें स्वीकार न होने तक हम संसद सत्र का करेंगे बहिष्कार

कांग्रेस सांसद गुलाम नबी आजाद ने कहा, 'हम संसद सत्र का बहिष्कार करेंगे जब तक कि सरकार हमारी तीन मांगों को स्वीकार नहीं करती है। पहली- सरकार दूसरा विधेयक लेकर आए जिसके तहत कोई भी निजी कंपनी एमएसपी से नीचे खरीद न कर सके, दूसरी- एमएसपी को स्वामीनाथन आयोग द्वारा अनुशंसित फार्मूले के तहत तय किया जाना चाहिए और तीसरी- एफसीआई जैसी सरकारी एजेंसियां एमएसपी से नीचे फसल नहीं खरीदेंगी।'
 
 

10:33 AM, 22-Sep-2020

लोगों की चेतना जगाने के लिए एक दिन के उपवास पर हैं उपसभापति

राज्यसभा के सभापति एम वेंकैया नायडू ने कहा, 'राज्यसभा के उपसभापति ने लोकतंत्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए मुझे पत्र लिखकर बताया कि उनके साथ कैसा व्यवहार किया गया। उन्होंने मुझे लिखा है कि लोगों की चेतना जगाने के लिए वे एक दिन का उपवास रख रहे हैं। वो आज निलंबित सांसदों से मुलाकात करने के लिए पहुंचे और चाय भी दी। हम सभी उनकी तारीफ कर रहे हैं। हम संसदीय लोकतंत्र में इस तरह के व्यवहार को स्वीकार नहीं कर सकते।' नायडू ने विपक्षी नेताओं से 'पुनर्विचार, आत्मनिरीक्षण, सदन में चर्चा में भाग लेने के लिए लौटने' का आग्रह किया।
 
 

10:28 AM, 22-Sep-2020

क्या यह व्यवहार का तरीका है: प्रहलाद जोशी

केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री प्रहलाद जोशी ने कहा, 'उच्च सदन में जो कुछ हुआ क्या वो दुखदाई नहीं हैं? क्या यह व्यवहार का तरीका है? यदि वे अपना खेद व्यक्त करते हैं, तो सरकार उनके बिना बिजनेस चलाने के लिए बाध्य नहीं है। जब चर्चा करने को तैयार हैं क्योंकि हम मजबूत स्थिति में हैं।'
 

10:20 AM, 22-Sep-2020

लोकतंत्र में सहयोग के साथ काम करना चाहिए

पूर्व प्रधानमंत्री और राज्यसभा सांसद एचडी देवगौड़ा ने कहा, 'सरकार को एक समझौते तक पहुंचना चाहिए। विपक्ष और सरकार दोनों को एक साथ बैठकर सदन चलाने में मदद करनी चाहिए। लोकतंत्र में सहयोग के साथ काम करना चाहिए।'
 
 

10:09 AM, 22-Sep-2020

सदस्यों के निलंबन से खुश नहीं हूं: सभापति

राज्यसभा के सभापति एम वेंकैया नायडू ने कहा, 'मैं सदस्यों के निलंबन को लेकर खुश नहीं हूं। उनके आचरण पर कार्रवाई की गई है। हम किसी भी सदस्य के खिलाफ नहीं हैं।' सभापति ने कहा कि किसी भी मुद्दे पर डिविजन मांगना आपका अधिकार है लेकिन आपको वेल में नहीं आना चाहिए था। अगर आपको लगता है कि उपसभापति ने आपकी पूरी बात नहीं सुनी तो आप मेरे पास आ सकते हैं मगर इस तरह का व्यवहार आपको शोभा नहीं देता है।
 
 

10:02 AM, 22-Sep-2020

सांसदों का निलंबन रद्द किया जाए

समाजवादी पार्टी के सांसद रामगोपाल यादव ने कहा कि सरकार ने संयम से काम लिया। उन्होंने कहा कि विपक्ष के सदस्यों से गलती हुई है। सांसदों का निलंबन रद्द किया जाए। मैं सभी सांसदों की तरफ से माफी मांगता हूं।

09:53 AM, 22-Sep-2020

आठ सांसदों का निलंबन वापस लिया जाए

राज्यसभा सांसद गुलाम नबी आजाद ने कहा कि आठ सांसदों का निलंबन वापस लिया जाए। उन्होंने कहा, 'हमारी मांग है कि आठ सांसदों के निलंबन को वापस लिया जाए और सरकार दूसरा विधेयक लाए। जिसके तहत कोई भी निजी कंपनी एमएसपी से नीचे किसानों की उपज को न खरीद सके। जब तक हमारी ये मांगे पूरी नहीं हो जाती विपक्ष सत्र का बहिष्कार करेगा। कांग्रेस सदन की कार्यवाही में हिस्सा नहीं लेगी।'
 
 

09:44 AM, 22-Sep-2020

सांसदों के हंगामे पर गुलाब नबी आजाद ने दी सफाई

कांग्रेस के नेता प्रतिपक्ष गुलाब नबी आजाद ने कहा कि पिछले दो दिन में जो कुछ भी हुआ, मुझे नहीं लगता कि उससे कोई भी खुश है। ये हमारा परिवार है और सभापति जी आप इस परिवार के मुखिया है। घर में भी झगड़े होते रहते हैं। समय की कमी के कारण ये घटना हुई। इतने बड़े विषय होते हैं लेकिन उनपर बोलने का समय कम होता है। सांसद कम समय के कारण अपनी बात नहीं रख पाने के कारण नाराज रहते हैं। कोई माइक तोड़े, मेज पर चढ़े, ऐसी घटना नहीं होनी चाहिए। हम सरकार की मजबूरी समझ सकते हैं। परसों 18 पार्टियां एक तरफ और एक पार्टी एक तरफ थी। इसे लेकर सारा झगड़ा हुआ। उन्होंने वोटिंग न कराए जाने पर भी अपनी बात रखी।

09:22 AM, 22-Sep-2020

विनम्र और बड़े दिल वाले हैं हरिवंश जी: प्रधानमंत्री मोदी

प्रधानमंत्री ने निलंबित सांसदों के लिए उपसभापति द्वारा चाय और नाश्ता लेकर जाने को उनकी महानता बताया और उन्हें बड़े दिल वाला करार दिया। प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट कर कहा, 'व्यक्तिगत रूप से उन लोगों को चाय परोसना जिन्होंने कुछ दिन पहले उनका अपमान किया था और जो धरने पर बैठे हुए हैं। यह दिखाता है कि हरिवंश जी कितने विनम्र और बड़े दिल वाले हैं। यह उनकी महानता को दर्शाता है। मैं भारत के सभी लोगों के साथ हरिवंश जी को बधाई देता हूं। सदियों से, बिहार की महान भूमि हमें लोकतंत्र के मूल्य सिखा रही है। उस अद्भुत लोकाचार के अनुरूप, बिहार से सांसद और राज्यसभा के उप भापति हरिवंश जी का आज सुबह किया गया प्रेरक और राजनेता जैसा आचरण हर लोकतंत्र प्रेमी को गर्वित करेगा।'
 
 

09:12 AM, 22-Sep-2020

एक दिन का उपवास रखेंगे उपसभापति

राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश 20 सितंबर को कृषि विधेयक पारित होने के दौरान विपक्षी सांसदों द्वारा सदन में उनके साथ किए गए दुर्व्यवहार के खिलाफ एक दिन का उपवास रखेंगे।
 
 

09:08 AM, 22-Sep-2020

राज्यसभा की कार्यवाही शुरू

राज्यसभा की कार्यवाही शुरू हो गई है। विपक्ष निलंबित सांसदों के मुद्दे पर हंगामा कर सकता है।

09:05 AM, 22-Sep-2020

निलंबित राज्यसभा सांसदों के लिए चाय-नाश्ता लेकर पहुंचे उपसभापति

उपसभापति हरिवंश नारायण मंगलवार को संसद परिसर में रातभर धरना दे रहे निलंबित राज्यसभा सांसदों से मिलने के लिए पहुंचे। इस दौरान वे उनके लिए चाय-नाश्ता लेकर गए थे। हालांकि सांसदों ने इसे लेने से मना कर दिया।
 
 

08:56 AM, 22-Sep-2020

लोकसभा बुधवार शाम छह बजे तक के लिए स्थगित, श्रम संहिता से जुड़े तीन विधेयक पारित

सत्ता और विपक्ष के सांसद एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। विपक्ष की मांग है कि सरकार किसान विरोधी विधेयकों को वापस ले। जबकि सरकार इसके फायदे गिना रही है और विपक्ष पर किसानों को भ्रमित करने का आरोप लगा रही है। ऐसे में आज भी राज्यसभा में हंगामे के आसार नजर आ रहे हैं।

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें